Coronavirus: देहरादून में दूल्हे के बाद अब दुल्हन समेत 14 बराती भी मिले कोरोना संक्रमित
- सेना के छह जवान और मसूरी में डॉक्टर समेत छह लोग भी मिले संक्रमित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देहरादून जिले में दूल्हे के बाद अब दुल्हन समेत 14 बरातियों में भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके अलावा सेना के छह जवान भी संक्रमित पाए गए हैं। आज अभी तक 25 से अधिक लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने की खबर है।
स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले दिनों कांवली रोड निवासी एक दूल्हा संक्रमित पाया गया था। जिसके बाद अब विवाह में आए करीब 14 लोग भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। इन्हें क्लेमेंटाउन स्थित एक क्वारंटीन सेंटर में क्वारंटीन किया गया था।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड: इस शहर में दोबारा लगा संपूर्ण लॉकडाउन, बाजार से लेकर गली-मोहल्लों तक में सन्नाटा, तस्वीरें...
कोरोना की पुष्टि होने के बाद अब इन सभी को राजकीय दून मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। बता दें कि दूल्हा पहले से ही दून अस्पताल में भर्ती है। इसके अलावा सेना के छह जवान कोरोना संक्रमण पाया गया। वहीं, मसूरी में एक सरकारी अस्पताल के डॉक्टर समेत छह लोगों में भी कोरोना संक्रमण पाया गया है।
आज दुकानें छोड़कर बाकी सब खुला
कोरोना संक्रमण को लेकर रविवार को दून में दुकानें, बाजार और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बंद रखा गया है। पेट्रोल पंप, मेडिकल स्टोर, डेयरी, गैस एजेंसी, टिफिन सर्विस, लाइसेंसधारक मीट-मछली की दुकानें, औद्योगिक इकाइयां और अस्पतालों की ओपीडी खुली हैं। बेकरी और होम डिलीवरी सेवा भी संचालित है। विक्रम,ऑटो, सिटी बसें भी चल रही हैं। इसके अलावा निर्माण कार्य एवं औद्योगिक इकाइयां भी संचालित हो रही हैं।
मास्क न पहनने पर 528 लोगों का चालान
देहरादून जिला प्रशासन और पुलिस की टीम ने शनिवार को सार्वजनिक स्थानों पर मास्क न पहनने पर 528 लोगों के चालान किए। ऋषिकेश में चार और सदर क्षेत्र में 32 लोगों के चालान किए गए। वहीं, पुलिस ने जिले में 492 लोगों के चालान किए।
नगर निगम ने चलाया फॉगिंग अभियान
आज शहर में नगर निगम की ओर से डेंगू के खिलाफ अभियान चलाते हुए फॉगिंग की गई। टीम ने सभी वार्डों के साथ ही बाजारों, मंडी, अस्पताल आदि जगहों पर भी फॉगिंग की।