उत्तराखंड-यूपी के रेलवे स्टेशनों को बम से उड़ाने की धमकी के बाद पुलिस सतर्क, चलाया चेकिंग अभियान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जैश-ए-मोहम्मद के एरिया कमांडर के नाम स्टेशन अधीक्षक रुड़की, हरिद्वार समेत यूपी और उत्तराखंड के दस स्टेशनों को बम से उड़ाने की धमकी भरा पत्र मिलने के बाद पुलिस चौकन्ना हो गई है। इसके तहत रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है तो वहीं शुक्रवार को पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर चेकिंग अभियान भी चलाया।
शुक्रवार को एसपी जीआरपी मनोज कत्याल, आरपीएफ थाना प्रभारी सोनी शर्मा, जीआरपी थानाध्यक्ष सुभाष चंद्र, एसआई जीआरपी अमित कुमार और सहायक उपनिरीक्षक आरपीएफ जगत सिंह चौहान की अगुवाई में रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया गया।
एसपी जीआरपी रोशन लाल ने स्टेशन पर सुरक्षा प्रबंधों का जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस के जवानों ने स्टेशन पर यात्रियों के सामान की जांच की। इस दौरान यहां पहुंचने वाली सभी पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों में भी चेकिंग की गई। आरपीएफ हरिद्वार के सहायक सुरक्षा आयुक्त धर्मराज राम ने बताया कि वैसे तो रेलवे स्टेशन की सुरक्षा हर समय रहती है, लेकिन धमकी भरा पत्र मिलने के बाद सुरक्षा के अतिरिक्त प्रबंध किए गए हैं।
इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें बनाकर हर आनेजाने वालों की जांच की जा रही है। इसके साथ-साथ लोगों को जागरूक किया जा रहा है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत स्टेशन पर तैनात पुलिस को दें। सुरक्षा में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
उधमसिंह नगर में अलर्ट
रेलवे स्टेशनों को बम से उड़ाने की धमकी भरा पत्र मिलने के बाद यूएस नगर जिले में भी पुलिस प्रशासन ने अलर्ट घोषित कर दिया है। धमकी भरे पत्र में 10 रेलवे स्टेशनों की सूची में जिले से सटे रामपुर रेलवे स्टेशन का नाम भी शामिल है।
एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने बताया कि धमकी के मामले को देखते हुए जिले में सभी जगह सतर्कता बरतने के आदेश जिला पुलिस को दिए गए हैं। साथ ही सीमाओं पर विशेष चेकिंग अभियान चलाने को कहा गया है। स्थानीय अभिसूचना इकाई और अन्य खुफिया एजेंसियों को भी संदिग्धों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन और किसी भी संदिग्ध स्थान पर डॉग स्क्वाएड और बम निरोधक दस्ते को भी लगातार गश्त करने को कहा गया है।
इधर, रेलवे बोर्ड की तरफ से रुद्रपुर रेलवे स्टेशन पर तैनात रेलवे पुलिस बल और जीआरपी को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। शुक्रवार को आरपीएफ के दरोगा आरके भारद्वाज ने टीम के साथ ट्रेनों और रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। साथ ही यात्रियों से भी अपील की कि कोई संदिग्ध वस्तु दिखने पर आरपीएफ को सूचना दें और सतर्क रहें।