Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Pat Cummins Calls Usman Khawaja's Sandpapergate Claims 'Utter Nonsense', Defends Australia's Bowlers

'दोस्त ऐसे किसी की साख से नहीं खेलते...': उस्मान ख्वाजा के दावों पर भड़के पैट कमिंस! सैंडपेपर विवाद फिर गरमाया

Fri, 13 Nov 2026 08:13 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, सिडनी
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, सिडनी Published by: स्वप्निल शशांक Updated Fri, 13 Nov 2026 08:13 AM IST
सार

ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा 'सब्र' में 2018 के सैंडपेपर विवाद को लेकर किए गए खुलासों पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने गेंदबाजों को साजिश का हिस्सा बताए जाने से इनकार किया और ख्वाजा के दावों को पूरी तरह बकवास बताया।

विज्ञापन
Pat Cummins Calls Usman Khawaja's Sandpapergate Claims 'Utter Nonsense', Defends Australia's Bowlers
ख्वाजा और कमिंस - फोटो : ANI

विस्तार

ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस और पूर्व सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा के बीच 2018 के बॉल टेम्परिंग विवाद को लेकर जुबानी जंग तेज हो गई है। ख्वाजा ने अपनी आत्मकथा 'Sabr' में दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान हुए सैंडपेपर विवाद को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने इस मामले में पूरी टीम की जानकारी और जिम्मेदारी पर सवाल उठाए हैं।

विज्ञापन


अब कमिंस ने इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें 'पूरी तरह बकवास' बताया है। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने यहां तक कहा कि ख्वाजा अपनी किताब में दूसरे खिलाड़ियों की जिंदगी और प्रतिष्ठा के साथ लापरवाही बरत रहे हैं। कमिंस ने स्पष्ट किया कि उन्हें मैदान पर सैंडपेपर ले जाने की किसी योजना की जानकारी नहीं थी। उन्होंने टीम के तेज गेंदबाजी समूह को इस साजिश का हिस्सा बताए जाने पर भी कड़ी आपत्ति जताई।
विज्ञापन


विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

Pat Cummins Calls Usman Khawaja's Sandpapergate Claims 'Utter Nonsense', Defends Australia's Bowlers
कमिंस और बेकी के बीच लड़ाई - फोटो : Twitter

ख्वाजा की किताब में क्या हुआ खुलासा?
उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा 'सब्र' के सामने आने के बाद ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में 2018 का सैंडपेपर विवाद एक बार फिर चर्चा में है। ख्वाजा ने अपनी किताब में दावा किया है कि दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान गेंद से छेड़छाड़ की जानकारी केवल उन तीन खिलाड़ियों तक सीमित नहीं थी, जिन्हें बाद में सजा मिली थी। उन्होंने पूरी टीम की जानकारी और जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठाए हैं।

ख्वाजा ने अपनी किताब में यह भी खुलासा किया कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2018 सीरीज के दूसरे टेस्ट में पोर्ट एलिजाबेथ (अब गकेबरहा) में भी ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने सैंडपेपर का इस्तेमाल किया था। हालांकि, उस समय यह मामला सामने नहीं आया था। तीसरे टेस्ट में केपटाउन के दौरान कैमरन बेनक्रॉफ्ट को सैंडपेपर से गेंद की स्थिति बदलने की कोशिश करते हुए कैमरे ने पकड़ लिया था। इतना ही नहीं, ख्वाजा ने 2017-18 की घरेलू एशेज सीरीज के दौरान भी गेंद की स्थिति बदलने के लिए क्वार्टर सीम को उठाने की बात कही है। उनके इन खुलासों ने पुराने विवाद को फिर से हवा दे दी है।

Pat Cummins Calls Usman Khawaja's Sandpapergate Claims 'Utter Nonsense', Defends Australia's Bowlers
वॉर्नर-ख्वाजा और ख्वाजा की किताब सब्र - फोटो : IANS

'सैंडपेपर मैदान पर ले जाने की जानकारी नहीं थी'
सिडनी के क्रिकेट सेंट्रल में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कमिंस ने ख्वाजा के दावों पर खुलकर जवाब दिया। उन्होंने विशेष रूप से उस दावे को गलत बताया, जिसमें कहा गया था कि उन्हें और ऑस्ट्रेलिया के अन्य प्रमुख गेंदबाजों को मैदान पर सैंडपेपर ले जाने की जानकारी थी। कमिंस ने कहा, 'जब वह कहते हैं कि हम सभी को पता था, अगर उनका मतलब यह है कि हमें पता था कि सैंडपेपर मैदान पर ले जाया जा रहा है, तो वह 100 प्रतिशत गलत हैं।' उन्होंने आगे कहा, 'मैं पिछले आठ साल से लगातार यही कह रहा हूं। मुझे नहीं पता था कि ऐसा हो रहा है। लेकिन मुझे लगता है कि उस्मान ने इससे भी कहीं ज्यादा गंभीर बातें कही हैं।'

