कूच बिहार ट्रॉफी 2019: अरुणाचल प्रदेश को शिकस्त देकर क्वार्टर फाइनल में पहुंची टीम उत्तराखंड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कूच बिहार ट्रॉफी के अपने अंतिम लीग मुकाबले में उत्तराखंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अरुणाचल प्रदेश को पारी और 29 रनों से करारी शिकस्त दी। प्रतियोगिता में अपने सभी मुकाबले जीतकर उत्तराखंड ने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल करते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।
राजधानी के अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी में मंगलवार को उत्तराखंड ने पांच विकेट पर 156 रनों से आगे खेलना शुरू किया। सोमवार के अविजित बल्लेबाज तनुष गुसांई और समर्थ ने सावधानी से बल्लेबाजी की और पहले सत्र में कोई विकेट नहीं गिरने दिया। तनुष ने 97 और समर्थ ने 20 रनों की पारी खेली।
दोनों के आउट होते ही शेष बल्लेबाज जल्दी-जल्दी आउट हुए और पूरी टीम 284 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। पहली पारी के आधार पर उत्तराखंड ने 154 रनों की बढ़त बनाई। उत्तराखंड के तेज गेंदबाज जगमोहन नगरकोटी और सुमित ने अरुणाचल के टॉप ऑर्डर को बिखेर दिया।
एस. जुयाल ने भी उनका पूरा साथ दिया और अरुणाचल की पूरी पारी 125 रनों पर ढेर हो गई। एस. जुयाल, जगमोहन नगरकोटी और सुमित में तीन-तीन विकेट चटकाए। केवल शिवेंद्र शर्मा नाबाद 42, गोविंद मित्तल 40 और विशेक 10 ही कुछ देर विकेट पर टिककर संघर्ष कर सके। अन्य कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सका।
टॉप पर रहा उत्तराखंड
पहली बार बीसीसीआई की किसी प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही उत्तराखंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने सभी मुकाबले जीते। यही नहीं टीम ने अपने सभी मुकाबले बोनस अंक के साथ जीते। टीम को आठ मुकाबलों में 56 अंक मिले।
संयम और अवनीश टॉप बल्लेबाज
प्रतियोगिता में उत्तराखंड के सलामी बल्लेबाज संयम ने आठ मैचों में 1059 रन बनाए हैं। संयम ने अब तक सबसे अधिक रन बनाए हैं। वहीं, अवनीश सुधार ने 883 रन बनाए हैं। उन्हें इस प्रदर्शन का इनाम रणजी ट्रॉफी में शामिल कर दिया गया है।
प्रतियोगिता में उत्तराखंड का सफर
पहला मैच- मणिपुर को पारी और 172 रनों से हराया
दूसरा मैच- बिहार को पारी और 190 रनों से हराया
तीसरा मैच- मिजोरम को पारी और 338 रनों से हराया
चौथा मैच- मेघालय को पारी और 352 रनों से हराया
पांचवां मैच- नागालैंड को पारी और 137 रनों से हराया
छठा मैच- सिक्किम को पारी और 135 रनों से हराया
सातवां मैच- पुडुचेरी को पारी और 393 रनों से हराया
आठवां मैच- अरुणाचल को पारी और 29 रनों से हराया