उत्तराखंड: आखिरी मौके पर कांग्रेस का चौका, भाजपा के खेमे में फूट
- आखिरी मौके पर पहले गोयल को समर्थन फिर कांग्रेसी खेमे में चलीं गईं गीता
- देर रात दान सिंह ने भी दिया इस्तीफा, कांग्रेस के साथ हो सकते हैं खड़े
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राज्यसभा की एक सीट पर शनिवार को होने वाले चुनाव के लिए दिनभर सियासी गर्मी के बाद रातभर भी उठापठक चलती रही। भाजपा की सक्रिय सदस्य निर्दलीय प्रत्याशी गीता ठाकुर ने पहले निर्दलीय अनिल गोयल को समर्थन देने की घोषणा की। रात होते-होते गीता आखिरी मौके पर कांग्रेस के खेमे में शामिल हो गईं।
इसके बाद कुमाऊं की भीमताल विधानसभा सीट से भाजपा विधायक दान सिंह भंडारी ने अपने पद इस्तीफा दे दिया। इससे स्पष्ट हो गया कि वे शनिवार को राज्यसभा चुनाव के दौरान भाजपा का साथ नहीं देंगे और कांग्रेस के साथ खड़े दिख सकते हैं। इससे समीकरण कांग्रेस के पक्ष में दिख रहे हैं।
कांग्रेस में पूर्व केंद्रीय नेताओं, प्रदेश प्रभारी अंबिका सोनी और पर्यवेक्षक मुकुल वासनिक की मौजूदगी में बैठकों के कई दौर चले और चुनाव जीतने को लेकर रणनीतियों पर गहन चर्चा हुआ। उधर, निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर खड़े अनिल गोयल के समर्थन में वोट देने के लिए भाजपा ने व्हिप जारी कर दिया है। ऐसे में दिलचस्प होने जा रहे राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप टम्टा और निर्दलीय अनिल गोयल के बीच सीधी टक्कर होने के आसार हैं।
सुबह शुरू होगा मतदान, शाम में परिणाम
शनिवार सुबह नौ बजे से राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू हो जाएगा। शाम चार बजे तक विधानसभा के सभी 59 सदस्य मतदान कर सकेंगे। पांच बजे से मतगणना शुरू होगी। जिसके पूरा होते ही परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। केंद्रीय निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त आब्जर्वर एवं उत्तराखंड की मुख्य निर्वाचन अधिकारी राधा रतूड़ी ने शुक्रवार को विधानसभा पहुंचकर चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया।
निष्पक्ष मतदान को लेकर उन्होंने रिटर्निंग आफिसर/विधानसभा सचिव समेत मतदान से जुड़े सभी अफसरों के साथ बैठक की। रिटर्निंग आफिसर जगदीश चंद्र ने बताया कि मतदान को लेकर सारी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।
मतदान विधानसभा के कक्ष संख्या 321 में कराया जाएगा। मतदान के दौरान विधानसभा परिसर में प्रत्याशी के अधिकृत मतदान और मतगणना एजेंट ही दाखिल हो सकेंगे। मतदान केेंद्रीय निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त आब्जर्वर की मौजूदगी में होगा। मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चुस्त दुरुस्त रहे इसके लिए पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
खरीदा गया हमारा विधायक : भट्ट
हमारे विधायक को कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में वोट देने के लिए पांच करोड़ की पेशकश की गई है। कई और विधायकों को भी पेशकश की गई थी लेकिन वे तैयार नहीं हुए। हमारे विधायकों की संख्या 27 हो या 30, हम प्रदीप टम्टा को हराने के लिए वोट करेंगे।
हमारा कोरम पूरा : सुरेंद्र
जो लोग अपने प्रत्याशी को अपना बताने का साहस नहीं कर पाए, उनसे क्या उम्मीद की जा सकती है। इस तरह के फिजूल आरोप लगाकर उन्होंने यह मान लिया है कि उनकी हार तय है। हमारा कोरम पूरा है और हमारे प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित है। हमें किसी को प्रलोभन देने की कोई जरूरत नहीं।
- सुरेंद्र कुमार, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार
यह है विधानसभा में दलीय स्थिति
भाजपा---27
कांग्रेस------26
बसपा-----2
उक्रांद-----1
निर्दलीय--- 3
मनोनीत ---1 (कांग्रेस सदस्य) आरवी गार्डनर