चारधाम यात्रा: केदारनाथ में अब तक पहुंचे 10 हजार श्रद्धालु, तीन हजार से अधिक को बैरियर से वापस भेजा
कोरोनाकाल में विगत 17 मई को केदारनाथ धाम के कपाट सूक्ष्म धार्मिक गतिविधियों में खोले गए थे। लेकिन कोरोना का संक्रमण अधिक होने के कारण यात्रा का संचालन नहीं हो पाया, जिस कारण धाम में साढ़े चार माह तक सन्नाटा पसरा रहा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
केदारनाथ में बाबा केदार के दर्शन करने वाले भक्तों की संख्या 10 हजार पार हो चुकी है। शनिवार को धाम में छह सौ से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर पुण्य अर्जित किया। पिछले पांच दिनों से धाम में प्रतिदिन दर्शनार्थियों की संख्या में इजाफा हो रहा है।
साढ़े चार माह तक सन्नाटा पसरा रहा
कोरोनाकाल में विगत 17 मई को केदारनाथ धाम के कपाट सूक्ष्म धार्मिक गतिविधियों में खोले गए थे। लेकिन कोरोना का संक्रमण अधिक होने के कारण यात्रा का संचालन नहीं हो पाया, जिस कारण धाम में साढ़े चार माह तक सन्नाटा पसरा रहा। बीते 18 सितंबर से हाईकोर्ट के आदेश पर प्रदेश सरकार ने यात्रा शुरू की, जिसके बाद से केदारनाथ में रौनक बनी हुई है।
धाम में एक दिन में 800 यात्रियों के दर्शन की अनुमति है, जिसके शुरूआती एक सप्ताह तक बाबा के भक्तों की संख्या पांच सौ के करीब बनी रही। यात्रा शुरू होने के आठवें दिन यानी 25 सितंबर को धाम में दर्शनार्थियों की संख्या पांच हजार के पार हुई। इसके बाद से प्रतिदिन दर्शनार्थियों की संख्या में इजाफा हो रहा है।
14वें दिन दर्शनार्थियों का आंकड़ा 10 हजार पार
पिछले तीन दिनों से यहां सात सौ से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। 14वें दिन दर्शनार्थियों का आंकड़ा 10 हजार पार हो गया है। दूसरी तरफ ई-पास की व्यवस्था के चलते कई श्रद्धालुओं को बिना दर्शन के बैरंग भी लौटना पड़ा है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बिना ई-पास के केदारनाथ यात्रा पर आए तीन हजार से अधिक यात्रियों को बैरियरों से वापस भेजा जा चुका है।
उधर, केदारनाथ में तैनात देवस्थानम बोर्ड के यात्रा प्रभारी/डोली प्रभारी युद्धवीर सिंह पुष्पवाण ने बताया कि दर्शनार्थियों की संख्या निर्धारित की गई है। इसी के तहत श्रद्धालुओं को कोविड-19 के नियमों का पालन कराते हुए दर्शन कराए जा रहे हैं। दूसरी तरफ द्वितीय केदार मद्महेश्वर व तृतीय केदार तुंगनाथ धाम भी प्रतिदिन 10 से 15 श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
देवस्थानम बोर्ड की साइट पर 15 अक्तूबर तक बुकिंग फुल
देवस्थानम बोर्ड की साइट पर 15 अक्तूबर तक बुकिंग फुल होने के चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि दून स्मार्ट सिटी पर पंजीकरण कराने वाले यात्रियों को चारधाम यात्रा पर भेजा जा रहा है। इस जानकारी के अभाव कई यात्री देवस्थानम बोर्ड की साइट पर पंजीकरण शुरू होने के इंतजार में योगनगरी में फंसे हुए हैं।
ऋषिकेश में प्रतिदिन महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, गुजरात, दिल्ली, आंध्रप्रदेश से यात्री चारधाम करने के लिए पहुंच रहे हैं। ये यात्री देवस्थाम बोर्ड की वेबसाइट पर पंजीकरण कराने के लिए रोजाना शहर के साइबर कैफे के चक्कर काट रहे हैं। बस टर्मिनल कंपाउंड में देवस्थानम बोर्ड और पर्यटन विभाग के ओर से अब पंजीकरण काउंटर नहीं बनाए गए हैं।
ऐसे में बाहरी राज्यों के यात्रियों में गलत संदेश जा रहा है। प्रशासन की ओर से यात्रा बस अड्डे पर बिठाए गए कर्मचारी भी यात्रियों को पंजीकरण कराने के लिए साइबर कैफे में भेज रहे हैं। ऐसे यात्रियों की मदद बस ऑपरेटर कर रहे हैं। बस ऑपरेटर चारधाम की यात्रा पर आए श्रद्धालुओं का दून स्मार्ट सिटी वेबसाइट पर पंजीकरण कर रहे हैं।