उत्तराखंड: बादल फटने की झूठी अफवाह फैलाने पर मुकदमा दर्ज
सोशल मीडिया पर उत्तरकाशी जिले में बादल फटने से 22 लोगों की मौत की झूठी सूचना देने पर जिला प्रशासन ने संबंधितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
फेसबुक पेज उत्तराखंड देव भूमि ऑफ इंडिया के विनीत प्रकाश समाचार पोर्टल, पहाड़ी एक्सप्रेस, जनमत ट्रेड, न्यूज-1, व्हाटस एप ग्रुप पर उत्तरकाशी जिले के चिरपतकोट-नेरी गांव में मंगलवार रात बादल फटने से 22 लोगों की मौत की झूठी खबर प्रसारित की गई।
कहा गया कि नेरी गांव में बादल फटने से 17 और चिरपतकोट में पांच लोगों की मौत हो गई और दर्जनों मकान व कई हेक्टेयर सिंचित व असिंचित भूमि तबाह हो गई।
जानकारी हासिल की तो सूचना अफवाह निकली
सोशल मीडिया और चैनलों पर बुधवार को यह खबर प्रसारित होने पर जिलाधिकारी ने इसे गंभीरता से लेते हुए एसडीएम डुंडा और अन्य अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने जानकारी हासिल की तो सूचना अफवाह निकली। इस पर डीएम दीपेंद्र कुमार चौधरी ने आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल को आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत झूठी सूचना प्रसारित करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए।
आपदा प्रबंधन अधिकारी ने थाना कोतवाली उत्तरकाशी में मामले में मुकदमा दर्ज कराया है।
Published By : Nirmala Suyal