शहर में सिगरेट चोरों का खौफ, 12 लाख के सिगरेट किए चोरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में कारोबारी के गोदाम के ताले तोड़कर करीब 12 लाख रुपये कीमत की सिगरेट चोरी कर ली गई। सुबह घटना का खुलासा हुआ तो व्यापारियों ने एसपी सिटी से मिलकर नाराजगी जताई है। उनका आरोप था कि शहर क्षेत्र में सिगरेट चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय है।
प्रेमनगर की ठाकुरपुर रोड पर मनोज मार्टिन सिगरेट का गोदाम है। बृहस्पतिवार रात को चोर गोदाम के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए। यहां से 12 लाख रुपये कीमत के सिगरेट कार्टून चोरी कर ले गए। शुक्रवार सुबह कारोबारी गोदाम पर गए तो घटना का पता लगा। लाखों की सिगरेट की चोरी का पता लगा तो मौके पर व्यापारियों का जमावड़ा हो गया।
बाद में व्यापारियों ने एसपी सिटी अजय सिंह से मिलकर बताया कि तीन माह में शहर क्षेत्र में सिगरेट चोरी की पांच घटनाएं हो चुकी हैं। जाहिर है कि कोई गिरोह सक्रिय है, जो सिगरेट कारोबारियों को निशाना बना रहा है। एसपी सिटी ने भरोसा दिया कि गोदाम चोरी के मामले में कई संदिग्ध उठाए गए हैं, जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। व्यापारी नेता वेद कुमार, दीपक गुप्ता, दीपक इंद्रेश अग्रवाल, अश्विनी, नवीन गुप्ता आदि इस दौरान मौजूद रहे।
थाने के पीछे मकान से नकदी-जेवर चोरी
क्लेमेंटटाउन थाने के पीछे चोरों ने सीनियर सिटीजन के बंद मकान के ताले और दरवाजे तोड़कर नकदी और जेवर चोरी कर लिए। गृह मालकिन मकान बंद कर अपने बेटे के पास मुंबई गई हुई है।
क्लेमेंटटाउन क्षेत्र की लेन नंबर तीन में सीनियर सिटीजन शोभा शर्मा का आवास है। वे मकान पर ताला लगाकर तीन मार्च को बेटे के पास मुंबई गई थीं। उन्होंने घर की देखरेख की जिम्मेदारी पास ही रहने वाली अपनी बेटियों को सौंपी थी। माली साधुराम रोज काम करने उनके घर आता था। बृहस्पतिवार शाम तक घर में सब कुछ ठीक-ठाक था।
शुक्रवार सुबह माली आया तो पिछले दरवाजे के ताले और गेट टूटे देखकर उसका माथा ठनक गया। अंदर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। माली ने मालकिन की छोटी बेटी को चोरी की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल करने के बाद तहरीर ले ली है। पुलिस को बताया गया है कि चोर घर से 12 हजार रुपये की नकदी, चेन, अंगूठी, कंगन आदि चोरी कर ले गए। एसओ ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर चोरों का पता लगाया जा रहा है।