यूपी: गिरोह का भंडाफोड़, सरगना समेत तीन दबोचे, सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर करते थे ठगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद में सर्विलांस टीम ने मेडिकल थाना पुलिस के साथ मिलकर मंगलवार को एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। टीम ने गिरोह के तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी बेरोजगार युवकों को सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करते थे।
ऐसे करते थे ठगी
इस गिरोह का मास्टर मांइड योगेंद्र शर्मा पुत्र किशन स्वरूप शर्मा है। यह अपने साथियों के साथ मिलकर बी.ए, एमए और बीएड किए हुए युवाओं को सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर जाल में फंसाते थे। इनका नेटवर्क कई राज्यों में फैला है। हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों के बेरोजगार युवकों को आर्मी, राजस्थान पुलिस, दिल्ली पुलिस, हरियाणा पुलिस, असम राइफल, एफ.सी.आई एवं एम.ई.एस आदि में नौकरी दिलवाने के नाम पर एक युवा से तीन से छह लाख रुपये तक लेते थे।
सरगना ने उगला सच
गिरोह के सरगना योगेंद्र ने पूछताछ में बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर ऐसे बेरोजगार युवकों को तलाशते थे, जो इंटर, बी.ए और बीएड करने के बाद सरकारी नौकरी के लिए प्रयास करते थे। गिरोह के लोग ऐसे ही जरूरतमंद युवकों को अपने झांसे में फंसाते थे। उन्हें आर्मी, पुलिस, एफ.सी.आई आदि में सरकारी नौकरी दिलाने के लिए तैयार कर लेते थे। इसके बाद उन्हें अपने साथ गाड़ी में बैठाकर लखनऊ या दिल्ली ले जाते थे। जहां किसी होटल में अपने गिरोह के दूसरे सदस्य से मिलवाते थे। वह सदस्य सरकारी विभाग का अफसर बनकर उनसे मिलता था और उनसे सभी जरूरी कागज जैसे, अंक तालिका, आधार कार्ड, जाति व निवास प्रमाण पत्र आदि अपने पास जमा करा लेते थे। इसके अलावा व्यक्ति की जरूरत व सरकारी विभाग के अनुसार तीन से छह लाख रुपये नौकरी दिलाने के नाम पर ले लेते थे।
यह भी पढ़ें: कभी सजती थी यहां अपराधियों की महफिल, अब वीरान हुई बद्दो की आलीशान कोठी, देखें तस्वीरें
ये हुए गिरफ्तार
1. योगेंद्र शर्मा पुत्र किशन स्वरूप शर्मा निवासी-गांव कुराना थाना सिंभावली जनपद हापुड़।
2. इन्द्रराज सिंह पुत्र मदन लाल निवासी-गांव रसूलपुर थाना बाबूगढ़ जनपद हापुड़।
3. नवीन शर्मा पुत्र मूलचन्द्र निवासी- ग्राम-निखू पोस्ट सटला थाना सयाना जनपद बुलंदशहर।
फरार हुआ आरोपी
1. योगेश शर्मा पुत्र प्रेमचन्द्र शर्मा निवासी-मौहल्ला मुफ्तीवाड़ा कस्बा व थाना शिकारपुर जनपद बुलंदशहर।
ये हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन, 16,500 रुपये नकद, एक सफेद रंग की सैंट्रो कार, असम राइफल, दिल्ली पुलिस, एफ.सी.आई, एम.ई.एस के फर्जी नियुक्ति पत्र, विभिन्न व्यक्तियों की ओरिजनल अंक तालिकाएं, खाली व लिखें हुए स्टांप पेपर, मोहरें और 10 बैंक खातों की पासबुक व चैक बुक बरामद किए गए।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/