BJP नेता पर रंगदारी का आरोप, सदन में धमकी का ऑडियो पेश करेगी कांग्रेस
जीएसटी को लेकर हो रहे विधानसभा के विशेष सत्र में विपक्ष खाद्य योजना के तहत गेहूं और चावल के दाम बढ़ाए जाने का मुद्दा उठाएगा। सदन में विपक्ष की रणनीति का खुलासा करते हुए नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश ने ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए एक नेता पर रंगदारी वसूलने के लिए एक कारोबारी को धमकी देने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि नेता ने पैसा न देने पर कारोबारी को छापे की धमकी दी और उसी दिन छापा भी पड़ गया। वह कारोबारी को रंगदारी के लिए दी गई धमकी का ऑडियो सदन पटल पर रखेंगी।
डॉ. हृदयेश शनिवार को विधानसभा में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि बेशक दो दिन का सत्र है, लेकिन पार्टी ने सदन में उठाए जाने वाले मुद्दों को लेकर रणनीति बना ली है।
विपक्ष राज्य खाद्य योजना के तहत दिए जाने वाले राशन के दाम दोगुने करने का विरोध करेगा और इस मुद्दे पर सदन में कार्यस्थगन प्रस्ताव लाएगा। सदन में विपक्ष एक नेता के रंगदारी का मुद्दा भी उठाया जाएगा।
शराब पर सरकार से मांगेंगे स्पष्टीकरण
इंदिरा ने निशाना साधा कि इस घटना से सरकार के जीरो टॉलरेंस के दावे की पोल खुल गई है। इंदिरा ने आरोप लगाया कि सरकार एनएच घोटाले के घोटालेबाजों को बचाने के लिए सीबीआई जांच नहीं कर रही है।
जीएसटी पर अफसरों की बैठक बुलाई
उन्होंने कहा कि एक मई से दो दिन का विधानसभा सत्र जीएसटी विधेयक के लिए है। पार्टी विधेयक में आम जनता को दिक्कत से बचाने के लिए अपना पक्ष रखेगी। इस संबंध में उन्होंने वाणिज्य कर विभाग के अधिकारियों की बैठक बुलाई है।
शराब पर सरकार से मांगेंगे स्पष्टीकरण
उन्होंने कहा कि सरकार से मांग की जाएगी कि या तो प्रदेश में शराब पर पूर्ण पाबंदी लगाई जाए या फिर उन लोगों के रोजगार से जुड़े सवालों के हल बताए जाएं जो एनएच से हटाए जा रहे होटलों, बार व रेस्टोरेंट में लगे थे। सरकार से उनके रोजगार के बारे में स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।