BSF प्लेन क्रैश: शहीद की पत्नी को CM ने सौंपा 2 लाख का चेक
शहीद भगवती प्रसाद के बलिदान की आखिर प्रदेश सरकार ने सुध ले ही ली। मंगलवार को मुख्यमंत्री हरीश रावत ने विगत दिनों दिल्ली में बीएसएफ के विमान दुघर्टना में शहीद हुए जनपद रूद्रप्रयाग निवासी पॉयलट भगवती प्रसाद भट्ट के सहस्त्रधारा रोड़ स्थित निवास पर जाकर उनकी पत्नी स्वाति भट्ट को दो लाख रूपये का चेक भेंट किया।
मंगलवार अमर उजाला ने ‘तो ऐसे मिलेगा अर्द्धसैनिकों को सैनिकों के बराबर दर्जा’ शीर्षक से खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। जिस पर सरकार ने शहीद के परिवार की सुध ली। मौके पर केदारनाथ विधायक, संसदीय सचिव शैलारानी रावत, वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री शिवानी मिश्रा आदि मौजूद रहे।
उपेक्षा से आहत थीं शहीद की पत्नी
गौरतलब है कि शहीद की पत्नी स्वाति भट्ट ने उत्तराखंड सरकार को कटघरे में खड़ा किया था। स्वाति सरकार पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए दुखी मन से बताया था कि हादसे में मृत हरियाणा के एक पायलट और एक अन्य अधिकारी के परिजनों को वहां की सरकार ने नौकरी के साथ आर्थिक सहायता देने का भरोसा दिया है। जबकि एक सप्ताह बीतने के बावजूद यहां पर कोई सुध लेने भी नहीं आया। स्वाति सरकार के रवैये से बेहद आहत दिखीं थीं।