Coronavirus: उत्तराखंड में संक्रमण की दर में आई कमी, एक महीने में 32 फीसदी बढ़ी रिकवरी दर
- उत्तराखंड में संक्रमण की दर में आई कमी, रिकवरी में पहले स्थान पर रुद्रप्रयाग जिला
- कोरोना नमूनों की जांच के आधार संक्रमण दर में आई कमी
- रिकवरी में सबसे आगे रुद्रप्रयाग, टिहरी और चमोली जिले
विस्तार
उत्तराखंड में एक माह के भीतर कोरोना संक्रमण की रोकथाम में काफी सुधार हुआ है। 9 जून से 9 जुलाई तक प्रदेश में रिकवरी दर में 32 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, कोरोना नमूनों की जांच के आधार पर संक्रमण दर में कमी आई है। रिकवरी दर में रुद्रप्रयाग, टिहरी और चमोली जिला सबसे आगे हैं।
प्रदेश में कोरोना संक्रमण नियंत्रण में होने से संक्रमित मामलों में कमी आई है। एक माह के भीतर राज्य ने रिकवरी, संक्रमण और डबलिंग दर में सुधार किया है। 9 जून को प्रदेश की रिकवरी दर 49 प्रतिशत थी। जो 9 जुलाई को 46 प्रतिशत बढ़ कर 81 प्रतिशत अधिक हो गई है।
इसी तरह संक्रमण दर भी 4.85 प्रतिशत से घट कर 4.22 प्रतिशत पर आ गया है। प्रदेश में सबसे अधिक संक्रमण की दर टिहरी जिले में है। कोरोना सैंपल की जांच के आधार पर टिहरी में संक्रमण दर 10.85 प्रतिशत है। वहीं, रिकवरी दर में रुद्रप्रयाग, टिहरी और पौड़ी जिला टॉप थ्री में है जबकि रिकवरी दर में ऊधमसिंह नगर जिला सबसे पीछे हैं।
कोरोना के आंकड़ों का अध्ययन कर रहे सोशल डेवलपमेंट फॉर कम्यूनिटी फाउंडेशन के संस्थापक अनूप नौटियाल ने कहा कि पर्वतीय जिलों में रिकवरी दर में तेजी से बढ़ी है। पिछले 30 दिन में प्रदेश की रिकवरी और संक्रमण दर में सुधार हुआ है।
जिलावार रिकवरी और संक्रमण की स्थिति
जनपद रिकवरी दर संक्रमण दर (दर प्रतिशत में)
रुद्रप्रयाग 98 3.24
टिहरी 98 10.85
चमोली 96 2.74
पिथौरागढ़ 93 2.73
बागेश्वर 91 5.17
अल्मोड़ा 90 6.01
पौड़ी 89 2.73
हरिद्वार 89 3.29
चंपावत 84 2.54
देहरादून 78 3.64
उत्तरकाशी 70 3.79
नैनीताल 67 6.27
यूएस नगर 63 3.66