उत्तराखंड: एक दिन राहत मिलने के बाद फिर ठंड का कहर, यहां बर्फबारी जारी, गिरा पारा
गुरुवार को उत्तराखंड के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में खिली धूप के बाद आज शुक्रवार को एक बार फिर मौसम में बदलाव हुआ नजर आया। गुरुवार देर रात से हो रही बर्फबारी ने एक बार फिर राज्य भर में ठंड का प्रकोप है। राजधानी देहरादून में तड़के हुई हल्की बारिश के बाद धूप निकल आई। जिसके बाद शाम करीब साढ़े चार बजे ओलावृष्टि के साथ तेज बारिश शुरू हो गई।
पर्यटन नगरी मसूरी में भी शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे से दोबारा बर्फबारी शुरू हो गई जो सुबह करीब नौ बजे तक जारी रही। हालांकि बर्फबारी बेहद हल्की थी। इस दौरान पर्यटकों ने खूब सेल्फी ली। जिसके बाद मसूरी कोहरे की धुंध में छिप गया। मसूरी में हुई बर्फबारी के कारण कैम्पटी मार्ग बाधित हो गया। यहां दोपहर बाद ओलावृष्टि हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। जिसके बाद एक बार फिर मसूरी में बर्फबारी शुरू हो गई।
वहीं धनोल्टी में गुरुवार देर रात से बर्फबारी शुरू हो गई। जिससे एक बार फिर धनोल्टी में फसे पर्यटकों की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। बता दें कि बीते चार दिन पूर्व धनोल्टी में भारी बर्फबारी के कारण सड़के अभी खुली भी नहीं थी कि दोबारा बर्फ पड़नी शुरू हो गई। प्रशासन लगातार जेसीबी के माध्यम से सड़कों से बर्फ हटाने का काम कर रहा है। लेकिन फिर हुई बर्फबारी ने जेसीबी के पहिए भी थाम दिए हैं।
कई पर्वतीय क्षेत्रों में बिजली गुल है और बर्फबारी से सड़कें बंद हो गई हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अभी चौबीस घंटे तक बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहेगा। जहां एक ओर देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर व अन्य मैदानी इलाकों में बारिश हुई। वहीं बद्रीनाथ, हेमकुंड, औली, गौरसों, खिर्सू , केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, चकराता, मसूरी धनोल्टी, बागेश्वर के कपकोट, पिथौरागढ़ में मदकोट, मुनस्यारी, सौडलेख, थलकेदार और नैनीताल जिले के ऊंचाई वाले इलाकों बर्फबारी हुई।
मयाली-घनसाली मोटर मार्ग चिरबटिया में फिर से बाधित
चमोली जिले में बद्रीनाथ, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, नंदा घुंघटी, खिर्सू औली, गोरसों सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में देर रात से ही बर्फबारी हो रही है। यहां कंपकंपाने वाली ठंड पड़ रही है। श्रीनगर में सुबह से बारिश जारी है। यहां अंधेरा छाया हुआ है। रुद्रप्रयाग में देर रात से बारिश हो रही है। केदारनाथ सहित अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी है।
वहीं रुद्रप्रयाग जिले में हो रही लगातार बारिश और बर्फबारी के कारण डीएम ने शुक्रवार को भी समस्त शासकीय अशासकीय शिक्षण संस्थाओं में कक्षा 1 से 12 तक एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है। कर्णप्रयाग, गैरसैंण, गौचर सहित पिंडर घाटी में बारिश हो रही है।
आधी रात से बारिश बेनीताल की पहाड़ी व सिलपाटा क्षेत्र के गांवों में बर्फबारी जारी है। जंगलचट्टी से आगे बर्फ से रोड बंद पड़ी है। घनसाली भिलंगना छेत्र में मौसम का दूसरा हिमपात हुआ है। आज शादी विवाह का दिन है। जिससे लोगों की परेशानी झेलनी पड़ रही है। भारी बर्फबारी के चलते मयाली-घनसाली मोटर मार्ग चिरबटिया में फिर से बाधित हो गया है। यहां रोडवेज सहित दर्जन भर वाहन बर्फ में फसे हुए हैं।
पहाड़ों पर बर्फ ही बर्फ
मुनस्यारी में गुरुवार दिन भर बेहतरीन धूप खिलने के बाद शाम से मौसम खराब हुआ। जिसके बाद रात को शुरु हुई बर्फबारी शुक्रवार सुबह तक जारी रही। यहां सुबह तक लगभग आधा फिट जमा हो चुकी है। यहां पुरानी और नई बर्फ मिलाकर लगभग एक फुट है।
थल मुनस्यारी मोटर खोलने का कार्य पुनः ठप हो गया है। विद्युत आपूर्ति कल शाम बाजार में आती जाती रही। मदकोट जौलजीबी में रात से विद्युत आपूर्ति ठप है। कलामुनि, बेतुलीधार, पातलथौड़, बलांति आदि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 4 फिट बर्फ पड़ चुकी है। पिंडर घाटी क्षेत्र व शामा क्षेत्र में बर्फबारी हुई है। धानाचूली, रानीखेत के चौबटिया में भी बर्फबारी हुई है। नैनीताल जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में भी बर्फबारी होने की खबर है।
बर्फबारी से उत्तराखंड में करीब 311 गांवाें का संपर्क कटा हुआ है। 37 से ज्यादा सड़कों बंद पड़ी हैं। वहीं केदारनाथ के साथ सैकड़ों गांवों में बिजली आपूर्ति ठप है।
धूप खिली तो पांच डिग्री बढ़ा दून का तापमान
वहीं लगातार तीन दिन बारिश और बादल छाए रहने के बाद गुरुवार को धूप खिली तो लोगों को ठंड से राहत मिली। राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान में पांच डिग्री तक की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। दिनभर की धूप का असर रात को भी दिखा और न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।
राजधानी देहरादून में बारिश और आसपास के इलाकों में बर्फबारी से पिछले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में खासी कमी आई थी। वहीं, दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई थी। गुरुवार को धूप खिलने के बाद दून के साथ ही मसूरी, धनोल्टी समेत अन्य इलाकों के तापमान में भी वृद्धि हुई। राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान 22 डिग्री तक पहुंच गया। इससे लोगों को ठंड से काफी राहत मिली। वहीं, शाम और रात की ठंडक में भी कमी आई।