बंगाल की घटना पर उखड़ी भाजपा ने ममता पर बोला हमला, सीएम बोले- दीदी के इशारों पर हो रहा ये सब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के व्यवहार को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल में जो भी हुआ, वह किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है। किसी भी पार्टी के मुखिया के साथ इस प्रकार का व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि लगता है सीएम ममता को लोकतंत्र में विश्वास नहीं रह गया है। तृणमूल कांग्रेस हताश और निराश होने के कारण इस प्रकार के कृत्य पर उतर आई है। टीएमसी के व्यवहार को अलोकतांत्रिक बता उन्होंने इसकी भर्त्सना की।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इशारे पर हिंसा फैला रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के रोड शो में टीएमसी के लोगों ने उपद्रव फैलाने का घृणित कार्य किया है। कहा कि आखिरी चरण में पश्चिम बंगाल की नौ सीटों में चुनाव होने हैं, जिसमें भाजपा को बड़ी बढ़त मिल रही है, इसी कारण ममता दीदी इतना घबराई हुई हैं।
उन्होंने कहा कि बंगाल में भाजपा प्रत्याशियों के काफिले पर हमला होता है, उनके पोस्टर फाडे़ जाते हैं, यह सब ममता दीदी के इशारों पर हो रहा है। वे सत्ता के अहंकार में चूर हो गई हैं। लोकसभा चुनाव में टीएमसी की सियासी जमीन खिसक रही है, जिससे हताश होकर पार्टी कार्यकर्ता हिंसा पर उतारू हो गए हैं।
प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने कहा, ये तयशुदा हार की है बौखलाहट
वहीं उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने घटना की निंदा कर इसे ममता बनर्जी की बौखलाहट और तानशाही करार दिया। उन्होंने कहा कि रोड शो पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के गुंडों ने हमला किया। उन्होंने चुनाव आयोग से घटना का संज्ञान लेते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।
भट्ट ने कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी व उनकी पार्टी का सूर्य अब अस्त होने वाला है। तयशुदा हार देख ममता बौखला गई हैं और अपना संतुलन खो बैठी हैं। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के ऐतिहासिक रोड शो से बौखलाकर उन्होंने हमला करा दिया।
आरोप लगाया कि उनके गुंडों ने आगजनी के साथ-साथ भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं पर पथराव कर मारपीट भी की। यदि वहां केंद्रीय बल के जवान न होते तो अमित शाह सुरक्षित न निकल पाते।
आज वहां योगी आदित्य नाथ की रैली का मंच नहीं बनने दिया गया, जिससे रैली रद्द करनी पड़ी। भट्ट ने कहा कि ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री मोदी व भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के लिए अपशब्द भी प्रयोग किए, जो बेहद निंदनीय हैं।