उत्तराखंड में कोरोना: 24 घंटे में 353 नए संक्रमित मिले, छह की मौत, 398 मरीज हुए ठीक
उत्तराखंड में कोरोना की दूसरी लहर थमने लगी है। प्रदेश में अब संक्रमित मरीजों का रिकवरी रेट 95.16 फीसदी तक पहुंच गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 353 नए मामले दर्ज किए गए। वहीं छह मरीजों की मौत हुई है। इसके अलावा 398 मरीजों को आज ठीक होने के बाद घर भेजा गया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, बुधवार को 24165 सैंपलों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं, अल्मोड़ा में 20, बागेश्वर में दो, चमोली में नौ, चंपावत में सात, देहरादून में 75, हरिद्वार में 94, नैनीताल में 30, पौड़ी में 27, पिथौरागढ़ में 24, रुद्रप्रयाग में 15, टिहरी में 20, ऊधमसिंह नगर में 10 और उत्तरकाशी में 20 मामले सामने आए हैं।
हरिद्वार : कुंभ के दौरान कोविड दवा किट में भी घोटाले की बू, साधुओं की जांच में इस तरह किया गया घालमेल
प्रदेश में अब तक कोरोना के कुल मामलों की संख्या तीन लाख 37 हजार 802 हो गई है। इनमें से तीन लाख 21 हजार 462 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं, सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 3572 पहुंच गई है। राज्य में कोरोना के चलते अब तक चुल 6997 लोगों की जान जा चुकी है।
ब्लैक फंगस के छह नए मामले, दो की मौत
प्रदेश में ब्लैक फंगस के मामले और मौतें थम नहीं रही है। बुधवार को देहरादून जिले में छह नए मरीजों में ब्लैक फंगस की पुष्टि हुई है। जबकि एम्स ऋषिकेश में दो मरीजों ने इलाज के दौरान दमतोड़ा है। प्रदेश में ब्लैक फंगस मरीजों की संख्या 413 हो गई है। जबकि 71 मौतें हुई है।
स्वास्थ्य विभाग के हेल्थ बुलेटिन के अनुसार देहरादून जिले में एम्स ऋषिकेश में पांच और श्री महंत इंदिरेश हास्पिटल में ब्लैक फंगस का एक मरीज मिला है। एम्स ऋषिकेश में दो मरीजों की मौत हुई है। अब तक 47 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
मैदानी से ज्यादा पर्वतीय जिलों में हैं कोरोना के सक्रिय मरीज
प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर में संक्रमित मामले लगातार कम होने से सक्रिय मामलों में कमी आई है। लेकिन मैदानी जिलों की तुलना में पर्वतीय जिलों में सक्रिय मामले अधिक हैं। पिथौरागढ़, पौड़ी, अल्मोड़ा और चंपावत जिले में देहरादून, नैनीताल व ऊधमसिंह नगर जिले से ज्यादा सक्रिय मामले हैं।
कोरोना संक्रमण की पहली और दूसरी लहर में मैदानी जिलों में संक्रमित मामले तेजी से बढ़ने से सक्रिय मामलों का ग्राफ बढ़ा था। संक्रमण काबू में आने के बाद मैदानों में सक्रिय मामले कम हो गए हैं। जबकि पर्वतीय जिलों में अधिक सक्रिय मामले हैं। जिनका उपचार चल रहा है। सक्रिय मामलों में पिथौरागढ़ जिला पहले स्थान पर है, यहां 572 सक्रिय मरीजों का इलाज चल रहा है।
जिलावार कोरोना संक्रमण की स्थिति
जिला सक्रिय मरीज
अल्मोड़ा 300
बागेश्वर 273
चमोली 201
चंपावत 279
देहरादून 223
हरिद्वार 487
नैनीताल 226
पौड़ी 394
पिथौरागढ़ 572
रुद्रप्रयाग 161
टिहरी 254
यूएसनगर 119
उत्तरकाशी 153
हाईकोर्ट के सिटिंग जज से कराएं कोरोना टेस्ट में गड़बड़ी की जांच
