चकराता मर्डरः खौफजदा हुए सैलानी, संख्या घटी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सैलानी जोड़े की हत्या से सहमे पर्यटकों का चकराता से मोह भंग होने लगा है। यही कारण है कि बहुत कम पर्यटक चकराता पहुंच रहे हैं।
हालांकि, बाहरी इलाकों में स्थित होटलों की बुकिंग पर कोई असर नहीं पड़ा है। हत्या के बाद से पर्यटकों में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। जिस कारण चकराता में पर्यटकों की संख्या दिन प्रतिदिन घटती जा रही है।
असुरक्षा का भाव पर्यटकों में इस कदर हावी हो गया है कि अब होटलों में आने वाले पर्यटक खुद गाड़ियों की बुकिंग न कराकर होटलों के जरिए गाड़ियां बुक करा है। आम तौर पर नवंबर माह में भी पर्यटकों से भरे रहने वाले चकराता छावनी बाजार के होटल इन दिनों खाली चल रहा है।
पर्यटक स्थलों पर तैनात किए होमगार्ड
ऐसे में होटल व्यवसायियों को डर सता रहा है कि यदि ऐसे ही हालत बने रहे तो अगले महीने क्रिसमस और न्यू ईयर के सेलिब्रेशन में इसका खासा असर देखने को मिलेगा।
उत्तरायण होटल के मालिक अमित जोशी ने बताया कि शहर के बीच स्थित होटलों में बहुत कम लोग ही बुकिंग करा रहे हैं। पर्यटकों में असुरक्षा का भाव है।
उधर, छावनी क्षेत्र के आउटर पर स्थित होटल व्यवसायी विवेक अग्रवाल ने बताया कि घटना के बाद भी पर्यटकों की संख्या उतनी ही है। हां बस फर्क इतना है कि अब किराए पर वाहन होटल के माध्यम से ही बुक कराए जा रहे हैं।
सैलानी जोड़े की हत्या के बाद जिला प्रशासन भी हरकत में आया है। चकराता तहसील को 10 होमगार्ड मिले हैं, जिनकी ड्यूटी पर्यटकों की सुरक्षा में लगाई जाएगी।
छह जगह चिह्नित, होगी चेकिंग
तहसील प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से क्वानू, साहिया, कालसी, नागथात, लाखामंडल और त्यूनी को चयनित किया है। यहां समय-समय पर चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। ग्राम प्रहरियों का नेटवर्क भी मजबूत किया जाएगा।
..आओ चकराता को फिर संवारे
दिल्ली के सैलानी जोड़े की हत्या से बिगड़ी जौनसार बावर की छवि सुधारने के लिए तहसील और पुलिस प्रशासन आगे आया है। एसडीएम चकराता अशोक कुमार पांडेय ने कालसी तहसील में प्रेसवार्ता कर लोगों से एक बार फिर से ‘सेफ चकराता आओ’, ‘चकराता को फिर से संवारे’ नारे के साथ नई शुरुआत करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि हमेशा से ही जौनसार पर्यटकों के लिए सुरक्षित स्थल रहा है, लेकिन कुछ लोगों के कृत्य ने जौनसार बावर की छवि के साथ ही यहां के पर्यटक व्यवसाय को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि पर्यटकों की सुरक्षा के प्रति शासन प्रशासन के साथ स्थानीय लोगों की भी नैतिक जिम्मेदारी बनती है।
उन्होंने होटल और लॉज चलाने वालों को सराय एक्ट में पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। कहा कि यहां ठहरने वाले पर्यटकों की रिपोर्ट प्रत्येक सप्ताह तहसील प्रशासन को देनी होगी। उन्होंने कहा कि सप्ताह भर के भीतर निर्देशों का पालन कराना एसओ चकराता और नायब तहसीलदार की जिम्मेदारी है।
सीओ स्वप्न किशोर सिंह ने कहा कि किसी संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी कोई भी व्यक्ति पुलिस को दे सकता है। इस मौके पर तहसीलदार चकराता केडी जोशी, तहसीलदार कालसी जयचंद गुरू, नायब तहसीलदार स्वराज सिंह तोमर, जेएस राणा आदि मौजूद रहे।