Coronavirus in Uttarakhand: विधायक और 33 जवानों समेत 246 नए संक्रमित मिले, मरीजों की संख्या हुई 8254
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। बुधवार को सितारगंज विधायक, 33 जवानों समेत 246 लोग संक्रमित मिले हैं। वहीं, बुधवार को तीन संक्रमितों मौत हुई है। वहीं, अब संक्रमित मरीजों की संख्या 8254 पहुंच गई है। बता दें कि अब तक 5233 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं। जबकि अभी भी 2845 एक्टिव केस हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से आज आई रिपोर्ट के अनुसार, अल्मोड़ा में दो, बागेश्वर में एक , चमोली में तीन, 47, हरिद्वार में 20, नैनीताल में 50, पौड़ी में नौ, रुद्रप्रयाग में छह, टिहरी में पांच, ऊधमसिंह नगर मे 36 और उत्तरकाशी में 66 केस सामने आए हैं।
हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, बुधवार को 2975 सैंपल निगेटिव पाए गए हैं। उत्तरकाशी जिले में 66 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें आईटीबीपी के 30 जवान भी शामिल हैं। इनके अलावा 11 संक्रमित संपर्क में आए हुए और 25 की ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। नैनीताल जिले में 50 संक्रमित मिले हैं। इनमें 40 संपर्क में आए हुए और पांच फ्लू क्लीनिक वाले हैं, जबकि पांच की ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है।
देहरादून जिले में मिले 47 संक्रमितों में 17 संपर्क में आए हुए और 30 की ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। ऊधमसिंह नगर जिले में सितारगंज के विधायक सौरभ बहुगुणा समेत 36 संक्रमित मिले हैं। इनमें 3 स्वास्थ्य कर्मी और प्रसव पूर्व जांच के लिए आई पांच महिलाएं शामिल हैं, जबकि 10 संक्रमित संपर्क में आए हुए और पांच की ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। 11 बाहर से लौटे और दो फ्लू क्लीनिक वाले हैं।
हरिद्वार जिले में मिले 20 संक्रमितों में 15 संपर्क में आए हुए और 5 की ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। पौड़ी जिले में मिले 9 संक्रमितों की ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। रुद्रप्रयाग जिले में मिले छह संक्रमितों में पांच बाहर से लौटे और एक की ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। टिहरी जिले में मिले पांच संक्रमितों में चार बाहर से लौटे और एक की ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। चमोली जिले में तीन सेना के जवान संक्रमित मिले हैं। अल्मोड़ा जिले में दो, बागेश्वर व चंपावत में एक-एक संक्रमित मिला है। वहीं, दून मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी मेडिकल और एम्स ऋषिकेश में तीन कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हुई है। प्रदेश में अब तक 98 संक्रमितों की मौत हो चुकी है।
संक्रमित मामलों से ज्यादा ठीक हुए मरीज
बुधवार को प्रदेश में मिले संक्रमितों से ज्यादा मरीज ठीक हुए हैं। प्रदेश में 246 नए संक्रमित मामले मिले हैं, जबकि 386 संक्रमित ठीक होकर घर लौटे हैं। प्रदेश में अब तक 5233 मरीज ठीक हो चुके हैं। वहीं, सक्रिय मामलों की संख्या 2885 हो गई है।
सितारगंज में विधायक बहुगुणा और मंडी चेयरमैन कोरोना पॉजिटिव
सितारगंज के क्षेत्रीय विधायक सौरभ बहुगुणा और मंडी चेयरमैन अमरजीत सिंह कटवाल भी कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। दोनों ने खुद के कोरोना पॉजिटिव आने की पुष्टि करते हुए अपने संपर्क में आए लोगों से खुद को आइसोलेट करने और कोरोना की जांच कराने की अपील की है। विधायक बहुगुणा दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती हैं।
विधायक सौरभ बहुगुणा ने फेसबुक पर पोस्ट कर बताया कि एक अगस्त को सितारगंज से दिल्ली पहुंचने पर उन्हें बुखार हुआ। इसके बाद टेस्ट कराया तो रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। उन्होंने अनुरोध किया है कि सितारगंज क्षेत्र के जो भी लोग पिछले कुछ दिनों में उनके संपर्क में आए हैं, वह खुद को आइसोलेट कर अपनी कोरोना जांच करवाएं।
इधर, मंडी चेयरमैन अमरजीत सिंह कटवाल ने फोन पर बताया कि मंगलवार की रात उन्होंने जिला अस्पताल रुद्रपुर में टेस्ट कराया तो उनकी रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई। इस पर उन्हें रुद्रपुर के कोविड केयर सेंटर में आइसोलेट किया गया है। मंडी चेयरमैन कटवाल ने भी संपर्क में आए लोगों से अपनी कोरोना जांच कराने की अपील की है।
रुड़की में चार पुलिसकर्मी और अग्निशमन कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव
रुड़की में मित्र पुलिस पर कोरोना का कहर बढ़ता ही जा रहा है। काली नदी चौकी में तैनात एक दरोगा और तीन पुलिसकर्मियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। जबकि भगवानपुर फायर ब्रिगेड स्टेशन पर तैनात एक कर्मचारी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी को कोविड सेंटर में भर्ती कराया है। साथ ही इनके संपर्क में आने वालों को चिह्नित किया जा रहा है।
हरिद्वार जिले में पुलिस को कोरोना लगातार चपेट में ले रहा है। पहले गंगनहर कोतवाली में तैनात महिला दरोगा और बाद में भगवानपुर थाने के सात पुलिसकर्मियों में कोरोना की पुष्टि हुई थी। इसके बाद भगवानपुर थाना और मंडावर पुलिस चौकी को पाबंद कर दिया था। दोनों जगह का काम काली नदी पुलिस चौकी में हो रहा था। अब काली नदी पुलिस चौकी पर तैनात एक दरोगा और तीन पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है।
स्वास्थ्य विभाग ने पुलिस चौकी को पाबंद कर सैनिटाइज किया। वहीं, भगवानपुर थाना, काली नदी और मंडावर पुलिस चौकी को तेज्जपुर पुलिस चौकी में शिफ्ट कर दिया है। अब सभी कार्य यहीं से किए जाएंगे। काली नदी पुलिस चौकी इंचार्ज समेत सभी पुलिसकर्मियों को क्वारंटीन कर सैंपल लेने की तैयारी की जा रही है।
वहीं, भगवानपुर स्थित अग्निशमन कार्यालय में तैनात एक कर्मचारी की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है। कार्यालय को पाबंद कर पूरे परिसर को सैनिटाइज किया गया। एसपी देहात एसके सिंह ने बताया कि सभी कार्य तेज्जूपुर पुलिस चौकी पर होंगे। संक्रमितों के संपर्क में आने वाले स्टाफ के सभी लोगों को क्वारंटीन कर जांच की तैयारी की जा रही है।