हरिद्वार कुंभ के दौरान कोरोना जांचों में हुई गड़बड़ी को बड़ा घोटाला बताते हुए मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने तीरथ सरकार पर जोरदार हमला बोला है। कांग्रेस ने इसे शर्मनाक व सनातनी हिन्दू धर्म के लोगों के साथ विश्वासघात बताते हुए घोटाले की उच्च न्यायालय के सिटिंग न्यायाधीश से न्यायिक जांच कराने की मांग की है।
बुधवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि अगर सरकार वास्तव में निष्पक्ष जांच कराना चाहती है तो बिना देरी किए इस मामले की न्यायिक जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज की देखरेख में करवाए। आरटीपीसीआर जांच के मामले में उच्च न्यायालय नैनीताल ने राज्य सरकार को स्पष्ट आदेश देकर कुंभ मेले के दौरान 50 हजार आरटीपीसीआर टेस्ट प्रतिदिन कराने के आदेश दिए थे। अत: इस मामले की जांच व समीक्षा उच्च न्यायालय की देखरेख में ही होनी चाहिए।
धस्माना ने कहा कि प्रथम दृष्टया ये एक बड़ा घोटाला प्रतीत हो रहा है, जिसमें बड़े लोगों के लिप्त होने की पूरी आशंका है। ऐसे में कोई सीडीओ स्तर का अधिकारी इसकी निष्पक्ष जांच नहीं कर सकता।
धस्माना ने कहा कि मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने स्वयं शपथ लेते ही हरिद्वार जाकर बेरोकटोक दिव्य व भव्य महाकुंभ के आयोजन की न सिर्फ घोषणा की थी, बल्कि श्रद्धालुओं को बेधड़क आने का खुला आमंत्रण भी दिया था। कहा कि राज्य सरकार ने कुंभ मेले की कोई व्यवस्था कोविड प्रोटोकॉल के अनुसार नहीं की, जिसका परिणाम न केवल उत्तराखंड ने, बल्कि पूरे देश ने भुगता है। कांग्रेस इस घोटाले का पर्दाफाश होने तक खामोश नहीं बैठेगी। शीघ्र ही प्रदेश अध्यक्ष इस मुद्दे पर कोई बड़ा एलान करेंगे।
दून में ऑटो-विक्रम चले, सिटी बसें रहेंगी बंद
देहरादून में एसओपी पर असमंजस दूर होने के बाद आखिरकार बुधवार से ऑटो और विक्रमों का संचालन शुरू हो गया। हालांकि सिटी बसें फिलहाल नहीं चलेंगी। उधर, आरटीओ प्रवर्तन संदीप सैनी ने निर्देश दिए हैं कि संचालन में एसओपी के नियमों का पूर्ण पालन किया जाए।
विक्रम-ऑटो चले लेकिन नहीं मिली सवारियां
पहले दिन विक्रम और ऑटो का संचालन तो हुआ लेकिन सवारियां अपेक्षाकृत बेहद कम मिली। यूनियनों के पदाधिकारियों का कहना है कि बाजार में बाहर आने में लोग कतरा रहे हैं। इस वजह से कई ऑटो संचालकों को दिनभर में एक भी सवारी नहीं मिल पाई। विक्रम भी लगभग घाटे में ही चले।
आज से 25 जून तक नहीं चलेगी जनता एक्सप्रेस
लखनऊ-वाराणसी रेल खंड पर रेलवे लाइन के दोहरीकरण के चलते देहरादून-वाराणसी एक्सप्रेस (जनता एक्सप्रेस) का संचालन 17 से लेकर 25 जून तक बंद रहेगा। ट्रेन का संचालन ठप होने से मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, रायबरेली, प्रतापगढ़, वाराणसी जाने वाले यात्रियों को परेशानी होगी।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक लखनऊ-वाराणसी रेल खंड पर जायस और फुरसतगंज रेलवे स्टेशनों के बीच रेलवे लाइन के दोहरीकरण संबंधी कार्यों के चलते ट्रेन के संचालन पर रोक लगाई गई है।
स्टेशन अधीक्षक (परिचालन) सीताराम शंकर ने बताया कि देहरादून-वाराणसी जनता एक्सप्रेस का संचालन फिलहाल एक सप्ताह के लिए बंद किया गया है। जनता एक्सप्रेस का संचालन ठप होने के चलते देहरादून से मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, प्रतापगढ़ और वाराणसी आने जाने वाले यात्रियों को दिक्कतें होंगी।