कमिंस ने उस दावे को भी पूरी तरह खारिज किया, जिसमें उन्हें और दूसरे गेंदबाजों को गेंद से छेड़छाड़ की योजना बनाने वालों में शामिल बताया गया था। उन्होंने कहा, 'उन्होंने कहा है कि मैं और दूसरे लोग सैंडपेपर से गेंद से छेड़छाड़ करने की योजना के सूत्रधार थे। यह पूरी तरह बकवास है।'

Pat Cummins Calls Usman Khawaja's Sandpapergate Claims 'Utter Nonsense', Defends Australia's Bowlers
गेंद से छेड़छाड़ करते बैनक्रॉफ्ट - फोटो : Twitter
'दोस्त एक-दूसरे की जिंदगी और प्रतिष्ठा से नहीं खेलते'
कमिंस ने ख्वाजा के साथ अपनी दोस्ती का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें इस बात से ज्यादा निराशा है कि उनके पुराने साथी ने अपनी किताब में दूसरे खिलाड़ियों के बारे में इस तरह की बातें लिखी हैं। उन्होंने ख्वाजा को अपनी कहानी बताने का पूरा अधिकार दिया, लेकिन साथ ही अपने बयानों के लिए जवाबदेही की जरूरत भी बताई। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने कहा, 'उस्मान मेरे दोस्त हैं, लेकिन दोस्त एक-दूसरे की जिंदगी और प्रतिष्ठा के साथ लापरवाही नहीं बरतते।'

उन्होंने आगे कहा, 'अपनी किताब में उन्होंने मेरी जिंदगी और कई दूसरे लोगों की जिंदगी के साथ-साथ ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को लेकर भी लापरवाही बरती है।' कमिंस ने यह भी कहा कि वह ख्वाजा के अपनी कहानी बताने के अधिकार का पूरा समर्थन करते हैं। उन्हें खुशी है कि ख्वाजा अपनी बात रखने में सहज महसूस कर रहे हैं, लेकिन जो कुछ भी कहा जाता है, उसकी जिम्मेदारी भी लेनी चाहिए। उन्होंने कहा, 'मैं उनका समर्थन करता हूं कि वह अपनी कहानी बताएं। मैं 100 प्रतिशत इसके पक्ष में हूं और खुश हूं कि वह ऐसा कर पा रहे हैं। लेकिन हमें अपनी कही और की गई बातों के लिए जवाबदेह भी होना चाहिए।'

Pat Cummins Calls Usman Khawaja's Sandpapergate Claims 'Utter Nonsense', Defends Australia's Bowlers
वॉर्नर, बैनक्रॉफ्ट और स्मिथ - फोटो : Twitter
क्या गेंदबाजों को गेंद से छेड़छाड़ की जानकारी थी?
ख्वाजा की किताब में ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख गेंदबाजों पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और नाथन लियोन की जानकारी को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। कमिंस ने इस पूरे गेंदबाजी समूह की ओर से बोलने से बचते हुए अपना पक्ष स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि वह स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और कैमरन बेनक्रॉफ्ट के अलावा टीम के किसी दूसरे खिलाड़ी की जानकारी या अनजान होने को लेकर कुछ नहीं कह सकते। इन तीनों खिलाड़ियों को सैंडपेपर विवाद सामने आने के बाद भारी सार्वजनिक आलोचना और नफरत का सामना करना पड़ा था।

कमिंस ने कहा, 'अगर हम सैंडपेपर को मैदान पर ले जाने की बात कर रहे हैं, तो मैं सिर्फ इतना कह सकता हूं कि मुझे इसकी जानकारी नहीं थी। मुझे नहीं पता कि उन तीन खिलाड़ियों के अलावा किसी और को इसकी जानकारी थी या नहीं, लेकिन मुझे नहीं थी।' उन्होंने इस दावे पर भी सवाल उठाया कि गेंद की स्थिति बदलने पर गेंदबाजों को आसानी से इसकी जानकारी हो सकती थी। कमिंस के मुताबिक, केपटाउन टेस्ट में बेनक्रॉफ्ट की हरकत सामने आने के बाद अंपायरों ने भी गेंद की जांच की थी, लेकिन इसके बावजूद खेल जारी रहा और टीम पर पांच रन की पेनाल्टी नहीं लगाई गई। उन्होंने कहा, 'उस समय अंपायरों ने भी गेंद की जांच की थी। हमें नहीं पता था कि सैंडपेपर से गेंद की स्थिति बदली गई है।'

