लामबगड़ में चौथे दिन भी नहीं खुला बदरीनाथ हाईवे, पहाड़ी से लगातार मलबा आने से आ रही दिक्कत
भूस्खलन से लामबगड़ में बंद हुआ बदरीनाथ हाईवे मंगलवार को चौथे दिन भी नहीं खुल पाया। एनएच विभाग की जेसीबी हाईवे खोलने में जुटी है लेकिन पहाड़ी से लगातार मलबा आने से दिक्कतें हो रही हैं। यहां पर आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्ग बनाया गया है, लेकिन भी खतरनाक बना है।
लामबगड़ में शनिवार तड़के भारी मात्रा में पहाड़ी से बोल्डरों के साथ मलबा हाईवे पर आ गया था। लामबगड़ गांव के सरपंच महेंद्र सिंह का कहना है कि कंपनी ने हाईवे खोलने के लिए पहाड़ी को ज्यादा खोद दिया जिससे यहां पर लगातार भूस्खलन हो रहा है। वैकल्पिक मार्ग से आवाजाही काफी खतरनाक है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को पहाड़ी से बोल्डर आने से एक युवती बाल-बाल बची।
उप जिलाधिकारी जोशीमठ अनिल चन्याल ने कहा कि हाईवे खोलने का काम चल रहा है। फिलहाल वैकल्पिक मार्ग से ही वाहनों की आवाजाही कराई जा रही है। हाईवे पर हो रहे कार्यों की जांच के लिए तहसीलदार को मौके पर निरीक्षण के लिए भेजा गया है।
आज कई जगह छाये रहेंगे बादल
राजधानी दून समेत प्रदेश के कई इलाकों में आज बादल छाये रह सकते हैं। विशेषकर पहाड़ी इलाकों में बारिश होने का भी अनुमान है। मौसम केंद्रनिदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है।
गरज और चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर गरज वाले बादल भी विकसित हो सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार दिन के समय तापमान में बढ़ोत्तरी हो सकती है, जिससे गर्मी बढ़ने का अनुमान है।