उत्तराखंड में कोरोना: 24 घंटे में 589 नए संक्रमित मिले, 31 की मौत, 3354 मरीज हुए स्वस्थ
उत्तराखंड में कोरोना संक्रमित मामले तो कम हो रहे हैं, लेकिन मौत के मामले कम नहीं हो रहे है। प्रदेश की रिकवरी दर 90.44 प्रतिशत और संक्रमण दर 6.78 प्रतिशत दर्ज की गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड में बीते 24 घंटे के भीतर 589 नए संक्रमित मिले और 31 मरीजों की मौत हुई है। जबकि 3354 मरीज स्वस्थ हुए हैं। कुल संक्रमितों की संख्या 332067 हो गई है। वहीं, सक्रिय मामले घटकर 22530 पहुंच गए हैं।
हरिद्वार में कोविड कर्फ्यू: बाजार खोलने की मांग पर अड़े व्यापारी, डमरू, शंख और घंटे बजाकर किया प्रदर्शन, तस्वीरें...
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक बुधवार को 27548 सैंपलों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं, देहरादून जिले में 136, हरिद्वार में 104, नैनीताल में 75, पिथौरागढ़ में 22, टिहरी में 21, चमोली में 50, अल्मोड़ा में 46, पौड़ी में 12, रुद्रप्रयाग में 13, ऊधमसिंह नगर में 70, उत्तरकाशी में 21, बागेश्वर में 17, चंपावत जिले में 2 संक्रमित मिले हैं।
वहीं, गुरुवार को देहरादून, हरिद्वार और टिहरी में सात कोरोना मरीजों की मौत बैकलॉग की है। प्रदेश में अब तक 6573 मरीजों की मौत हो चुकी है। जबकि 297122 मरीज संक्रमण को मात दे चुके हैं। संक्रमितों की तुलना में ठीक होने वाले मरीज ज्यादा होने से सक्रिय मामले घट रहे हैं।
कोरोना से युद्ध में महारथी साबित हुए मेडिसिन मैन मनीष
कोरोना से जारी लड़ाई में फायरमैन मनीष पंत पुलिस के महारथी के तौर पर सामने आए हैं। पूरे प्रदेश में लोगों की सेवा में लगी पुलिस के साथ मनीष ने अपनी अलग छाप पहाड़ों और सुदूर क्षेत्रों में छोड़ी है। उन्होंने 74 से अधिक लोगों को दवाएं पहुंचाई हैं। इसके साथ ही कई लोगों को टेलीमेडिसिन के माध्यम से डॉक्टरों से संपर्क कराया है।
मनीष पंत ने पिछले साल भी कोरोना काल में इसी तरह लोगों को दवाएं पहुंचाई थी। उस वक्त पुलिस ने उन्हें अपना मेडिसिन मैन बताया था। अकेले फायरमैन मनीष पंत ने सैकड़ों लोगों की जरूरत के समय मदद की थी।
इस साल भी उनहोंने उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी, चमोली, देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ तक दवाएं पहुंचाई हैं। मनीष वर्तमान में पुलिस मुख्यालय के मीडिया सेल में तैनात हैं। जो लोग दवाईयों का खर्च नहीं उठा सकते।
ऐसे जरूरतमंदों को मनीष स्वयं के खर्चे पर दवाएं उपलब्ध कराते हैं। मनीष ने यह कार्य पुलिस महानिदेशक की मुहिम मिशन हौसला के तहत किया है। उन्होंने आर्थिक तंगी वाले लोगों को अपनी तन्ख्वाह से भी मदद की है।
आप के हर गांव कोरोना मुक्त अभियान का आगाज
आम आदमी पार्टी ने पहाड़ों में कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए हर गांव कोरोना मुक्त अभियान का आगाज किया। बृहस्पतिवार को प्रदेेश प्रभारी दिनेश मोहनिया और कर्नल (रिटायर्ड) अजय कोठियाल ने पहाड़ों के लिए चिकित्सा सामग्री से लदे वाहनों को रवाना किया। इन किट को आप कार्यकर्ता गांव-गांव के पहुंचाएंगे। इस किट में ऑक्सीमीटर, आईआर थर्मामीटर, सैनिटाइजर, दवाइयां, मास्क समेत कई अन्य उपकरण मौजूद हैं।
प्रदेश कार्यालय से वाहनों को रवाना करने के बाद प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया ने कहा कि कोरोना महामारी से निपटने के लिए आप ने संकल्प लेकर हर गांव कोरोना मुक्त अभियान शुरू किया है। इस अभियान के माध्यम से पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता गांव-गांव तक पहुंचेंगे। 10 हजार कार्यकर्ता इस मिशन में लगेंगे।
एनएचएम कर्मचारियों को एक्सपीरियंस बोनस, आदेश जारी
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारियों को एक्सपीरियंस बोनस का लाभ देने के सरकार ने आदेश जारी कर दिए हैं। इस संबंध में एनएचएम मिशन निदेशक ने सभी जिलों को आदेश दिए हैं। एक अप्रैल 2020 से कर्मचारियों को बोनस का लाभ दिया जाएगा।
परिवहन निगम तैयार, यूपी से अनुमति का इंतजार
कोरोना की दूसरी लहर का असर कम होने के साथ ही परिवहन निगम भी बस संचालन के लिए तैयार हो गया है। निगम को अब यूपी व अन्य राज्यों से अनुमति मिलने का इंतजार है। दरअसल, कोविड कर्फ्यू के दौरान दिल्ली, यूपी सहित तमाम राज्यों ने उत्तराखंड सहित बाहरी राज्यों की रोडवेज बसों का संचालन बंद कर दिया था। फिलहाल उत्तराखंड परिवहन निगम की बसें केवल राज्य के भीतर ही संचालित हो रही हैं।
निगम के महाप्रबंधक संचालन एवं तकनीकी दीपक जैन ने बताया कि अभी यूपी से बसों के संचालन को लेकर कोई सूचना नहीं आई है। उम्मीद जताई जा रही है कि सप्ताहभर के भीतर अनुमति आ जाएगी। उन्होंने बताया कि निगम तैयार है। जैसे ही यूपी से सूचना आएगी तो कोविड गाइडलाइंस के तहत नियमित बस संचालन शुरू कर दिया जाएगा।