{"_id":"6a7e2d388792f7de9b0d8365","slug":"children-fall-ill-after-drinking-contaminated-water-vikas-nagar-news-c-5-1-drn1089-1042002-2026-08-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"Dehradun News: दूषित पानी पीने से बच्चे पड़े बीमार, जल संस्थान बेपरवाह","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Dehradun News: दूषित पानी पीने से बच्चे पड़े बीमार, जल संस्थान बेपरवाह
Fri, 14 Aug 2026 02:16 AM IST
देहरादून ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, देहरादून
संवाद न्यूज एजेंसी, देहरादून
Updated Fri, 14 Aug 2026 02:16 AM IST
विज्ञापन
नगर पालिका के वार्ड नंबर नौ स्थित पूर्विया लाइन में दूषित और बदबूदार पेयजल की समस्या नासूर बनती जा रही है। बृहस्पतिवार को भी लगातार चौथे दिन करीब 50 घरों की टोंटियों से सीवर जैसी तेज दुर्गंध वाला पानी टपका।शिकायत के बावजूद जल संस्थान की टीम मरम्मत के लिए मौके पर नहीं पहुंची। दूषित जल के सेवन से अब बच्चों के बीमार पड़ने का सिलसिला भी शुरू हो गया है, जिससे विभागीय अनदेखी के खिलाफ क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश है।स्थानीय निवासी नैना उनियाल ने बताया कि दूषित पानी पीने से उनका बेटा बीमार पड़ गया है, जबकि गली के दो अन्य बच्चे भी उल्टी-दस्त और बुखार की चपेट में हैं। पानी में इतनी भयंकर दुर्गंध है कि उसे पीना तो दूर, उससे नहाना और बर्तन धोना भी दूभर हो गया है। स्वास्थ्य बिगड़ने के डर से लोग मजबूरी में बाजार से बोतलबंद और कैंपर का पानी खरीदकर अपनी प्यास बुझा रहे हैं। लोगों का आरोप है कि करीब छह माह पहले ही क्षेत्र में नई पेयजल लाइन बिछाई गई थी, लेकिन लीकेज के कारण अक्सर सीवर मिला दूषित पानी आने लगता है। आक्रोशित लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि इस बार समस्या का स्थायी समाधान कर स्वच्छ पेयजल मुहैया नहीं कराया गया, तो वे प्रदर्शन करेंगे। जल संस्थान के जेई आलेंद्र ने बताया कि लीकेज तलाशा जा रहा है।
विज्ञापन