पहाड़ों पर भारी बर्फबारी से ठिठुरे लोग, दस डिग्री तक गिरा उत्तराखंड का पारा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चारों धाम समेत पहाड़ों पर भारी बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश से तापमान में दस डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। गढ़वाल में टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली और पौड़ी जिले में शनिवार को जमकर हिमपात हुआ।
शुक्रवार से हो रही बारिश-बर्फबारी से देहरादून समेत निचले इलाके भी शीतलहर की चपेट में हैं। केदारनाथ में तापमान माइनस-6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। बदरीनाथ धाम में पांच और हेमकुंड साहिब में 6-7 फीट बर्फ जम गई है। केदारनाथ में देर शाम तक भी बर्फबारी जारी थी।
टिहरी जिले के धनोल्टी में सीजन की पहली बर्फबारी हुई, जिसका लुत्फ लेने के लिए सुबह से ही पर्यटकों का हुजूम उमड़ पड़ा। लैंसडौन में भी तापमान शून्य हो गया है। चकराता और आसपास की पहाड़ियों पर भी मौसम का पहला हिमपात हुआ।
बर्फ से लकदक हुई पहाड़ों की रानी
शनिवार को चकराता का न्यूनतम तापमान -04 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मसूरी और धनोल्टी में भी जमकर बर्फबारी हुई। लाल टिब्बा, पार्क एस्टेट, भद्रराज मंदिर, जार्ज एवरेस्ट हाउस में करीब पांच से छह इंच बर्फ गिरी।
नगर के प्रमुख बाजारों कुलड़ी, लंढौर और लाइब्रेरी में बर्फ की फुहारें गिरीं। सुबह से ही बड़ी संख्या में सैलानी मसूरी पहुंचने लगे थे।
कुमाऊं की चोटियां भी बर्फ से लकदक हो गईं। पिथौरागढ़ जिले में मुनस्यारी, खलियाटॉप, बेटुलीधार, पातलथौड़ में हिमपात हुआ है। कैलास मानसरोवर पैदल यात्रा मार्ग बूंदी से लिपुलेख तक बर्फ से पट गया है।
सरोवर नगरी में भी जमकर बर्फबारी
नैनीताल समेत आसपास की पहाड़ियों पर भी जमकर हिमपात हुआ। इसके बाद स्नोव्यू, किलबरी, टिफन टाप, सात नंबर क्षेत्र, बिड़ला परिसर, हिमालय दर्शन आदि क्षेत्रों में बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे।
नैनीताल का न्यूनतम तापमान -1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। भीमताल के आसपास के क्षेत्रों गागर, रामगढ़, मुक्तेश्वर, धारी, धानाचूली, मनाघेर, चौरलेख, पहड़पानी, मोतियापाथर, भटेलिया, सतबूंगा, गागर, रामगढ़, मुक्तेश्वर, शीतला व नथुवाखान क्षेत्र में हिमपात हुआ।
ठंड से एक की मौत
हल्द्वानी के तराई-भाबर के लोग भी बारिश से बाद बढ़ी शीत लहर से कांप गए। ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर में तिलक नगर पश्चिमी दिल्ली निवासी सुक्खा (30) पुत्र बब्बू की ठंड से मौत हो गई। शनिवार सुबह कंबल में लिपटा उसका शव रंपुरा (रुद्रपुर) स्थित काली मंदिर के पास पड़ा मिला।
आज शाम तक मौसम हो जाएगा साफ
देहरादून, हरिद्वार समेत मैदानी जिलों में बारिश और ओले पड़ने से मौसम ठंडा हो गया है। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि रविवार को राजधानी समेत प्रदेश के कई हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहेंगे।
वहीं, कुमाऊं क्षेत्र में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी के अलावा 2500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फ पड़ने की संभावना है। मैदानी इलाकों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश के भी आसार हैं। हालांकि रविवार शाम तक ज्यादातर जगहों पर मौसम साफ हो जाएगा।