भाजपा नेता की एक 'चिट्ठी' से पार्टी में मच गया हड़कंप, जानें क्या है माझरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा नेता की चिट्ठी से पार्टी में हड़कंप मच गया। आगे जानिए पूरा माझरा...
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अजय भट्ट की नकली चिट्ठी पर यूपी आवास विभाग के अफसर के खिलाफ असली एक्शन शुरू हो गया है। आयकर विभाग ने कार्रवाई की सूचना अजय भट्ट को दी तो पूरी उत्तराखंड भाजपा हैरान रह गई।
प्रदेश अध्यक्ष की ओर से डीजीपी को पत्र देकर स्पष्ट किया गया है कि इस तरह की कोई चिट्ठी कभी भेजी ही नहीं गई है। संबंधित मामले में डीजीपी ने एडीजी कानून-व्यवस्था को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
आगे जानिए क्या हुआ
प्रदेश भाजपा कार्यालय में सह मीडिया प्रभारी बलजीत सिंह सोनी ने प्रेस कान्फ्रेंस करके इस पूरे फर्जीवाडे़ की कहानी बयान की। उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के नकली लेटर हेड का इस्तेमाल करते हुए किसी ने यूपी विजिलेंस एस्टैबलिशमेंट के गोमती नगर लखनऊ स्थित कार्यालय में चिट्ठी भेजी।
इसमें तीन अक्टूबर 2017 की तारीख और पत्रांक जीसी/2017 अंकित है। इस पत्र में यूपी आवास विकास परिषद के संपति प्रबंधक राम किशन सिंह के खिलाफ कई शिकायतों का जिक्र किया गया है।
नकली लेटर हेड में अजय भट्ट के फर्जी दस्तखत भी किए गए हैं। उत्तराखंड भाजपा को इस मामले की जानकारी तब हुई जब 28 दिसंबर 2017 की आयकर विभाग की एक चिट्ठी प्रदेश अध्यक्ष को मिली। इसमें संपत्ति प्रबंधक के खिलाफ मामले में की जा रही कार्रवाई का जिक्र किया गया है।
डीजीपी को लिखी अजय भट्ट की चिट्टी
पुलिस महानिदेशक,
12, सुभाष रोड, देहरादून
प्रिय महोदय,
आपके संज्ञान में लाना है कि मेरे लेटर हेड का कुछ लोगों द्वारा फर्जी तरीके से नकल एवं मेरे जाली हस्ताक्षर करके यूपी विजिलेंस एस्टैबलिशमेंट, टीसीवी, 44 विभूति खंड, गोमती नगर लखनऊ को एक पत्र प्रेषित किया गया है, जिसमें श्री रामकिशन सिंह, संपत्ति प्रबंधक उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद लखनऊ के खिलाफ जांच किए जाने के संबंध में लिखा गया है।
कुछ लोग एक सोची समझी रणनीति के तहत पार्टी के लेटर हेड और मेरे जाली हस्ताक्षर करके इस प्रकार के घृणित कार्य कर जानबूझकर मेरी छवि को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं, जो एक बहुत बड़ी साजिश हो सकती है। यदि किसी दूसरे राज्य के कोई अधिकारी पर भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं तो वहां के स्थानीय नेता जांच किए जाने हेतु वहां की सरकार/जांच एजेंसी से अनुरोध को सक्षम हैं।
मेरे कार्यालय द्वारा उक्त पत्रांक का आज तक कोई भी पत्र जारी नहीं किया गया है। यहां यह अवगत कराना भी आवश्यक है कि महानिदेशक आयकर विभाग (विजिलेंस) नई दिल्ली द्वारा उक्त पत्र के संबंध में की गई कार्रवाई का उत्तर आपकी सुलभ सुविधा हेतु संलग्न प्रार्थना पत्र के साथ प्रेषित कर रहा हूं।
अत:मेरा आपसे आग्रह है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल उपरोक्त प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच एवं दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई किए जाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का कष्ट करें ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो, यदि कृत कार्रवाई से मुझे भी अवगत करा दें, तो आपका आभारी रहूंगा।
अजय भट्ट