हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर दर्दनाक हादसा, महामंडलेश्वर समेत दो की मौत, तीन की हालत गंभीर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर कोर कालेज के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक कार पुराने पुल से रतमऊ नदी में गिर गई। इसमें रामानंद आश्रम के परमाध्यक्ष एवं महामंडलेश्वर और उनके एक अनुयायी की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।
तीनों घायलों को रामकृष्ण मिशन अस्पताल से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि पुराना पुल वाहनों की आवाजाही के लिए बंद किया हुआ है, लेकिन इससे पहले कोई साइन बोर्ड नहीं लगा है। माना जा रहा है कार पुल पर पहुंचकर अनियंत्रित हो गई और नदी में गिर गई।
शनिवार को श्रवणनाथ नगर स्थित रामानंद आश्रम के परमाध्यक्ष और महामंडलेश्वर भगवानदास और उनका अनुयायी एमएल गोस्वामी दिल्ली से हरिद्वार आ रहे थे। बताया जाता है कि शनिवार देर रात करीब 12 बजे कोर कालेज के पास रतमऊ नदी के पुराने पुल के पास कार अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई।
हाईवे से गुजर रहे वाहन चालकों की सूचना पर बहादराबाद थानाध्यक्ष मनोहर सिंह भंडारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कार में फंसे पांच लोगों को बाहर निकाला। तब तक दो की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से तीन घायलों को कनखल के रामकृष्ण मिशन अस्पताल पहुंचाया। थानाध्यक्ष मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि मृतकों की पहचान परमाध्यक्ष एवं महामंडलेश्वर भगवानदास (61) और रूपेंद्र गोस्वामी (60) निवासी रामानंद आश्रम श्रवणनाथ नगर के रूप में हुई है।
जबकि घायलों के नाम महेश पंत पुत्र जयदेव पंत, हरेंद्रदास पुत्र वृंदानंद बिहारीदास निवासीगण रमानंद आश्रम और विमलेश गोस्वामी पुत्र मुनेश्वर गोस्वामी निवासी गुड़गांव (हरियाणा) के रूप में हुई है।