दून-दिल्ली का हवाई सफर होगा आसान, एयर इंडिया ने बढ़ाई फ्लाइट
देहरादून से दिल्ली की हवाई यात्रा करने वाले लोगों के लिए खुशखबरी है। एयर इंडिया ने देहरादून से दिल्ली के लिए हवाई सेवाओं में विस्तार किया है। एयर इंडिया का विमान अब सप्ताह में तीन दिन जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर आएगा। अगस्त माह से हवाई सेवाओं में और विस्तार करने की योजना है।
अभी तक एयर इंडिया का केवल एक विमान सप्ताह में दून से दिल्ली के लिए उड़ान भरता था। शाम की यह फ्लाइट 6 बजकर 5 मिनट पर जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचती है और 6 बजकर 35 मिनट पर वापसी की उड़ान भरती है।
एयर इंडिया ने उड़ानों को विस्तार देते हुए अब दिन के समय में भी विमान उतारना शुरू कर दिया है। सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, बुधवार और शुक्रवार को दिन में एक बजकर 50 मिनट पर 70 सीटर विमान दिल्ली से जौलीग्रांट आएगा और 2 बजकर 20 मिनट पर यात्रियों को लेकर दिल्ली की वापसी करेगा।
जौलीग्रांट से जाने वाले विमानों की संख्या बढ़कर तेरह
गौरतलब है कि देहरादून से दिल्ली की हवाई यात्रा करने वाले लोगों की तादाद लगातार बढ़ने से हवाई सेवाओं में भी बढ़ोतरी होना शुरू हो गई है। अब तक स्पाइसजेट, जेट एयरवेज और इंडिगो अपनी हवाई सेवाएं दे रहे हैं।
एयर इंडिया के साथ जौलीग्रांट से आवाजाही करने वाले विमानों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। एयर इंडिया के स्थानीय मैनेजर बी एस बड़थ्वाल ने बताया कि 20 जुलाई से दिन में विमान की आवाजाही शुरू हो गई है।