मुख्यमंत्री की शह पर हुआ मेरे घर पर हमला: चैंपियन
- सूचना देने के तीन घंटे बाद भी मौके पर नहीं पहुंची पुलिस
- चैंपियन ने अपनी व परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की
- बोले, मैं और मेरा पूरा परिवार सांप्रदायिक सौहार्द का पक्षधर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कांग्रेस छोड़कर भाजपा के साथ जाने वाले खानपुर के बागी विधायक प्रणव चैंपियन ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री हरीश रावत राजनीतिक रोटियां सेकने के लिए सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ना चाहते हैं। बुधवार को लढ़ौरा स्थित उनके घर पर हमला किया गया। छह कारें व तीन ट्रैक्टर जला दिए गए, उनके कार्यालय में तोड़फोड़ की गई।
बोले मैं मसूरी में था, वहां से हरिद्वार के एसएसपी, एसपी सिटी, सीओ व इंस्पेक्टर को फोन और मैसेज किया। आरोप लगाया कि घटना के तीन घंटे तक पुलिस घटना स्थल पर नहीं पहुंची।
भाजपा कार्यालय बुधवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान चैंपियन ने कहा कि एक लोकसेवक के घर पर हमला हुआ है। यह सिर्फ इसलिए कि उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का हाथ थमा है। इस सब के पीछे मुख्यमंत्री हरीश रावत हैं। उनके कहने पर ही पुलिस तीन घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची।
चैंपियन ने कहा कि उनके 85 साल के ताऊ पर धार्मिक ग्रंथ की बेहुरमती का आरोप लगाया जा रहा है, जो सरासर गलत है। विवाद किराए पर दुकान देने को लेकर है। मेरे ताऊ जी ने उनसे कहा था कि या तो किराया दे दो या दुकान खाली कर दो। कांग्रेस के कुछ नेताओं ने इस विवाद को हवा देकर सांप्रदायिक रूप दे दिया गया।
कहा, सब कुछ पूर्वनियोजित था
चैंपियन ने कांग्रेस के एक विधायक, पूर्व विधायक व सहित अन्य कई लोगों का नाम लिया। उन्होंने कहा कि दस हजार आदमी मौके पहुंच गए। क्या इतनी बड़ी संख्या में भीड़ अचानक जमा हो सकती है? सब कुछ पूर्वनियोजित था। उन्होंने कहा कि वह और उनका पूरा परिवार सांप्रदायिक सौहार्द का पक्षधर रहा है।
बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक समुदाय के लोग उनके साथ जुड़े हुए हैं। उन्होंने इलाके के लोगों से अपील की कि वह किसी के बहकावे में ना आए। चैंपियन ने केंद्र सरकार से अपनी व अपने परिवार की सुरक्षा बढ़ाए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच उत्तराखंड के बाहर की किसी एजेंसी से कराए जाए।
बेहतर होगा कि सीबीआई पूरे मामले की जांच करे। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल, प्रदेश वक्ता विनय गोयल, मुन्ना सिंह चौहान, मीडिया प्रभारी बलजीत भसीन व सह मीडिया प्रभारी बलजीत सोनी भी मौजूद रहे।