लाउडस्पीकर की आवाज कम कराने गए संत पर हमला, पुलिस की मौजूदगी में दी जान से मारने की धमकी
कनखल के चौक बाजार में हो रही रामलीला के लाउडस्पीकर की आवाज कम कराने गए मातृसदन संस्था के संत ब्रह्मचारी दयानंद पर पुलिस की मौजूदगी में भीड़ ने हमला बोल लिया। संत के बाल पकड़कर खींचा गया और मारपीट करते हुए हत्या की धमकी भी दी गई।
पीड़ित संत ने पचास हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं दूसरी तरफ हमले के बाद बड़ी संख्या में लोग थाना कनखल पहुंच गए और मातृसदन के संत पर ही धार्मिक भावनाएं भड़काने का आरोप लगाने लगे।
गंगा रक्षा के लिए आंदोलनरत संस्था मातृसदन ध्वनि प्रदूषण को लेकर भी मुखर रहती है। बृहस्पतिवार देर रात संत ब्रह्मचारी दयानंद ने कनखल पुलिस को सूचना दी कि कनखल के चौक बाजार में हो रही रामलीला से ध्वनि प्रदूषण हो रहा है।
इससे आश्रम में संचालित हो रही आध्यात्मिक गतिविधि में खलल पड़ रहा है। कनखल पुलिस को सूचना देने के बाद खुद ब्रह्मचारी दयानंद भी कनखल चौक बाजार में पहुंच गए। इधर चेतक सवार पुलिसकर्मी भी पहुंच गए।
पुलिसकर्मियों ने रामलीला प्रबंधन से जुड़े पदाधिकारियों से लाउडस्पीकर की आवाज कम कराने की बात कर ही रही थी कि भीड़ ने ब्रह्मचारी पर हमला बोल दिया। भीड़ ने पुलिस की मौजूदगी में ही ब्रह्मचारी दयानंद की पिटाई कर दी। पुलिस जैसे तैसे संत को थाने लेकर पहुंचे।
संत ने करीब पचास हमलावरों के खिलाफ मारपीट, गाली गलौच, हत्या की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। थानाध्यक्ष अनुज सिंह ने बताया कि आरोपियों की शिनाख्त कर रहे हैं। उन्हाेंने बताया कि दूसरी ओर से भी तहरीर दी गई है। दूसरे पक्ष ने मातृसदन के ब्रह्मचारी पर ही धार्मिक भावनाएं भड़काने का आरोप लगाया। इस तहरीर पर अभी जांच की जा रही है।