बांग्लादेश के खिलाफ भारतीय अंडर-23 टीम का एलान, आर्यन जुयाल टीम में शामिल
भारत और बांग्लादेश की अंडर-23 टीमों के बीच होने जा रही पांच मैचों की वनडे क्रिकेट सीरीज में उत्तराखंड के आर्यन जुयाल भी खेलते नजर आएंगे। बीसीसीआई ने मंगलावर को 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है।
टीम की कमान प्रियम गर्ग को सौंपी गई है। इसके अलावा टीम में यशस्वी जायसवाल जैसे युवा बल्लेबाज को भी जगह दी गई है। वहीं, आर्यन को बतौर विकेट कीपर-बैट्समैन शामिल किया गया है।
उन्हें बीसीसीआई के घरेलू टूर्नामेंटों में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने का इनाम मिला है। आर्यन जुयाल के कोच रविंद्र सिंह नेगी ने बताया कि 19 से 27 सितंबर तक रायपुर (छत्तीसगढ़) में पांच मैचों की सीरीज होगी।
अंडर-19 वर्ल्ड कप में किया था अच्छा प्रदर्शन
आर्यन ने रणजी व अंडर-19 वर्ल्ड कप में अच्छा प्रदर्शन किया था। आर्यन रणजी ट्रॉफी में यूपी की तरफ से खेलते हैं। हल्द्वानी निवासी आर्यन ने देहरादून में ही क्रिकेट की बारीकियां सीखी हैं।
भारत की अंडर-23 टीम:
प्रियम गर्ग (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, माधव कौशिक, बीआर शरथ (विकेटकीपर), समर्थ व्यास, आर्यन जुयाल (विकेटकीपर), रित्विक चौधरी, कुमार सूरज, अतीत सेठ, शुभांग हेगड़े, रितिक शौकीन, ध्रुशांत सोनी, अर्शदीप सिंह, कार्तिक त्यागी, हरप्रीत बराड़।