फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Dehradun News ›   BJP's vision paper means double engine power and devotion to Hindutva

Uttarakhand Assembly Elections : भाजपा का दृष्टिपत्र यानी डबल इंजन शक्ति, हिंदुत्व की भक्ति

Thu, 10 Feb 2022 04:10 AM IST
दुष्यंत शर्मा राकेश खंडूड़ी, देहरादून
राकेश खंडूड़ी, देहरादून Published by: दुष्यंत शर्मा Updated Thu, 10 Feb 2022 04:10 AM IST
सार

मुफ्त संस्कृति से थोड़ा परहेज, गरीब, कमजोर और वंचित वर्ग की दिखी फिक्र।

विज्ञापन
BJP's vision paper means double engine power and devotion to Hindutva
दृष्टिपत्र जारी करते भाजपा नेता... - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

उत्तराखंड विधानसभा के चुनाव में 81 लाख मतदाताओं को रिझाने के लिए भाजपा का दृष्टिपत्र उसकी विचारधारा और उसकी मौलिक सोच का दस्तावेज दिखाई दे रहा है। हिंदुत्व के एजेंडे की चाशनी में लिपटा यह ऐसा दस्तावेज है, जिसके चुनावी वादों को रोशनी देने के लिए केंद्र और राज्य के डबल इंजन की ऊर्जा की दरकार होगी।

विज्ञापन


भाजपा में सत्ता में आने के बाद महिलाओं को गैस सिलेंडर और स्कूली छात्राओं को साइकिल मुफ्त देने का वादा तो किया है, लेकिन ये सुविधा सबके लिए नहीं है। दृष्टिप्र गरीबों, कमजोरों, वंचितों और वृद्धों की फिक्र करता है। 
विज्ञापन


हिंदुत्व की भक्ति
भाजपा पर दृष्टिपत्र हिंदुत्व के एजेंडे की स्पष्ट छाप नजर आती है। लव जिहाद और लैंड जिहाद जैसे मुद्दों पर अपने इरादे जताकर उसने संदेश साफ किया कि अपने एजेंडे पर वह मजबूती से कायम है। चारधाम सर्किट, मानसखंड मंदिर माला मिशन, हरिद्वार को अंतर्राष्ट्रीय योग राजधानी बनाने और मिशन मायापुरी में बदलने का संकल्प इसके प्रमाण हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


डबल इंजन की शक्ति
दृष्टिपत्र में डबल इंजन की शक्ति की स्पष्ट झलक दिखाई देती है। सत्ता में आने के बाद भाजपा राज्य के लोक कल्याण, शिक्षा, अवस्थापना, उद्यान, कृषि, किसान, श्रम, स्वास्थ्य, मनरेगा, उद्योग, शहरी विकास आदि से जुड़ी तमाम केंद्रीय सहायता के जरिये विकास की पटकथा लिखना चाहती है। केंद्र की पर्वतमाला योजना का दृष्टिपत्र में उल्लेख है, जिसके तहत राज्य के 10 पर्वतीय जिलों में बेहतर कनेक्टिविटी के लिए रोपवे परिवहन नेटवर्क के निर्माण संकल्प लिया गया है।

फोकस में जवान, किसान और नौजवान 
दृष्टिपत्र बताता है कि जवान, किसान और नौजवान भाजपा के फोकस में है। सैनिक बहुल राज्य में वह पूर्व सैनिकों को लुभावने के लिए उसने बलिदानी सैनिकों के आश्रितों और उनके बच्चों के लिए कई आकर्षक घोषणाएं की हैं। पीएम किसान सम्मान निधि की तर्ज पर सीएम किसान प्रोत्साहन निधि और डेयरी व बागवानी के लिए 500-500 करोड़ के दो कोष के एलान से उसने यह संदेश देने की कोशिश की कि उसे किसानों की चिंता है। 50 हजार सरकारी नौकरियों का वादा से उसने बेरोजगार युवाओं की उम्मीदों को पंख लगाने की कोशिश की है। 50 घरों पर स्थानीय ग्राम प्रबंधकों की तैनाती से 31 हजार से अधिक नए रोजगार के अवसर पैदा करने का भी वादा दृष्टि पत्र में किया गया है। जानकार इसे चुनाव में बेरोजगारी के थोड़े इलाज के साथ ही निर्णायक माने जाने वाले युवा वोट बैंक को साधने की कोशिश के तौर पर देख रहे हैं।

