17 जनवरी से पंतनगर-पिथौरागढ़-देहरादून के बीच करें हवाई सफर, 25 तक सीटें हुई फुल
नैनीसैनी हवाई पट्टी से 17 जनवरी से नियमित उड़ान शुरू हो जाएगी। 15 जनवरी से टिकटों की बुकिंग का काम शुरू हो गया है। विमान सेवा को लेकर लोगों में उत्सुकता इस कदर थी कि चार घंटे के भीतर 25 जनवरी तक की बुकिंग फुल हो गई।
नौ सीटर विमान सेवा पंतनगर और देहरादून के लिए संचालित होगी। नैनीसैनी से 10:40 बजे विमान पंतनगर के लिए उड़ान भरेगा, जबकि दिन में 12:20 बजे विमान देहरादून के लिए यहीं से उड़ान भरेगा। देहरादून की फ्लाइट 10:20 बजे पिथौरागढ़ आएगी, जबकि पंतनगर से विमान दोपहर 12:00 पिथौरागढ़ पहुंचेगा।
1997 में बनकर तैयार हुई नैनीसैनी हवाई पट्टी से पिछले वर्ष आठ अक्तूबर से नियमित व्यावसायिक उड़ान शुरू करने की कवायद हुई थी। इसके लिए हेरिटेज ऐविएशन से करार किया गया था। ट्रायल लैंडिंग सफल रहने के बावजूद डीजीसीए से लाइसेंस नहीं मिलने से हवाई सेवा शुरू नहीं हो सकी।
इसके बाद लगातार प्रयास कर रही प्रदेश सरकार ने जनवरी से नियमित उड़ान शुरू करने का दावा किया था। मंगलवार को हेरिटेज एविएशन की ओर से टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग के लिए साइट खोलते ही सैकड़ों की संख्या में लोगों ने टिकटों की बुकिंग के लिए कोशिश शुरू कर दी।
बड़ी संख्या में लोग एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में बने पूछताछ काउंटर पहुंचे। यहां से सभी को टिकट बुकिंग के लिए हेरिटेज एविएशन की साइट बताई गई। टिकट बुकिंग साइट खुलते ही चार घंटे में ही 17 से 25 जनवरी तक के सभी टिकट बुक हो गए हैं।
ऑनलाइन टिकटों की बुकिंग करने वाले अंकुर ने बताया कि उनके पास पहले दिन 39 लोग टिकट बुक कराने पहुंचे। लोग देर शाम तर एक दूसरे से टिकट और रूट के बारे में पूछताछ करते नजर आए।
नै
नीसैनी एयरपोर्ट पर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त
नियमित उड़ान को लेकर नैनीसैनी एयरपोर्ट में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर दी हैं। एटीसी, फायर सर्विस, सेफ्टी सहित तमाम विभागों के अधिकारी तैनात हो गए हैं। हेरिटेज एविएशन के ऑपरेशन मैनेजर सुभाष अंथवाल ने बताया कि टिकटों को लेकर लोगों में काफी उत्साह है।
मनोज ने मौन नहीं तोड़ा, मिठाई बांटी
पिथौरागढ़। हवाई सेवा शुरू होने तक मौन धारण करने वाले मनोज जोशी एमएल ने अभी मौन नहीं तोड़ा है। हालांकि हवाई सेना शुरू होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने मंगलवार को मिठाई जरूर बांटी। उनका कहना है कि पहली फ्लाइट देहरादून के लिए रवाना होने के बाद ही अपना मौन व्रत तोड़ेंगे। मालूम हो कि मनोज ने हवाई सेवा शुरू करने की मांग को लेकर जंतर मंतर पर धरना भी दिया था।
ये है समय
आगमन
एयरपोर्ट प्रस्थान समय सेवा आगमन किराया
देहरादून 09:30 पिथौरागढ़ 10:20 1794
पंतनगर 11:30 पिथौरागढ़ 12:00 1635
प्रस्थान
पिथौरागढ़ 10:40 पंतनगर 11:10 1635
पिथौरागढ़ 12:20 देहरादून 1:10 1794