PM मोदी रैली के मामले में हरिद्वार से लेकर दिल्ली तक एक्शन में कांग्रेस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरिद्वार में पीएम नरेंद्र मोदी की रैली से जुडे़ मामले में कांग्रेस एक्शन में आ गई है। पीएम को घेरने की रणनीति पर आगे बढ़ते हुए कांग्रेस आज दो तरफा दबाव बनाने जा रही है।
दिल्ली में प्रदेश प्रभारी अंबिका सोनी के नेतृत्व में कांग्रेस का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल मुख्य चुनाव आयुक्त से मिलेगा। दूसरी तरफ, हरिद्वार में कांग्रेस आज अपनी घोषणा के मुताबिक धरना देने जा रही है। कांग्रेस हरिद्वार में बगैर अनुमति के रैली मामले में पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग कर रही है।
हरिद्वार में 10 फरवरी को पीएम नरेंद्र मोदी की रैली से जुड़ा मामला लगातार बढ़ता जा रहा है। निर्वाचन आयोग ने इस मामले में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट को नोटिस दिया है, जबकि हरिद्वार जिलाध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है। बीजेपी दो बार निर्वाचन आयोग को सफाई दे चुकी है।
पीएम नरेंद्र मोदी के मामले में नरम रुख क्यों?
पार्टी दावा कर रही है कि हर तरह की अनुमति उसके पास है। बीजेपी यहां तक आरोप लगा रही है कि कांग्रेस और उससे मिले हुए कुछ अफसर इस मामले को जानबूझकर गलत दिशा में ले जा रहे हैं।
इधर, कांग्रेस का कहना है कि जब 12 फरवरी को कांग्रेस के रोड शो कार्यक्रम को लेकर राहुल गांधी पर मुकदमा किया जा सकता है, तो फिर पीएम नरेंद्र मोदी के मामले में नरम रुख क्यों। पीसीसी चीफ किशोर उपाध्याय ने इस मामले में 24 घंटे के भीतर कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी थी। अब कांग्रेस उस रास्ते पर आगे बढ़ रही है।
कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी के अनुसार, पार्टी प्रभारी अंबिका सोनी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त से दिल्ली में मुलाकात करेगा। प्रतिनिधिमंडल में सीएम हरीश रावत, पीसीसी चीफ किशोर उपाध्याय, कैबिनेट मंत्री डॉ इंदिरा हृदयेश और सरिता आर्य आदि शामिल रहेंगे। दूसरी तरफ, इस पूरे मामले के केंद्र में रहे हरिद्वार में कांग्रेस कार्यकर्ता चुनाव आयोग की भूमिका और पीएम के खिलाफ मुकदमे को लेकर धरना देंगे।
सस्ती राजनीति कर रही कांग्रेस
बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव तीरथ सिंह रावत ने कहा है कि पीएम नरेंद्र मोदी की रैली को लेकर कांग्रेस सस्ती राजनीति कर रही है। रावत ने कहा है कि निर्वाचन आयोग में कांग्रेस शिकायत दर्ज करा चुकी है। इसके बाद, निर्वाचन आयोग को जो सही लग रहा है, वह उसके अनुरूप कार्रवाई कर रहा है, लेकिन संवैधानिक व्यवस्था को कांग्रेस अपने हिसाब से चलाना चाहती है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है।