कैश की किल्लत के बीच भारी पड़़ेंगे अगले तीन दिन
राजधानी के बैंकों में शुक्रवार का दिन तो कैश की किल्लत के बीच किसी तरह कट गया, लेकिन अब लोगों को तीन दिन की छुट्टी से बड़ी परेशानी होने वाली है। दरअसल, अब केवल एटीएम से पैसा निकलेगा। जिन बैंकों के एटीएम में पैसा खत्म हो जाएगा, उनमें मंगलवार से ही दोबारा पैसा भरा जा सकेगा।
एसबीआई के पास कई दिन पहले आया करीब 600 करोड़ रुपया शुक्रवार को खत्म हो गया। एसबीआई की ज्यादातर शाखाओं से लोगों को जरूरत के बजाय केवल चार से दस हजार रुपये ही उपलब्ध हो पाए।
पीएनबी की शाखाओं में भी लोग परेशान नजर आए। कई दिनों से पीएनबी के करेंसी चेस्ट में पैसा नहीं आने की वजह से लोगों को भारी परेशानी हो रही है।
मंगलवार को ही राहत मिलने की उम्मीद
पीएनबी के अधिकारियों ने फिलहाल मंगलवार तक ही पैसा आने की उम्मीद जताई है। छोटे बैंकों में भी लोग कैश की किल्लत से जूझते नजर आए।
हालांकि, कुछ जगहों पर एसबीआई, पीएनबी के साथ ही निजी और कुछ छोटे बैंकों के एटीएम चलने से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली है। लेकिन आने वाले दिनों में समस्या और बढ़ने वाली है। दरअसल, अब तीन दिन बैंक बंद रहेंगे।
आज महीने का दूसरा शनिवार, कल रविवार और सोमवार को सार्वजनिक छुट्टी होने के कारण बैंक बंद रहेंगे। लिहाजा बैंकों से कैश मिलेगा नहीं और एटीएम में कैश खत्म होने के बाद भरा भी नहीं जाएगा। यानी अब मंगलवार को ही लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।