Pat Cummins Calls Usman Khawaja's Sandpapergate Claims 'Utter Nonsense', Defends Australia's Bowlers
वॉर्नर, स्मिथ, ख्वाजा और बैनक्रॉफ्ट - फोटो : Twitter
'रिवर्स स्विंग सामान्य है, गेंद का पुराना होना भी आम बात'
कमिंस ने गेंद की स्थिति बदलने और रिवर्स स्विंग को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि क्रिकेट में गेंद का पुराना होना और उसकी सतह का खुरदरा होना सामान्य प्रक्रिया है। रिवर्स स्विंग भी खेल का हिस्सा है। ऐसे में हर बार गेंद की स्थिति में बदलाव को किसी बाहरी वस्तु के इस्तेमाल से जोड़ना सही नहीं है। उन्होंने कहा, 'रिवर्स स्विंग बिल्कुल सामान्य है। खेलते समय गेंद की सतह लगातार खुरदरी होती जाती है। यह पहचानना कई बार मुश्किल होता है कि ऐसा किसी बाहरी वस्तु के कारण हुआ है या खेल के वैध और सामान्य तरीकों से। लेकिन मैदान पर मुझे गेंद पर ऐसा कुछ दिखाई नहीं दिया।'

कमिंस ने ड्रेसिंग रूम में सैंडपेपर होने को भी असामान्य नहीं बताया। उन्होंने कहा कि लोग यह मान लेते हैं कि जब खिलाड़ी वैध तरीकों से गेंद की स्थिति बदलते हैं और अचानक सैंडपेपर का इस्तेमाल सामने आता है, तो इसके पीछे कोई बहुत बड़ी योजना जरूर रही होगी। लेकिन ऐसा नहीं था। उन्होंने कहा, 'लोग मान लेते हैं कि आप वैध तरीकों से अचानक सैंडपेपर इस्तेमाल करने लगते हैं और इसके पीछे कोई बहुत बड़ी योजना होगी। ऐसा नहीं है। इस मामले में संदर्भ और बारीकियां बहुत मायने रखती हैं।'

Pat Cummins Calls Usman Khawaja's Sandpapergate Claims 'Utter Nonsense', Defends Australia's Bowlers
कमिंस और स्मिथ - फोटो : IANS
'ख्वाजा की बातों में कई बड़े सवाल, विवरण स्पष्ट नहीं'
कमिंस ने ख्वाजा के दावों को अस्पष्ट बताते हुए कहा कि उनकी कहानी में कुछ ऐसी बातें हैं, जिनके बीच सीधा संबंध स्थापित नहीं किया गया है। उन्होंने माना कि संभव है कि कैमरन बेनक्रॉफ्ट और कुछ अन्य खिलाड़ियों के बीच सैंडपेपर को मैदान पर ले जाने को लेकर बातचीत हुई हो, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि ड्रेसिंग रूम में मौजूद हर खिलाड़ी को इसकी जानकारी थी।

उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि यहां कुछ बड़े निष्कर्ष निकाले गए हैं, जबकि उस्मान ने अपनी बात स्पष्ट नहीं की है। विवरण बहुत मायने रखते हैं। हो सकता है कि कैमरन बेनक्रॉफ्ट और कुछ अन्य खिलाड़ियों के बीच सैंडपेपर को बाहर ले जाने और उसका इस्तेमाल करने को लेकर बातचीत हुई हो, लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि ड्रेसिंग रूम में मौजूद हर व्यक्ति को पता था कि क्या हो रहा है।'

Pat Cummins Calls Usman Khawaja's Sandpapergate Claims 'Utter Nonsense', Defends Australia's Bowlers
कमिंस - फोटो : ANI
कमिंस ने दोहराया कि ख्वाजा ने लोगों की जिंदगी और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को लेकर काफी लापरवाही दिखाई है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ क्रिकेट का पुराना विवाद नहीं है, बल्कि इससे जुड़े खिलाड़ियों और उनके परिवारों की वास्तविक जिंदगी का मामला है। उन्होंने कहा, 'उस्सी मेरे दोस्त हैं। लेकिन मुझे लगता है कि उन्होंने लोगों की जिंदगी और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को लेकर काफी लापरवाही दिखाई है। मुझे नहीं लगता कि यह सही है।'

कमिंस ने कहा कि उन्होंने 15 साल तक ख्वाजा के साथ क्रिकेट खेला है। न्यू साउथ वेल्स और ऑस्ट्रेलियाई टीम में उनका साथ लंबा रहा है। इसलिए उनके लिए यह मामला और भी गंभीर है। उन्होंने कहा, 'यह लोगों की असल जिंदगी का मामला है और बेहद गंभीर है। इसका असर सिर्फ खिलाड़ियों पर नहीं, उनके परिवारों पर भी पड़ता है। आठ साल पहले यह उन खिलाड़ियों के लिए बेहद दर्दनाक था। यह हम सभी और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के लिए भी मुश्किल समय था।' कमिंस के इस बयान के बाद ख्वाजा की आत्मकथा में किए गए खुलासों को लेकर विवाद और गहरा गया है। अब इस मामले में सबकी नजर ख्वाजा की प्रतिक्रिया पर रहेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed