अमर उजाला मोहल्ला चौपाल: अधिकारियों ने सुनी जनसमस्याएं तो लोगों को तुरंत मिला समाधान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीनियर सिटीजन सोसायटी के सहयोग से ठाकुरपुर रोड स्थित सोसायटी कार्यालय में रविवार को अमर उजाला मोहल्ला चौपाल लगी। इसमें नगर निगम, समाज कल्याण विभाग, जिला खाद्य आपूर्ति विभाग, बिजली विभाग और कैंट बोर्ड के अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनकर उनका समाधान किया। इससे चौपाल में पहुंचे लोगों के चेहरे खिल उठे। उनका कहना था जिन समस्याओं का समाधान विभागों के चक्कर काटकर नहीं हो रहा था। उनका निस्तारण चौपाल में हो गया।
पेंशन और राशन कार्ड बनवाने के लिए विभागों की ओर से फार्म भी बांटे गए। साथ ही पेंशन और राशन कार्ड बनवाने में जो कागजी खामियां थीं, संबंधित अधिकारियों ने उनकी विस्तृत जानकारी दी।
जिससे लोग पूरी तरह संतुष्ट दिखे। सीनियर सिटीजन सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. आदर्श कुमार बंसल ने कहा कि अमर उजाला मोहल्ला चौपाल के माध्यम से आज लोगों को अपनी दिक्कतें दूर करने का अवसर मिला है।
सोसायटी महासचिव गुलशन माकिन ने कहा कि इस तरह के आयोजन आगे भी होते रहने चाहिए, ताकि एक छत के नीचे ही लोगों की समस्याएं दूर हो सके। इस दौरान कोषाध्यक्ष अवतार सिंह बिष्ट, भाजयुमो महानगर महामंत्री राजेश रावत आदि ने भी अपने विचार रखे।
स्टॉलों पर दर्ज कराई शिकायतें
अमर उजाला मोहल्ला चौपाल में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगे थे, जिसमें पहुंचकर लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराई। नगर निगम के स्टॉल पर सफाई व्यवस्था, समाज कल्याण विभाग के स्टॉल पर वृद्धा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, किसान पेंशन समेत अन्य स्टॉलों पर समस्याएं दर्ज कराई। राशन कार्ड बनवाने को लेकर आपूर्ति विभाग की अधिकारी ने फार्म बांटे।
नशे के खिलाफ जागरूक रहने की जरूरत
प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह गहलावत ने कहा कि युवा नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं। खासकर स्कूल-कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र। ऐसे में अभिभावकों को बच्चों पर नजर रखनी चाहिए। उन्हें बच्चों को समय पर घर पहुंचने के लिए कहना चाहिए। वहीं, अगर इलाके में कोई संदिग्ध दिखता है तो उसकी सूचना पुलिस को जरूर दें। आपकी जागरूकता से नशे पर अंकुश खुद लग जाएगा। इसके अलावा उन्होेंने लोगों से अपने-अपने किरायेदारों का सत्यापन करवाने की अपील की।
अधिक शिकायतें सफाई और सड़क संबंधी
मोहल्ला चौपाल में कुल 60 शिकायतें पहुंची। इसमें सर्वाधिक 20 शिकायतें सफाई और सड़क संबंधी की थीं। समाज कल्याण संबंधी 12, जिला आपूर्ति संबंधी 13, कैंट बोर्ड क्षेत्र संबंधी 10 और बिजली से संबंधित पांच शिकायतें पहुंची। ज्यादातर शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
ये अधिकारी रहे मौजूद
समाज कल्याण विभाग: संदीप सिंह, सहायक समाज कल्याण अधिकारी एवं आनंद बेलवाल, प्रकाश थपलियाल, गगन थापा सहायक समाज कल्याण अधिकारी।
नगर निगम : भूपेंद्र सिंह पंवार, सफाई निरीक्षक और विवेक कुमार सफाई नायक।
बिजली विभाग : रेनू सिंह, जेई यूपीसीएल।
आपूर्ति विभाग: विजय कुमार एवं जितेंद्र जोशी, पूर्ति निरीक्षक।
कैंट बोर्ड : नवनीत।
लोगों की प्रतिक्रिया
-केहरी गांव में फेरीवालों की संख्या बढ़ गई है। पूछने पर पता चला कि उनके पास तो आधार तक नहीं है। ऐसे में पुलिस से सत्यापन की मांग की। -कीरत सिंह
-इस बार पानी का बिल 300 रुपये ज्यादा आया है, उसको लेकर अधिकारियों से बात की है। उन्होंने समाधान का आश्वासन दिया है। -रवि भाटिया
-कुछ वर्षों में पेयजल संकट बढ़ा है। कई बार जनप्रतिनिधियों से मांग की। जल संस्थान से भी शिकायत की। चौपाल से दिक्कत दूर होने की उम्मीद है। -आंचल
-बीते कई महीनों से राशन कार्ड नहीं बन पा रहा था। अमर उजाला मोहल्ला चौपाल में आकर उसमें आने वाला गतिरोध समाप्त हो गया है। -प्रीति बड़ोनी
-क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटें नहीं लगी है। जिसके कारण रात को लोगों को भारी परेशानी हो रही है। अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। -महेंद्र भारद्वाज
-इलाके में पानी, सड़क और सफाई व्यवस्था ठीक नहीं है। अमर उजाला मोहल्ला चौपाल में सभी संबंधित अधिकारियों से शिकायत की है। -रंजीत कौर
-दिव्यांग पेंशन बनवाने आई हूं। अधिकारियों ने फार्म देने के साथ संबंधित कागजात की भी जानकारी दी है। अब पेंशन लगने की उम्मीद है। -कलादेवी
-कैंट बोर्ड ने यहां ट्रंचिंग ग्राउंड बना रखा है, जिसके कारण दुर्गंध से जीना मुहाल हो गया है। इसे तत्काल हटाने की मांग अधिकारियों से की है। -सुनीता जोशी
-सड़क की हालत खराब है। स्ट्रीट लाइट भी नहीं लगी है। जिसके कारण रात में हादसे की संभावना बनी रहती है। अधिकारियों से शिकायत की है। -सविता
-क्षेत्र में बंदरों का आतंक है। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में स्ट्रीट लाइटें भी नहीं लगी हैं। जिसकी वजह से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। -आशा नेगी
-पेंशन के लिए आया हूं। समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने जरूरी दस्तावेज बताए हैं, मोहल्ला चौपाल में आकर काम हो गया। -मनवर सिंह रावत
-राशन कार्ड नहीं बन पा रहा है। अमर उजाला मोहल्ला चौपाल में आकर अधिकारियों ने जानकारी दी है, साथ ही फार्म भी दिया गया है। - मोहन दत्त
-क्षेत्र में पेयजल और सीवर लाइन की समस्या बनी हुई है। मोहल्ला चौपाल के माध्यम से अधिकारियों को समस्या से अवगत करा दिया है। -आशीष गुसांई
-लोग जानवर पालते हैं, लेकिन गोबर सड़कों पर बह रहा है। दुर्गंध से सांस लेना दूभर हो गया है। संबंधित अधिकारियों से शिकायत की है। -भारत भूषण कौल