उत्तराखंड में कोरोना: 51 दिन बाद आए एक हजार से कम संक्रमित, 36 मरीजों की मौत
उत्तराखंड में कोरोना के नए मरीज और मौत के मामले लगातार कम हो रहे हैं। कोरोना की दूसरी लहर में 51 दिन के बाद संक्रमित मामले एक हजार से नीचे आए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड में बीते 24 घंटे में 981 संक्रमित मिले और 36 मरीजों की मौत हुई है। वहीं, 2062 मरीजों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किया गया। कुल संक्रमितों की संख्या 330475 हो गई है।
उत्तराखंड में कोरोना: भागीरथी किनारे अधजले शवों को नोचते नजर आए कुत्ते, वायरल हुआ वीडियो
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक मंगलवार को 29658 सैंपलों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं, देहरादून जिले में 279 कोरोना मरीज मिले हैं। अल्मोड़ा में 137, हरिद्वार में 117, नैनीताल में 113, चमोली में 93, ऊधमसिंह नगर में 58, बागेश्वर में 42, पौड़ी में 32, उत्तरकाशी में 28, टिहरी में 25, पिथौरागढ़ में 26, रुद्रप्रयाग में 18, चंपावत जिले में 13 संक्रमित मिले हैं।
आज देहरादून, पौड़ी, पिथौरागढ़, टिहरी जिले में अलग-अलग अस्पतालों में नौ मरीजों की मौत बैकलॉग की भी बताई गई है। अब तक प्रदेश में 6497 लोगों की मौत हो चुकी है और 290990 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
संक्रमितों से ज्यादा मरीज ठीक होने से सक्रिय मामले कम हो रहे हैं। वर्तमान में 27216 सक्रिय मरीजों का उपचार चल रहा है। प्रदेश की रिकवरी दर 88.05 प्रतिशत तक पहुंच गई है। जबकि संक्रमण दर 6.85 प्रतिशत है।
हिंदुस्तान यूनिलीवर ने हरिद्वार जिला प्रशासन को दिए 50 ऑक्सीजन कंसंस्ट्रेटर
हरिद्वार में सिडकुल स्थित हिंदुस्तान यूनिलीवर ने सीएसआर मद से कोविड मरीजों के इलाज के लिए जिलाधिकारी सी रविशंकर को 50 ऑक्सीजन कंसंस्ट्रेटर दिए हैं। जिलाधिकारी ने कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए सिडकुल की कंपनियां के सहयोग की सराहना की।
सिडकुल इंडस्ट्रियल एसोसिएशन अध्यक्ष अरुण सारस्वत ने कहा कि ऑक्सीजन कंसंस्ट्रेटर कोरोनाकाल में ऑक्सीजन की किल्लत दूर करने में मददगार साबित होंगे। ऑक्सीजन कंसंस्ट्रेटर छोटा और हल्का होने के कारण कहीं भी परिवहन किया जा सकता है। यह हवा से ऑक्सीजन की मात्रा को खुद ऑब्जर्व करता है।
कंपनी के प्लांट हेड संजीव डे ने कहा कि हिंदुस्तान यूनिलीवर महामारी में प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। सिडकुल आरएम गणपति रावत ने कहा कि औद्योगिक संस्थाएं प्रशासन के हरसंभव सहयोग के लिए आगे आ रही हैं। इस दौरान हिंदुस्तान यूनिलीवर कंपनी सीनियर एचआर एग्जीक्यूटिव रमाकान्त सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस ने एक महीने में 31 हजार लोगों की सुनी पुकार
मिशन हौसला तहत पुलिस ने एक माह में 31 हजार से ज्यादा लोगों की पुकार सुनी। इन कॉल पर लगभग एक लाख लोगों तक राशन पहुंचाया गया और ढाई हजार से अधिक लोगों को प्राणवायु (ऑक्सीजन) पहुंचाई गई। एक माह का लेखा जोखा पुलिस प्रवक्ता डीआईजी डॉ. नीलेश आनंद भरणे ने मीडिया के सामने रखा।
डॉ. भरणे ने बताया कि कोविड काल में लोगों की मदद के लिए मिशन हौसला शुरू किया गया था। इस दौरान लोगों को दवाएं पहुंचाने से लेकर उन्हें अस्पताल में बेड तक मुहैया कराए गए। पुलिस के जवानों और अधिकारियों ने दिन-रात ड्यूटी करते हुए लोगों को इस मुसीबत से बाहर निकालने में मदद की। यही कारण है कि पुलिस की चारों ओर प्रशंसा हो रही है।
इसके लिए प्रदेश में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। इन पर वर्तमान में भी कॉल प्राप्त हो रही हैं। इनमें लोगों को जानकारी देने के साथ-साथ मदद भी पहुंचाई जा रही है। वर्तमान में आने वाली कॉल में भी कमी आई है। लिहाजा, पुलिस फोर्स को भी राहत मिली है।
मिशन हौसला की एक माह की रिपोर्ट
कुल कॉल- 31815
ऑक्सीजन पहुंचाई- 2726
बेड दिलवाए- 792
प्लाज्मा डोनेट- 217
दवाएं पहुंचाईं- 17609
एंबुलेंस मुहैया कराई- 600
राशन दिया- 94484
दाह संस्कार कराए- 792
वरिष्ठ जनों की सहायता- 5252
2300 से ज्यादा पुलिसकर्मी भी संक्रमित
लोगों की मदद करते हुए अब तक कुल 2382 पुलिकर्मियों को कोरोना हुआ है। यही नहीं उनके 751 परिजन भी संक्रमित हुए हैं। इनमें पांच जवानों और उनके 64 परिजनों की मृत्यु भी हुई है। बावजूद इसके पुलिस के जवान इन दिनों खाकी में इंसान की भूमिका बखूबी निभा रहे हैं।
शुरूआत से ही हमारा ध्येय रहा है कि पुलिस अपराधियों पर सख्त और जनता के प्रति नरमी से काम करेगी। उत्तराखंड पुलिस की इसी मानवता की मिसाल आज पूरा देश दे रहा है। मिशन हौसला मिशन मोड में समाप्त हो गया है, लेकिन पुलिस की ओर से जरूरतमंदों की मदद आगे भी जारी रहेगी।
- अशोक कुमार, डीजीपी