रुड़की: हवाई सर्वेक्षण के बाद सिंचाई मंत्री बोले, खनन से आय के पैसे से होंगे बाढ़ राहत कार्य
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने शुक्रवार को खानपुर क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और क्षतिग्रस्त तटबंधों का हवाई सर्वेक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि खनन से होने वाली आय से बाढ़ राहत कार्य कराए जाएंगे।
सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने दोपहर दो बजे हेलीकॉप्टर से खानपुर क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को जायजा लिया। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि खनन से होने वाली आय से बाढ़ राहत कार्य किए जाएंगे।
गंगा, सोलानी और बाणगंगा नदियों के तटबंध को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए सिंचाई विभाग जो कार्ययोजना बनाएगा, उसके लिए केंद्र से बजट पास करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि गंगा और दूसरी नदियों में सिल्ट जमा होने से नदियों की तलहटी, गांव और शहरों से ऊंची हो गई है। बाढ़ रोकने के लिए इनकी सफाई बहुत जरूरी है।
उन्होंने कहा कि पूर्व में गंगा की सफाई के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार को कुछ आपत्तियां थी, लेकिन उन्हें दूर कर दिया गया है। आने वाले समय में गंगा की सफाई कर उसकी धारा को पहले वाली जगह पर किया जाएगा।
इस अवसर पर खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, लक्सर विधायक संजय गुप्ता, एसडीएम कौस्तुभ मिश्र, प्रमुख अभियंता सिंचाई विभाग एके दिनकर, मुख्य अभियंता दिनेश चंद्रा, अधीक्षण अभियंता आरके तिवारी, ईई एसएल कुडियाल, ईई लोनिवि एसएस यादव आदि उपस्थित रहे।
शुक्रताल को दिया जाएगा 400 क्यूसेक पानी
सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि आने वाले समय में गंगा की सफाई कर उसकी धारा को पहले वाली जगह पर मोड़ा जाएगा। सोलानी नदी के लिए भी कार्ययोजना तैयार की गई है। इसमें से 400 क्यूसेक पानी उत्तर प्रदेश के तीर्थ स्थल शुक्रताल को दिया जाएगा। बाकी का पानी गंगा में छोड़ा जाएगा। इसके लिए करीब 30 करोड़ के प्रस्ताव को केंद्रीय सिंचाई मंत्री ने मंजूरी दे दी है।