अंकिता भंडारी के लिए न्याय की मांग: कांग्रेस का लोकभवन के बाहर प्रदर्शन, हिरासत में लिए पूर्व सीएम हरीश रावत
अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर उत्तराखंड से दिल्ली तक विरोध के स्वर उठ रहे हैं। दिल्ली में प्रदर्शनकारियों की हिरासत और दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाए जाने की खबर के बीच कांग्रेस ने भी मोर्चा खोल दिया है। पार्टी ने पत्रकारवार्ता कर अंकिता को न्याय दिलाने के लिए प्रदेशव्यापी लड़ाई लड़ने की बात कही।
विस्तार
अंकिता भंडारी मामले को लेकर कांग्रेस ने आज पत्रकारवार्ता की। इस दौरान पार्टी नेताओं ने कहा कि कांग्रेस अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ेगी। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि अंकिता भंडारी की लड़ाई पूरे प्रदेश में लड़ी जाएगी। और इसके सभी एकजुट होंगे। पत्रकारवार्ता के बाद कांग्रेस नेता और कार्यकार्त लोक भवन के बाहर प्रदर्शन करते हुए पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस नेता हरक सिंह सहित अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका। इसके बाद मामला बढ़ने पर पुलिस ने पूर्व सीएम हरीश रावत को हिरासत में ले लिया।
उत्तराखंड के अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर दिल्ली के इंडिया गेट पर बीती रातभर प्रदर्शन हुआ। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने सीआरपीएफ के साथ मिलकर सुबह 3.45 बजे अंकिता के माता-पिता, विपक्षी नेताओं और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। सभी प्रदर्शनकारियों को तिलक मार्ग पुलिस स्टेशन में रखा गया है।
ये भी पढे़ं...उत्तराखंड: मानसून विदा, फिर भी नहीं थम रहा बारिश का सिलसिला, खराब मौसम के कारण केदारनाथ में हेली सेवा रोकी
अंकिता के माता-पिता को भी दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया था, लेकिन दो घंटे बाद सुबह 6 बजे उन्हें रिहा कर दिया गया। हिरासत में लिए जाने के बाद अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी ने चेतावनी दी कि यदि उनकी बेटी को न्याय नहीं मिला, तो देशभर में आंदोलन किया जाएगा। दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाए जाने की खबर सामने आते ही उत्तराखंड में विरोध प्रदर्शन शुरु हो गए। अंकिता भंडारी हत्याकांड में दुष्यंत गौतम का नाम कथित वीआईपी के रूप में सामने आया था।
जेल हो या पुलिस स्टेशन, आगे की रणनीति तय करेंगे
पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता हरीश रावत ने कहा कि "हमें हिरासत में ले लिया गया है। यह उनका अधिकार है; पुलिस के पास यह अधिकार है और उन्होंने हमें हिरासत में लिया है। आगे क्या करना है, यह हम तय करेंगे—चाहे पुलिस स्टेशन से या जेल से—कि हमारी आगे की रणनीति क्या होगी।"
#WATCH | Dehradun, Uttarakhand | Former Uttarakhand CM and Congress leader Harish Rawat says, "We have been detained. It is their prerogative; the police have the authority, and they have carried out the detention. As for what comes next, we will decide, whether from the police station or from the jail, how to formulate our plan of action."
— ANI (@ANI) October 15, 2026
अंकिता मामले को लेकर दुष्यंत कुमार गौतम की राज्यपाल नियुक्ति के विरोध में प्रदर्शन, श्रीनगर बाजार में निकाली रैली
अंकिता भंडारी मामले को लेकर दुष्यंत कुमार गौतम की सिक्किम के राज्यपाल के रूप में नियुक्ति रद्द करने की मांग उठाई गई। इस मांग को लेकर बृहस्पतिवार को एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के बिरला परिसर के गेट पर विभिन्न संगठनों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने दुष्यंत कुमार गौतम का पुतला जलाया और इसके बाद श्रीनगर बाजार में रैली निकाली। प्रदर्शन में एआईडीएसओ, आइसा, जस्टिस फॉर अंकिता समिति, ऑल इंडिया महिला सांस्कृतिक संगठन और एलयूसीसी प्रभावित मंच शामिल रहे।