आधी आबादी को साधने का भी जतन
दृष्टिपत्र में भाजपा ने आधी आबादी को साधने के लिए कई लोकलुभावन घोषणाएं की हैं। जिनमें गरीब घरों में एक वर्ष में तीन मुफ्त एलपीजी सिलेंडर, पर्वतीय क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं को 40 हजार रुपये का अनुदान, औद्योगिक क्षेत्रों में 10 नए महिला आवास, विधवा पेंशन दोगुनी करने, महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए 500 करोड़ का कोष और उनके माध्यम से गौरा देवी कैंटीन के संचालन की सुविधा शामिल हैं।

शास्त्री और जीना को याद किया

भाजपा ने अपने चुनावी घोषणापत्र में दो पूर्व कार्यकर्ताओं को भी याद किया। 54 पृष्ठों के इस दृष्टि पत्र में भाजपा ने पंडित देवेंद्र डबराल शास्त्री और सोबन सिंह जीना का स्मरण किया। भाजपा ने कहा है कि दोनों वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के अलावा भी ऐसे कई कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने अपना पूरा जीवन देश, राज्य व विचारधारा के लिए होम कर दिया। उन सभी के नि:स्वार्थ सेवाभाव, समर्पण और राष्ट्रवाद के लिए उन्हें नमन किया गया।

पूर्व सीएम निशंक के संयोजन में बना दृष्टि पत्र 
भाजपा ने दृष्टि पत्र तैयार करने के लिए समिति का गठन किया था। इसके संयोजक पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक थे। सह संयोजक राज्यसभा सांसद नरेश बंसल थे। समिति में कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल, सुबोध उनियाल, विधायक चंदन रामदास, हरभजन सिंह चीमा, ऋतु खंडूरी के साथ ही पॉलिसी रिसर्च विभाग के संयोजक डॉ. ओपी कुलश्रेष्ठ शामिल रहे।

दृष्टि पत्र में ऐपण की झलक
उत्तराखंड की सुप्रसिद्ध ऐपण कला को भी भाजपा ने अपने दृष्टि पत्र में स्थान दिया है। दृष्टि पत्र के कवर के भीतर के दोनों पृष्ठों को ऐपण से सजाया गया है। दोनों पृष्ठों पर भाजपा ने अपने नारे भी लिखे हैं।

...जब गडकरी ने पहनी उत्तराखंडी टोपी 
मंच पर बैठे नेताओं के बीच जब केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी पहुंचे तो केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने उन्हें उत्तराखंडी टोपी पहना दी। यह देखकर सभी हंसने लगे। यह वैसी ही टोपी थी, जो प्रधानमंत्री ने गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के दौरान पहनी थी।

मंच पर पटके पहनाने के लिए भाजपा नेताओं के उतारे
कार्यक्रम के दौरान मंच पर अव्यवस्थाएं भी दिखीं। सभी नेताओं को भाजपा के पटके पहनाने की मंच से घोषणा हो गई, लेकिन पटके ही उपलब्ध नहीं थे। आखिरकार सामने बैठे कई नेताओं के पटके उतारकर मंच पर बैठे नेताओं को पहनाए गए।

महिलाओं को नए कारोबार के लिए मिलेगा 25 हजार का अनुदान

भाजपा ने अपने दृष्टि पत्र 2022 में महिलाओं को नए कारोबार के लिए 25 हजार रुपये वित्तीय अनुदान दिए जाने का वादा किया है। स्टैंड अप इंडिया योजना के तहत यह अनुदान दिया जाएगा। इसके अलावा विधवा पेंशन को एक हजार रुपये से बढ़ाकर दो हजार रुपये किया जाएगा। 

