Coronavirus in Uttarakhand : देहात में दिखी पूर्ण साप्ताहिक बंदी, हरिद्वार शहर में रहा मिला जुला असर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिला प्रशासन के बाजारों में साप्ताहिक बंदी लागू करने के आदेश का देहात क्षेत्र में पूरा असर देखने मिला। बहादराबाद में मुख्य बाजार से लेकर आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बाजार बंद रहे। हालांकि इस दौरान दवा, सब्जी, फल, बेकरी और दूध की दुकानें सामान्य दिनों की तरह खुली रही।
इधर, शहर में साप्ताहिक बंदी को लेकर व्यापारियों में भ्रम की स्थिति बनी रही। देवपुरा तिराहे से लेकर शंकर आश्रम के बीच साप्ताहिक बंदी का मिलाजुला असर देखने को मिला। जहां कुछ व्यापारियों ने दुकानें बंद रखी, वहीं कई दुकानें पूरे दिन खुली रही। बाजारों में साप्ताहिक बंदी के अनुपालन को लेकर पुलिस की सख्ती भी नहीं दिखाई दी।
शापिंग मॉल संचालकों ने दिखाया आदेशों को ठेंगा
देवपुरा से शंकर आश्रम के बीच शनिवार का दिन साप्ताहिक बंदी के लिए निर्धारित किया गया है, लेकिन तय दिन पर देवपुरा से शंकर आश्रम के बीच काफी प्रतिष्ठान खुले रहे। सबसे बड़ी बात यह थी जहां छोटे दुकानदारों ने प्रतिष्ठान बंद कर रखे थे। वहीं बड़े शॉपिंग मार्ट और ब्रांडेड उत्पादों के शोरूम प्रशासन के आदेश को ठेंगा दिखाते हुए खुले रहे। पहले साप्ताहिक बंदी के दिन पुलिस के वाहन बाजारों में गश्त करते नजर आते थे, लेकिन शनिवार को बाजार में कहीं भी पुलिसकर्मी नगर नहीं आए।
शॉपिंग मार्ट के बाहर कई वाहन खड़े
शंकर आश्रम के पास एक बड़ा शॉपिंग मार्ट खुला पाया। शॉपिंग मार्ट के बाहर कई वाहन खड़े थे। शॉपिंग मार्ट में खरीदारी के लिए कई ग्राहक पहुंच रहे थे। वहीं कुछ ग्राहक खरीदारी कर बाहर भी निकल रहे थे। ग्राहकों के बीच शारीरिक दूरी का पालन भी नहीं हो रहा था।
समय दोपहर 12:00 बजे
रानीपुर मोड़ के पास एक ब्रांडेड कंपनी को शोरूम खुला मिला। शोरूम में कुछ ग्राहक खरीदारी कर रहे थे। हालांकि शोरूम के सभी कर्मचारी और ग्राहक मास्क पहने हुए। ग्राहकों के हाथों को शोरूम के एंट्री गेट के पास सैनिटाइज किया जा रहा था। शोरूम संचालक आदेश की जानकारी न होने की बात कही।
समय दोपहर 01:00 बजे
ऋषिकुल के पास ब्रांडेड कंपनी का कपड़ों और जूतों का शोरूम खुला हुआ था। दुकान में कई ग्राहक जुते और कपड़े देख रहे थे। कई ग्राहकों ने शोरूम में घुसने के साथ मास्क नीचे कर दिए। वहीं शोरूम में सैनिटाइजेशन की व्यवस्था भी नहीं थी। शोरूम संचालक भी आदेश से अनभिज्ञ था।
बहादराबाद में रही पूर्ण साप्ताहिक बंदी
बहादराबाद में पूर्ण साप्ताहिक बंदी देखने को मिली। पुराना अड्डा बाजार, काली माता मंदिर बाजार, चौक बाजार, पीठ बाजार, हरिद्वार रोड बाजार में सभी व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। पुलिस भी बाजारों में गश्त कर साप्ताहिक बंदी का जायजा लेती रही।
हाईवे और अंदरूनी बाजारों में केवल दवा, दूध, बेकरी, फल और सब्जी जैसी दुकानें खुली रही। बाजारों में लोगों की आवाजाही कम रहने से सन्नाटा पसरा रहा। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष नीरज चौहान ने बताया साप्ताहिक बंदी को स्वीकार करते हुए व्यापारियों को पहले ही दुकानें बंद रखने के निर्देश दिए गए थे।
समय दोपहर 01:10 बजे
बहादराबाद का चौक बाजार पूरी तरह से बंद था। बाजार में केवल एक चाय की दुकान खुली थी। यहां पर एक दो ग्राहक ही बैठा था। बाजार में इक्का दुक्का आदमी आते जाते दिखाई दिए। उन्होंने भी मास्क पहने हुए थे।
समय दोपहर 01:15 बजे
बहादराबाद के काली मंदिर तिराहे से ब्लॉक कार्यालय तक सबसे अधिक मेडिकल स्टोर है। सभी मेडिकल स्टोर खुले थे। मेडिकल स्टोरों पर ग्राहकों की भीड़ नहीं थी। एक पैथोलॉजी लैब भी खुली थी।
समय दोपहर 01:40 बजे
बहादराबाद के सबसे व्यस्त रहने वाले धनौरी रोड बाजार में सन्नाटा पसरा था। केवल परचून, सब्जी, फल की दुकानें और डेयरी खुली थी। हालांकि इन दुकानों पर भी लोगों की खास भीड़ नहीं थी। खरीदारी करने वाले सभी ग्राहकों ने मास्क पहना हुआ था।