उत्तराखंड: रुद्रपुर में दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत
- रुद्रपुर से गदरपुर जाते प्रेम आश्रम के पास हुई दुर्घटना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड के रुद्रपुर में रिश्तेदारी में जा रहे बाइक सवार दो दोस्तों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए। एक ही मोहल्ले के दो युवकों की मौत से क्षेत्र में मातम पसरा है। दिनभर लोग मृतकों के परिजनों को ढाढ़स बंधाने पहुंचते रहे।
पुलिस के मुताबिक खेड़ा निवासी वहाब अंसारी (24) पुत्र रफीक अहमद पेंटर का काम करता था। बुधवार देर रात को वह मोहल्ले में ही रहने वाले अपने दोस्त अनिल कुमार (24) पुत्र खूबलाल के साथ बाइक से अपने बड़े भाई की रिश्तेदारी में गदरपुर जा रहा था।
प्रेम आश्रम के पास विपरीत दिशा से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वहाब की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अनिल गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल हो किच्छा रोड स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया।
बृहस्पतिवार सुबह इलाज के दौरान अनिल ने भी दम तोड़ दिया। क्षेत्रवासियों के अनुसार वहाब और अनिल में गहरी दोस्ती थी। दोनों एकसाथ घूमते देखे जाते थे। कोतवाल केसी भट्ट ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस को तहरीर नहीं दी गई थी।