भाजपा ने अपने दृष्टि पत्र में महिलाओं के लिए कई एलान किए हैं। दृष्टि पत्र में कहा गया है कि पोषण अभियान का सभी जिलों में विस्तार किया जाएगा। प्रदेश में महिला अस्पतालों की संख्या को छह से बढ़ाकर 13 किया जाएगा। किशोरियों को राज्य पुलिस बलों, केंद्रीय पुलिस बलों, बीएसएफ और अन्य अर्धसैनिक बलों में भर्ती के लिए सक्षम बनाने एवं निशुल्क शिक्षा के लिए दो रानी कर्णावती स्कूल स्थापित किए जाएंगे।

उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाली छात्राओं के लिए 13 अत्याधुनिक बालिका छात्रावास स्थापित किए जाएंगे। प्रदेश भर में महिला स्वयं सहायता समूहों की व्यावसायिक पहल की सहायता के लिए एक विशेष 500 करोड़ के कोष की स्थापना की जाएगी। 20 लाख रुपये तक के बैंक लिंकेज ऋण प्रदान करेंगे। यह ऋण केवल प्रदेश की महिलाओं द्वारा चलाए जा रहे स्वयं सहायता समूहों को प्रदान किए जाएंगे। 

यह भी किया वादा  
- राज्य के सभी गरीब घरों में एक वर्ष में तीन मुफ्त एलपीजी सिलेंडर 
- पर्वतीय जिलों में रहने वाली गर्भवती महिलाओं को 40 हजार रुपये का मातृत्व अनुदान 
- औद्योगिक शहरों में कार्यरत महिलाओं के लिए 10 नए महिला आवास 
- महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से गौरा देवी कैंटीन होगी स्थापित

भूतपूर्व सैनिकों और युवाओं को अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बसाएंगे
भाजपा ने अपने दृष्टि पत्र में सुरक्षित देवभूमि और सुशासन का वादा किया है। दृष्टि पत्र में सीमावर्ती जिलों एवं पर्वतीय क्षेत्रों के विकास के लिए सीमांत क्षेत्र विकास बोर्ड का गठन करने का वादा किया गया है। राष्ट्रीय हितों को ध्यान में रखते हुए हिम प्रहरी योजना शुरू करने की बात कही गई है। इसके तहत राज्य के भूतपूर्व सैनिकों एवं युवाओं को अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकटवर्तीय जिलों में बसने के लिए प्रेरित किया जाएगा और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। 

इसके लिए मिशन मोड पर राज्य के प्रत्येक जिले में भूमि पर अवैध कब्जा होने के कारण हो रहे भू एवं जनसांख्यिकीय परिवर्तन से संबंधित विषयों की जांच एवं समाधान के लिए एक अधिकार प्राप्त समिति के गठन का वादा किया गया है। इसके साथ ही सीमांत एवं अन्य पर्वतीय जिलों में युवा उद्यमियों के लिए 2500 करोड़ रुपये की धनराशि से एक क्रेडिट गारंटी फंड की स्थापना की बात कही गई है। इसके अलावा विविध इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कार्यों को तीव्र गति से पूर्ण करने के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय के अंतर्गत उत्तराखंड इंफ्रास्ट्रक्चर वॉर रूम की स्थापना की भी बात कही गई है। इसके अधीन पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) यूनिट गठित की जाएगी, जिसमें उच्च कोटि के अनुभवी विशेषज्ञ को रखा जाएगा। यह यूनिट महत्वपूर्ण योजनाओ को तैयार करने और वित्तीय सहायता की संस्तुति करेगी। भाजपा ने अगले पांच वर्षों में भूमि रिकॉर्ड एवं सभी सरकारी रिकॉर्ड का डिजिटलीकरण करने का भी सपना दिखाया है।

सड़क से लेकर हवाओं तक भाजपा ने किए मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर के वादे

भाजपा ने प्रदेश में दोबारा सत्ता वापसी होने पर सड़क से लेकर हवाओं तक मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर के वादे किए हैं। इनमें जहां सड़कों के लिए एक्सप्रेस-वे पर जोर दिया गया है तो दूसरी ओर पहाड़ के मुश्किल हालात में रोपवे के लिए पर्वतमाला परियोजना की बात की है।

