उत्तराखंडः इन हॉट सीटों पर हर चुनावी चाल चलेगी भाजपा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारतीय जनता पार्टी हॉट सीटों पर हर चुनावी बाजी खेलने को तैयार है। इन सीटों पर पार्टी के बड़े स्टार प्रचारकों को उतारने पर भी पार्टी का फोकस है। ये वे सीटें हैं जिन्हें पार्टी का शीर्ष नेतृत्व प्रतिष्ठा से भी जोड़कर देख रहा है।
वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में जिन सीटों पर भाजपा हार गई थी, जहां कांग्रेस से आए बागियों को टिकट दिए गए हैं और जहां सीटिंग विधायकों के टिकट काटे गए हैं, भाजपा रणनीतिक तौर पर उन्हें भी हॉट सीट मानकर चल रही है। भाजपा सूत्रों के मुताबिक, पार्टी इन सीटों पर हर हालत में प्रतिद्वंद्वियों पर बढ़त हासिल करना चाहती है।
दरअसल, पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व भी कांग्रेस में तोड़फोड़ कर बागियों को टिकट देने और सर्वे के आधार पर टिकट बांटने के दावे को सही साबित करने की कोशिश करेगा। बाकायदा इन सीटों पर बड़े नेताओं ने चुनावी तिकड़म बैठाने के लिए अभी से कैंप करना शुरू कर दिया है।
इन हॉट सीटों पर भाजपा की रणनीति स्टार प्रचारकों की भी जनसभाएं कराने की है। रायपुर, राजपुर रोड, डोईवाला, धर्मपुर, यमकेश्वर, कोटद्वार, बाजपुर, हल्द्वानी, नैनीताल समेत ऐसी कई अन्य सीटों पर भाजपा के बड़े नेताओं की सक्रियता नजर आने भी लगी है। सूत्रों के अनुसार, स्टार प्रचारकों की जनसभाओं और दौरों की जो संभावित सूची प्रदेश नेतृत्व ने हाईकमान के सामने रखी है, उसमें भी यह साफ झलक रहा है।
प्रधानमंत्री के ज्यादा से ज्यादा दौरे कराने के पक्ष में भाजपा
सूत्रों का कहना है कि पार्टी श्रीनगर गढ़वाल और हल्द्वानी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा कराना चाहती है। हल्द्वानी से जहां कुमाऊं और तराई की आसपास की सीटों पर अपने पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश होगी, वहीं श्रीनगर से गढ़वाल के समीकरण साधने के प्रयास की रणनीति है।
मोदी फैक्टर को भुनाने के लिए प्रदेश भाजपा प्रधानमंत्री के ज्यादा से ज्यादा दौरे कराने के पक्ष में है। जबकि राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, उमा भारती, जेपी नड्डा, धर्मेंद्र प्रधान और प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू आदि स्टार प्रचारक भी हॉट सीटों पर ताबड़तोड़ दौरे कर सकते हैं।
इसी तरह, धर्मपुर, ऋषिकेश, यमकेश्वर, रुद्रप्रयाग, विकासनगर, चकराता, हरिद्वार, हल्द्वानी, पौड़ी, कोटद्वार, बाजपुर, सितारगंज, नैनीताल आदि सीटों पर प्रदेश के चार पूर्व मुख्यमंत्रीभुवन चंद्र खंडूरी, भगत सिंह कोश्यारी, रमेश पोखरियाल निशंक, विजय बहुगुणा, केंद्रीय मंत्री अजय टमटा, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह समेत तमाम बड़े नेता भी चुनावी सभाएं करेंगे। प्रदेश भाजपा के एक बड़े नेता ने बताया कि हालांकि पार्टी के लिए सभी 70 सीट महत्वपूर्ण हैं, लेकिन हॉट सीटों पर खास फोकस की रणनीति अपनाई जा रही है।