शिक्षामंत्री के खिलाफ चलता रहेगा मुकदमा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
14 साल पहले रिस्पना पुल पर बैरिकेडिंग तोड़ने, पुलिस पर पथराव और वाहनों में तोड़फोड़ के आरोपी शिक्षामंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी सहित 22 आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस नहीं होगा।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने इस संबंध में अभियोजन पक्ष का प्रार्थना पत्र खारिज कर दिया। फैसले में अदालत ने कहा कि इस तरह के मुकदमे वापस हुए तो शासन के खिलाफ लोगों में अविश्वास पैदा होगा। लोग यह समझने लगेंगे कि इस तरह की अराजकता के बाद सरकार मुकदमा वापस ले लेगी और उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी।
2001 में भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हुए बवाल के बाद डालनवाला थाना पुलिस ने 11 जनवरी 2001 को यह मुकदमा दर्ज किया था। दस दिसंबर 2014 को सरकार ने मुकदमे वापसी का निर्णय लिया था।
मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राजीव कुमार की अदालत ने कहा कि इस प्रकरण में 2002 से 2014 तक कुछ आरोपी अपनी सुविधा के अनुसार कोर्ट में उपस्थित हुए तो कुछ पेश नहीं हुए। अदालत ने कहा कि पुलिस की भूमिका आपत्तिजनक है। आरोपियों का आचरण भी इसी तरह का है। अदालत ने कहा कि मुकदमा वापस लेने में कोई जनहित नहीं है।
मंत्री का पता नहीं जानती पुलिस
अदालत ने इस मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट एवं कुर्की का आदेश जारी किया था, लेकिन पुलिस ने इसका पालन नहीं किया। पुलिस ने यह रिपोर्ट दी है कि आरोपी दिए गए पते पर नहीं रहते। फैसले में अदालत ने कहा कि कैबिनेट मंत्री के बारे में भी पुलिस ने यह आख्या दी है कि वे दिए गए पते पर नहीं रहते।
एक में राहत, दूसरे में नहीं
हाल ही में शिक्षामंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी को एक मुकदमा राहत मिली थी। वर्ष 2000 में प्रदर्शन के दौरान आत्महत्या के प्रयास के मामले में नैथानी के खिलाफ मुकदमा दर्ज था। सरकार की संस्तुति के बाद अदालत ने मुकदमा वापस लेने का प्रार्थनापत्र मंजूर कर लिया था। हालांकि, दूसरे मामले में शिक्षामंत्री को राहत नहीं मिल पाई।
इनके खिलाफ हैं कुर्की के आदेश
मंत्री प्रसाद नैथानी कोटी कालोनी टिहरी, मनोज लखेड़ा पौड़ी, जय पाल रावत श्यामपुर ऋषिकेश, राकेश बहुगुणा सावली पट्टी वमुंड टिहरी, सुरेश चंद्र जोशी सितारगंज ऊधमसिंह नगर, वेद प्रकाश सिंह चंपावत, विजेंद्र सिंह बिष्ट नेहरू कालोनी डालनवाला, अशोक जोशी श्यामपुर देहरादून, प्रदीप नैथानी आनंद विहार धर्मपुर डालनवाला, प्रकाश बिष्ट सुभाष रोड डालनवाला, नरेंद्र प्रकाश चुक्खूवाला देहरादून, महेंद्र सिंह बिष्ट मोहब्बेवाला क्लेमेंटटाउन, ओम प्रकाश तिवारी कोटद्वार, बृज मोहन यमलोकी ऊखीमठ रुद्रप्रयाग, उमेश चंद पांडे हल्द्वानी, नरेंद्र कुमार नैनीताल, प्रेम सिंह नैनीताल, पाठक हल्द्वानी, रमेश चंद्र जोशी हल्द्वानी, मोहन सिंह रावत दून, कुंवर सिंह नेगी व शैलेंद्र डबराल देहरादून।