फ्लोटिंग मरीना को लेकर कांग्रेसी नेता हरीश रावत ने बीजेपी पर कसा तंज, कहा- नाच न जाने आंगन टेढ़ा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
टिहरी झील में फ्लोटिंग रेस्तरां को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच चली आरोप-प्रत्यारोपों की जंग में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी कूद गए हैं। उन्होंने फ्लोटिंग रेस्तरां के डूबने के लिए प्रदेश सरकार को न सिर्फ जिम्मेदार ठहराया, बल्कि यह तंज भी किया कि सरकार नाच न जाने आंगन टेढ़ा की कहावत को चरितार्थ कर रही है।
उन्होंने कहा कि रेस्तरां को संचालित करने की सरकार ने कार्य नीति तो बनाई नहीं और दोष कांग्रेस सरकार को दिया जा रहा है। ये तल्ख प्रतिक्रिया रावत ने अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट की है, जो सोशल मीडिया पर खूब तैर रही है।
टिहरी झील में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए पूर्व कांग्रेस सरकार में करीब ढाई करोड़ की लागत से फ्लोटिंग रेस्तरां खरीदा गया था। मंगलवार को यह फ्लोटिंग रेस्तरां झील का जलस्तर कम होने की वजह से एक छोर से डूब गया।
फ्लोटिंग रेस्तरां के बहाने भाजपा और कांग्रेस के बीच बयानी जंग शुरू
मामले में टिहरी की जिलाधिकारी ने जांच के आदेश दे दिए हैं, लेकिन इस बीच फ्लोटिंग रेस्तरां के बहाने भाजपा और कांग्रेस के बीच बयानी जंग शुरू हो गई। भाजपा नेताओं ने रेस्तरां की खरीद और और पूर्व कांग्रेस सरकार की भूमिका को लेकर सवाल उठाए।
जवाब में कांग्रेस नेताओं ने भी पलटवार किया। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी खुद को नहीं रोक पाए और उन्होंने बृहस्पतिवार को अपने फेसबुक पेज पर एक लंबी पोस्ट के जरिये भाजपा और प्रदेश सरकार पर कटाक्ष किए।
उन्होंने लिखा,‘भाजपा उत्तराखंड के दोस्तों पर एक कहावत शत-प्रतिशत चरितार्थ होती है, नाच न जाने आंगन टेढ़ा। टिहरी झील में फ्लोटिंग रेस्तरां आधा डूब गया, क्यों! क्योंकि रेस्तरां के नीचे का जलस्तर निरंतर घट रहा था।
घोटाले दिख रहे तो सामने क्यों नहीं ला रहे?
घटते जलस्तर में रेस्तरां कैसे स्थिर रहता, यह सामान्य ज्ञान यदि न हो और आप उनको दें, जिन्होंने इन संसाधनों को उत्तराखंड के लिए जुटाया है, तो आपको क्या कहा जा सकता है। रावत ने आगे लिखा कि यदि रेस्तरां की पोजीशन समय पर शिफ्ट कर देते तो फ्लोटिंग रेस्तरां आज भी अपनी जगह पर खड़ा होता।
आपने मंत्रिमंडल की बैठक तक फ्लोटिंग रेस्तरां पर कर दी, लेकिन उपयोग की कार्यनीति नहीं बनाई। हमने वहां जल, थल और नभ तीनों के प्रशिक्षण के लिए एकेडमी बनाई है, आप उसका उपयोग नहीं कर पा रहे हैं।
पूर्व कांग्रेस सरकार पर घोटालों के आरोप को लेकर भी पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा नेताओं पर प्रहार किए। उन्होंने कहा कि यदि घोटाले दिख रहे हैं तो सामने क्यों नहीं लाए जा रहे हैं? यदि किसी फ्लाईओवर पर एक्सीडेंट हो रहा है तो उसके लिए कांग्रेस सरकार को दोष देते हैं। वह कहते हैं कि हमने काम किया, मगर आप केवल बातें कर रहे हैं। वे चुनौती देते हैं कि आप एक काम बता दीजिए जो आपने किया?