पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों में अभियान चलाकर 748 लोगों के सत्यापन किए। इस दाैरान किरायेदारों का सत्यापन न करवाने पर 52 मकान मालिकों सेे 5.20 लाख जुर्माना वसूला गया। वहीं, 16 संदिग्ध लोगों को थाने लाकर पूछताछ की गई। 37 लोगों के पुलिस एक्ट के तहत चालान किए। विकासनगर कोतवाली पुलिस ने कस्बा बाजार, मदीना बस्ती और कैनाल रोड में 300 बाहरी लोगों के सत्यापन किए। सीओ बीएल शाह ने बताया कि 13 मकान मालिकों ने किरायेदारों का सत्यापन नहीं कराया था। सभी के 10-10 हजार रुपये के चालान किए गए। 10 लोगों पर पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। जिले के सीमांत क्षेत्र त्यूणी में 150 लोगों का सत्यापन किया गया। थाना प्रभारी विनय मित्तल ने बताया 10 मकान मालिकों ने अपने किरायेदारों का सत्यापन नहीं कराया था। सभी को चेतावनी देते हुए 10-10 हजार रुपये के चालान किए गए। चार लोगों के पुलिस एक्ट के तहत चालान किए। वहीं, सहसपुर थाना पुलिस ने रामपुर, शंकरपुर, चोई बस्ती, धर्मावाला सभावाला और सिंहनीवाला में अभियान चलाया। थाना प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि 298 बाहरी लोगों का सत्यापन किया गया। 29 मकान मालिकों ने अपने किरायेदारों का सत्यापन नहीं कराया था। सभी के 10-10 हजार के चालान किए गए। 16 संदिग्ध व्यक्तियों को थाने लाकर उनसे पूछताछ की गई। 23 लोगों के पुलिस एक्ट के तहत चालान किए गए। एसपी देहात रेणु लोहानी ने बताया कि सत्यापन अभियान जारी रहेगा। मकान मालिकों से किरायेदारों के सत्यापन के लिए चेतावनी दी गई है।