भाजपा की दृष्टि पत्र में सड़कों के लिए दिल्ली-दून एक्सप्रेस-वे, दून से दिल्ली के बीच तेजस एक्सप्रेस का काम तेजी से पूूरा करने का वादा किया गया है। इसकके अलावा देहरादून-पांवटा साहिब सड़क परियोजना, एनएच 125 सितारगंज-टनकपुर खंड, एनएच 87 के रुद्रपुर-काठगोदाम खंड को चार लेन बनाने, रुड़की-छुटमलपुर-गागलहेड़ी एनएच-73 और छुटमलपुर-गणेशपुर एनएच-72 को चार लेन बनाने की बात भी की गई है।

देहरादून-जौलीग्रांट एक्सप्रेस-वे, दून और हल्द्वानी में मोबिलिटी हब बनाने, सड़कों को चरणबद्ध तरीके से कंक्रीट में अपग्रेड करने, मेरा गांव-मेरी सड़क योजना से हर गांव तक पक्की सड़क, मिशन हिमवंत के तहत आपदा के नुकसान को कम करने के लिए कदम उठाने का वादा भी भाजपा ने किया है। भाजपा ने देहरादून-हरिद्वार लाइट मेट्रो परियोजना को मंजूरी देने, किच्छा-खटीमा परियोजना, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग और टनकपुर-बागेश्वर का काम तेजी से पूरा करने की भी प्रतिबद्धता जताई है। साथ ही देहरादून और हरिद्वार रेलवे लाइन को डबल करने, पौड़ी-अल्मोड़ा के बीच रेल मार्ग की संभावना पर भी काम करने का ऐलान किया है। 

भाजपा ने हवाई सेवाओं के तहत दृष्टिपत्र में पंतनगर, गौचर और नैनी सैनी का नवीनीकरण करने, जिला मुख्यालयों को हैलो टैक्सी सेवा से जोड़ने, नई ड्रोन नीति बनाकर कृषि, आपदा राहत और दवाओं के वितरण में ड्रोन के उपयोग को बढ़ावा देने की उम्मीद भी जगाई है। रोपवे के नजरिए से भाजपा ने देहरादून-मसूरी रोपवे, गोविंदघाट-घांघरिया, सोनप्रयाग-केदारनाथ, हल्द्वानी-नैनीताल, जानकीचट्टी-यमुनोत्री रोपवे के निर्माण के लिए रोपवे विकास निगम की स्थापना का ऐलान भी किया है। साथ ही पहाड़ के दस जिलों में पर्वतमाला परियोजना के तहत रोपवे परिवहन नेटवर्क बनाने की भी घोषणा की।

5000 नई बसें, एक हजार इलेक्ट्रिक बसें
भाजपा ने दोबारा सत्ता वापसी पर परिवहन निगम के लिए 5000 नई बसें जोड़ने और 1000 इलेक्ट्रिक बसें लाने का भी ऐलान किया। इलेक्ट्रिक वाहनों की आवाजाही को सक्षम बनाने के लिए वाहन चार्जिंग स्टेशन व बुनियादी ढांचा मजबूत करने पर जोर दिया। साथ ही ट्रक व टैक्सी ड्राइवरों को भाजपा ने दस लाख रुपये का दुघर्टना बीमा देने का ऐलान किया है। 

20 शहरों में हर घर गैस पाइनलाइन
भाजपा ने प्रदेश के 20 प्रमुख शहरों में हर घर तक गैस पहुंचाने के लिए पाइपलाइन बिछाने, सौर ऊर्जा पहले से अधिकतम ऊर्जा के लिए बिश्नी देवी सौर मिशन का वादा किया। 24 घंटे बिजली आपूर्ति के लिए बैटरी पावर रिजर्व बनाने की भी घोषणा की। नैटवार मोरी जल विद्युत परियोजना, टिहरी पंप स्टोरेज, विष्णुगाड पीपलकोटी, तपोवन विष्णुगाड एचईपी, व्यासी हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट, लखवाड़ परियोजना, जमरानी को भी समयबद्ध पूरा करने का ऐलान किया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed