फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Dehradun News ›   coronavirus in uttarakhand latest news : corona outbreak updates

Coronavirus in Uttarakhand : प्रदेश में मिले आज 33 नए कोरोना पॉजिटिव, कुल मरीजों की संख्या हुई 749

Sat, 30 May 2020 08:50 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज़ डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
न्यूज़ डेस्क, अमर उजाला, देहरादून Published by: Nirmala Suyal Nirmala Suyal Updated Sat, 30 May 2020 08:50 PM IST
विज्ञापन
coronavirus in uttarakhand latest news : corona outbreak updates
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : Pixabay

उत्तराखंड में आज कोरोना संक्रमण के 33 नए मामले सामने आए। जिसके बाद अब राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 749 हो गई है। वहीं इनमें से 102 मरीज ठीक हो चुके हैं।

विज्ञापन


Lockdown in Uttarakhand : लॉकडाउन बढ़ेगा या नहीं, केंद्र करे तय, आज से 12 घंटे खुलेंगी दुकानें 
विज्ञापन


आज देहरादून में 21 और टिहरी में चार, हरिद्वार में तीन और नैनीताल पांच मरीज मिले हैं। देहरादून में मिले 11 मरीज प्रवासी हैं। जबकि सात मरीज आढ़ती के संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं। जिनमें से छह एक ही परिवार के हैं। वहीं दून अस्पताल में भर्ती दो मरीजों की सैंपल रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। एक संक्रमित ऋषिकेश एम्स में मिला है। हरिद्वार, नैनीताल और टिहरी मे मिले मरीज महाराष्ट्र से आए हैं। अपर सचिव युगल किशोर पंत ने इन मामलों की पुष्टि की है।
विज्ञापन
विज्ञापन


उत्तराखंड में शुक्रवार को एक दिन में कोरोना संक्रमित मरीजों का रिकॉर्ड टूट गया। शुक्रवार को देहरादून समेत 11 जिलों में 208 कोरोना संक्रमित मरीज मिले।

नैनीताल जिले में 85 संक्रमित मरीज मिले। इसमें 80 लोग गुरुग्राम और दिल्ली से ट्रेन से आए थे। अन्य पांच संक्रमित मरीज दिल्ली और उत्तर प्रदेश के रामपुर से आए थे। देहरादून जिले में 64 संक्रमित मरीज मिले। इनमें क्वारंटीन किए गए 48 लोगों में संक्रमण मिला। जबकि दो मरीज एम्स ऋषिकेश में भर्ती हैं।

जिला अस्पताल और सीएचसी के स्टाफ की रिपोर्ट नेगेटिव

शनिवार को स्वास्थ्य विभाग के लिए राहत वाली खबर आई। जिला अस्पताल की स्टाफ नर्स और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादराबाद के लैब तकनीशियन के संपर्क में आने वाले सारे स्टाफ की कोेरोना रिपोर्ट नेगेटिव आई है। स्टाफ की रिपोर्ट नेगेटिव आने पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली। अब सोमवार से जिला अस्पताल और सीएचसी बहादराबाद में ओपीडी शुरू हो जाएगा।

26 मई को जिला अस्पताल की नर्स और बहादराबाद सीएचसी के लैब तकनीशियन में कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। ये दोनों सैंपल देने के बाद भी अस्पतालों में काम करते रहे थे।

टिहरी में मिले चार और कोरोना पॉजिटिव

टिहरी जिले में कोरोना संक्रमण ने पैर पसार लिए हैं। शनिवार को भी यहां चार कोरोना पॉजिटिव केस मिल। इस तरह अब टिहरी में कोरोना संक्रमितों की संख्या 74 जा पहुंची हैं। सभी संक्रमितों को कोविड केयर सेंटर, सुरसिंगधार में आइसोलेट किया गया है।

सीएमओ डॉ. मीनू रावत ने बताया कि यह चारों मुंबई (महाराष्ट्र) से बीती 19 मई को जिले में लौटे थे। संक्रमितों में एक युवक थौलधार ब्लॉक का रहने वाला है। वह गांव में ही होम क्वारंटीन में था। बाकी तीनों संक्रमित युवक भिलंगना ब्लॉक क्षेत्र के निवासी है। तीनों घनसाली के एक स्कूल में क्वारंटीन में थे। उनके यात्रा इतिहास का भी पता लगा लिया गया है। इनके संपर्क में आए अन्य लोगों के भी सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं।

सीएमओ डॉ. मीनू रावत के अनुसार शनिवार को जिले में जिले के अलग-अलग ब्लॉक से कुल 299 लोगों के सैंपल लेकर जांच को भेजे गए है। जिले में अब तक 1395 सैंपल लिए जा चुके है। इनमें से 929 सैंपल की जांच रिपोर्ट आनी अभी बाकी है।

टिहरी जिले में तीन हो गए हैं कंटेनमेंट जोन

कोरोना संक्रमण के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए टिहरी जिला प्रशासन ने थौलधार ब्लॉक के क्यूलागी गांव को कंटेनमेंट जोन घोषित किया है। गांव को सीलबंद कर दिया गया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा गांव में अन्य बाहरी व्यक्तियों का आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित किया गया है। जिले में कंटेनमेंट जोन की संख्या बढ़कर अब तीन हो गई है।

क्यूलागी गांव के एक युवक में शनिवार को कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। 38 वर्षीय युवक महाराष्ट्र मुंबई से 19 मई को जिले की सीमा मुनिकीरेती में पहुंचा था, जहां से वह अगले दिन अपने क्यूलागी गांव पहुंचा था। उसे गांव में होम क्वारंटीन किया गया था। 24 मई को संक्रमण की जांच के लिए उसका सैंपल लिया गया था। जांच रिपोर्ट में युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया।

डीएम मंगेश घिल्डियाल ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव युवक को सुरसिंगधार नर्सिंग कॉलेज में आइसोलेट कर दिया गया है। उसके संपर्क में आए परिजनों के सैंपल भी जांच के लिए लिए गए हैं। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए क्यूलागी गांव को कंटेनमेंट जोन घोषित कर गांव में कोई भी आवागमन न कर सके इसके लिए गांव की सीमा में बैरिकेटिंग कर दी गई है। जिला प्रशासन ने 28 मई को भिलंगना ब्लॉक के भेटी गांव और जाखणीधार ब्लॉक के चैंड-जसपुर गांव को कंटेनमेंट जोन घोषित किया था।
 

क्वारंटीन में जांच के लिए पहुंची टीम को धमकाया

सतपुली में जयहरीखाल ब्लॉक के चिनवाड़ गांव में एक युवक की ओर से होम क्वारंटीन हुई एक महिला की जांच करने पहुंची स्वास्थ्य कर्मियों की टीम को धमकाने और कोरोना की अफवाह फैलाकर क्षेत्र में दहशत पैदा करने का मामला संज्ञान में आया है। इस मामले में पीएचसी जयहरीखाल के प्रभारी चिकित्साधिकारी ने सतपुली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थानाध्यक्ष सतपुली त्रिभुवन रौतेला ने बताया कि पीएचसी जयहरीखाल के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पुंकेश पांडे की ओर से दी गई तहरीर में उन्होंने बताया कि जयहरीखाल ब्लॉक के दुधारखाल क्षेत्र के ग्राम टसीला मल्ला के हरीश जदली ने 25 मई को चिनवाड़ गांव की प्रीति को खांसी और जुकाम होने की शिकायत की थी।

इस पर स्वास्थ्य कर्मियों की टीम को मौके के लिए रवाना कर दिया गया, लेकिन इससे पूर्व उसने अधिकारियों और क्षेत्रवासियों में अफवाह फैलाकर दहशत का माहौल बना दिया। यही नहीं, हरीश ने मौके पर पहुंचे स्वास्थ्य कर्मियों को भी धमकाया।

थानाध्यक्ष त्रिभुवन रौतेला ने बताया कि ग्राम पंचायत चौड़ के गांव चिनवाड़ी में 13 मई को 35 वर्षीय महिला प्रीति अपने परिजनों के साथ दिल्ली से गांव पहुंची थी। तब से वह होम क्वारंटीन है। डॉक्टर की तहरीर के आधार पर हरीश जदली निवासी ग्राम टसीला मल्ला के विरुद्ध सतपुली थाने में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।


इंतजार करते रहे मजदूर, बस नहीं आई

टिहरी में भिलंगना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में काम करने वाले 150 नेपाली मूल के मजदूर शनिवार को ऋषिकेश जाने के लिए घनसाली पहुंचे थे। लेकिन घंटों बाद भी बस न आई तो उन्हें प्रशासन ने तहसील परिसर में रुकवा दिया। यहां प्रशासन ने उनके लिए भोजन आदि की व्यवस्था की।

बताया गया कि दिन में 10 बसें ऋषिकेश गई थीं, जिनमें मजदूरों को भेजा गया था। यह मजदूर बाद में पहुंचे। अब रविवार सुबह बसें जाएंगी। मजदूर लाल बहादुर, वीर बहादुर, इंद्र बहादुर का कहना है कि उनको अब यहां गांवों में काम नहीं मिल रहा है। प्रभारी तहसीलदार रेनू सैनी ने बताया कि सभी नेपाली मजदूरों का पंजीकरण कर उन्हें ऋषिकेश तक भेजा जा रहा है। अभी तक छह सौ मजदूरों को ऋषिकेश भेजा चुका है।

 

दो बजे तक ही खुलेगा उत्तरकाशी बाजार

प्रदेश सरकार की ओर से सुबह 7 से शाम 7 बजे तक बाजार खोलने की अनुमति के बावजूद जिले के व्यापार मंडल प्रतिनिधियों ने 7 से 2 बजे तक ही बाजार खोलने का निर्णय लिया है।

यमुना घाटी व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिलाध्यक्ष कबूल पंवार ने कहा कि बाजार के समय को लेकर संगठन ने नौगांव, बड़कोट, पुरोला, मोरी, आराकोट आदि क्षेत्रों के व्यापारियों से सुझाव लिए थे, जिस पर सभी ने कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए बाजार को सुबह 7 से दोपहर 2 बजे तक ही खोलने पर सहमति जताई है।

वहीं चिन्यालीसौड़ के व्यापार मंडल अध्यक्ष कृष्णा नौटियाल ने कहा कि उत्तरकाशी समेत तमाम पर्वतीय जिलों में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में मुख्य बाजार, बड़ेथी, पीपलमंडी आदि क्षेत्रों के व्यापारियों ने हालात सामान्य होने तक सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक ही बाजार खोलने का निर्णय लिया है।

सुबह सात बजे शाम सात बजे तक खुलेंगे दुकानें

कोटद्वार में भी अब दुकानें सुबह सात बजे से लेकर शाम सात बजे तक खुलेंगी। शासनादेश जारी होने के बाद अब डीएम ने इस संबंध में निर्देश कर दिए हैं। 

हंगामा करने पर कोरोना पॉजिटिव युवक सहित कुल तीन प्रवासियों के खिलाफ मुकदमा

उत्तरकाशी में बीती देर रात को जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में हंगामा करने पर पुलिस ने एक कोरोना पॉजिटिव युवक सहित कुल तीन प्रवासियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार बीती शुक्रवार रात करीब 12 बजे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कुछ प्रवासियों ने अव्यवस्थाओं को लेकर हंगामा किया।

प्रवासियों ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रशासन द्वारा कोरोना संक्रमितों को स्वस्थ लोगों के साथ रखा जा रहा है। साथ ही नियमित रूप से बेड का सेनिटाइजेशन करने, रिपोर्ट जारी करने आदि कार्यों में भी लापरवाही बरती जा रही है। इन सभी शिकायतों को लेकर उन्होंने मोबाइल से वीडिया बनाकर सोशल मीडिया में भी वायरल की।

इस बीच हंगामे के कारण मची अफरा तफरी को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने पुलिस में शिकायत दर्ज की। जिसके आधार पर पुलिस ने एक कोरोना पॉजिटिव युवक समेत कुल तीन प्रवासियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

जिलाधिकारी ने दिए क्वांरटीन सेंटर का निरीक्षण करने के निर्देश

वहीं देहरादून जिलाधिकारी डॉ.आशीष कुमार श्रीवास्तव ने अधिकारियों को क्वांरटीन सेंटर का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि अधिकारी ठहरे लोगों से फीड बैक लें। अगर कहीं कोई समस्या या कमी हो तो तत्काल उसका निस्तारण करें।

क्वारंटीन सेंटर में पत्नी के साथ मारपीट

देवप्रयाग में शुक्रवार को क्वारंटीन सेंटर में रह रहे एक व्यक्ति ने भोजन देने आई पत्नी के साथ मारपीट की तो वहीं दुबई से पहुंचे एक व्यक्ति ने क्वारंटीन होने के बजाय अपने गांव पहुंच कर शराब पीकर हुड़दंग किया। इस पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ लॉकडाउन, क्वारंटीन और सामाजिक दूरी के नियमों के उल्लंघन के आरोप में मुकदम दर्ज किया है।

श्रमिकों ने मानदेय न मिलने पर काटा हंगामा, पुलिस की बाइक में कर दी तोड़फोड़

देहरादून के औद्योगिक क्षेत्र सेलाकुई स्थित डिक्शन कंपनी में तैनात श्रमिकों ने बीते माह का मानदेय न मिलने पर कंपनी गेट पर जमकर हंगामा काटा। हंगामा बढ़ता देख मौके पर भारी पुलिस बल बुलाना पड़ा।

इस दौरान श्रमिकों की पुलिस के साथ झड़प भी हुई। जिसके बाद श्रमिकों ने पुलिस की बाइक में तोड़फोड़ कर दी। हंगामा बढ़ता देख अन्य चौकी और थाना क्षेत्रों से भी पुलिस बल मौके पर बुला लिया गया। पुलिस प्रबंधन और श्रमिकों के बीच बातचीत जारी है।

80 प्रतिशत मरीज एक सप्ताह में मिले

वहीं प्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों का ग्राफ बढ़ा है। राज्य में कुल संक्रमित मामलों के 80 प्रतिशत मरीज एक सप्ताह में मिले हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 24 घंटे के अंदर प्रदेश में 13 हजारा से ज्यादा लोगों को संस्थागत क्वांरटीन किया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed