अर्धकुंभ बदलेगा तस्वीर, हरकी पैड़ी पर उतरेगा हेलीकॉप्टर
2016 में हरिद्वार में लगने वाले अर्द्धकुंभ मेले की तैयारियों के मद्देनजर हरकी पैड़ी का विस्तार किया जाएगा। इसके तहत हरकी पैड़ी क्षेत्र में बिजली और लाउडस्पीकर की तारों को अंडरग्राउंड किया जाएगा। यही नहीं हरकी पैड़ी के पास ही हैलीपेड बनाने और एक स्थायी पुल बनाने का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। शनिवार को मेला क्षेत्र का निरीक्षण करने आए मुख्यमंत्री हरीश रावत ने अधिकारियों को इस बाबत निर्देश दिए।
शनिवार की दोपहर हरकी पैड़ी क्षेत्र पहुंचे मुख्यमंत्री हरीश रावत ने अधिकारियों को स्थायी प्रवृत्ति के कार्य अधिक करने को कहा। मुख्यमंत्री ने हरकी पैड़ी क्षेत्र के विस्तार पर जोर दिया। इसमें महिला घाट को हटाकर हरकी पैड़ी का विस्तार किया जाएगा। मालवीय द्वीप पर बने सुरक्षा टावर को हटाकर इसके स्थान पर कम जगह में टावर बनाया जाएगा। होटल संचालकों और दुकानदारों से बात करके बीच में एक और रास्ता बनाने का प्रस्ताव है।
यहां पर शिवमूर्ति पर फव्वारा लगाकर सौंदर्यीकरण करने और पुराने पुलों पर टाइल्स आदि लगाने का काम भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कुंभ कलश के सौंदर्यीकरण और इसके आसपास की खाली भूमि को पार्क के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।
केंद्र सरकार की ओर से अर्द्धकुंभ का बजट नहीं मिलने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी राज्य के संसाधनों से ही काम शुरु करने को कहा गया है। केंद्र सरकार की ओर से बजट मिलने की उम्मीद है। अर्द्धकुंभ से पहले फोरलेन पूरा होने के सवाल पर सीएम बोले कि यहीं पर आकर हमारी जुबान बंद हो जाती है। फिर भी विभागीय केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से बात हुई है, उन्होंने इसे जल्द पूरा कराने का आश्वासन दिया है।
फफक कर रोया सीएम से मिलने पहुंचा पिता
वीआईपी गंगा घाट पर अर्द्धकुंभ मेले की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री हरीश रावत जब अधिकारियों को दिशा-निर्देश दे रहे थे उसी समय सीएम से मिलने पहुंचा एक पिता फफक-फफक कर रो पड़ा। दौड़कर पहुंची एसएसपी ने पीड़ित की शिकायत पर कार्रवाई न होने पर अधीनस्थों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए तुरंत पीड़ित को कोतवाली ले जाकर तीन के खिलाफ बेटी के अपहरण का मुकदमा दर्ज किया।
शहर कोतवाली से सटी ब्रह्मपुरी की रहने वाली एक किशोरी 23 दिसंबर को अपने दोस्तों के साथ गई थी। रायवाला में वह एक ट्रक की चपेट में आई। इस दौरान उसके पैर बुरी तरह कुचल गए थे। किशोरी को पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया। वहीं पर डॉक्टरों ने पिता को किशोरी के पैर ठीक न होने की बात कही था। पिता का आरोप है कि कुछ लोग उसकी बेटी का अपहरण कर गए थे। उसी बीच हादसा हुआ था। आरोप है कि उसे भी कार्रवाई करने पर हत्या की धमकी दी जा रही है।
आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए वह पिछले दो दिन से एसएसपी कार्यालय से शहर कोतवाली तक के चक्कर काट चुके हैं लेकिन फरियाद नहीं सुनी जा रही। शनिवार को पिता वीआईपी गंगा घाट पर मुख्यमंत्री से गुहार लगाने पहुंचे। पास पहुंचते ही वह फफक-फफक कर रो पड़े। बुजुर्ग को रोता देखकर पुलिस तुरंत हरकत में आई।
पास ही एसएसपी स्वीटी अग्रवाल मौजूद रही। रोते-रोते बुजुर्ग बोले कि आपसे (एसएसपी) भी मिला था। लेकिन कुछ कार्रवाई नहीं हुई। आरोप लगाया कि शुक्रवार को कोतवाली में दिनभर बैठा रहा। मुख्यमंत्री का ध्यान बुजुर्ग तक नहीं गया। एसएसपी ने तुरंत कोतवाली प्रभारी पीसी मठपाल को निर्देश दिए कि बुजुर्ग को ले जाकर मुकदमा दर्ज किया जाए। कोतवाल बुजुर्ग को कोतवाली ले गए। जहां बुजुर्ग ने मोहल्ले के ही बंटी, उसके दोस्त एवं एक किशोरी के खिलाफ बेटी के अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दुर्घटना का मामला रायवाला थाने में भी दर्ज है।