उत्तराखंड: चुनाव से ठीक पहले ग्राम पंचायतों पर धनवर्षा, विकास कार्यों के लिए 254 करोड़ जारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंचायत चुनाव से ठीक पहले प्रदेश की 7950 ग्राम पंचायतों पर धनवर्षा हुई है। प्रदेश सरकार ने 14वें वित्त आयोग की सिफारिशों के तहत जारी वित्तीय वर्ष की पहली किस्त के रूप में 250 करोड़ 15 लाख 50 हजार रुपये की धनराशि जारी की है। सचिव वित्त अमित सिंह नेगी ने बुधवार को इसका शासनादेश जारी कर दिया है।
शासनादेश में ताकीद किया गया है कि ग्राम पंचायतों को अवमुक्त धनराशि निदेशक पंचायती राज द्वारा अपने स्तर पर नहीं रोकी जाएगी। ग्राम पंचायतों को धनराशि का आवंटन 15 दिन के भीतर अनिवार्य रूप से करने के आदेश दिए गए हैं।
ग्राम पंचायतों को किस जिले में कितना आवंटन
वित्त विभाग ने अल्मोड़ा जिले की ग्राम पंचायतों को 27.89 करोड़, बागेश्वर की 12.12 करोड़, चमोली की 17.46 करोड़, चंपावत की 8.66 करोड़, देहरादून की 22.33 करोड़, हरिद्वार की 27.04 करोड़, नैनीताल की 16.63 करोड़, पौड़ी की 29.75 करोड़, पिथौरागढ़ की 20.54 करोड़, रुद्रप्रयाग की 9.68 करोड़, टिहरी की 23.88 करोड़, ऊधमसिंह नगर की 25.21 करोड़ और उत्तरकाशी जिले की ग्राम पंचायतों को 12.90 करोड़ की धनराशि जारी की है।
ये होंगे कार्य
ग्राम पंचायतों में स्वीकृत धनराशि जलापूर्ति, सीवरेज तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सेप्टेज प्रबंधन, स्वच्छता, जल निकासी, सामुदायिक परिसंपत्तियों का रखरखाव, सड़कों, फुटपाथों, स्ट्रीट लाइट तथा कब्रिस्तानों व शमशान घाटों का रखरखाव पर खर्च होगी।
2015 से अब तक 1440 करोड़ हो चुके हैं जारी
14वें वित्त आयोग की सिफारिशों के तहत ग्राम पंचायतों को वित्तीय वर्ष 2015 से 2019-20 के दौरान 1440 करोड़ 25 लाख रुपये की धनराशि जारी हो चुकी है। 2015-16 में 203.26 करोड़, वर्ष 2016-17 में 281.45 करोड़, वर्ष 2017-18 में 325.19 करोड़, वर्ष 2018-19 में 376.19 और 2019-20 में 254.15 करोड़ की धनराशि जारी हुई है।