Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Matt Henry's Six-Wicket Haul, First-Over Triple Strike Demolish India as New Zealand Register Record Win

भारत के खिलाफ हेनरी ने कैसे बरपाया कहर?: छह विकेट लेकर बनाए कई रिकॉर्ड्स; रोहित-विराट का खाता नहीं खुलने दिया

Fri, 13 Nov 2026 03:05 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, माउंट माउंगानुई
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, माउंट माउंगानुई Published by: स्वप्निल शशांक Updated Fri, 13 Nov 2026 03:05 PM IST
सार

मैट हेनरी ने भारत के खिलाफ चौथे वनडे में 27 रन देकर छह विकेट लिए। उन्होंने पहले ही ओवर में रोहित शर्मा, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर को आउट कर भारतीय पारी को झकझोर दिया। हेनरी ने कई रिकॉर्ड बनाए और न्यूजीलैंड ने भारत को 244 रन से हराया।

विज्ञापन
Matt Henry's Six-Wicket Haul, First-Over Triple Strike Demolish India as New Zealand Register Record Win
मैट हेनरी - फोटो : PTI

विस्तार

न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने भारत के खिलाफ चौथे वनडे में ऐसा प्रदर्शन किया, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। उन्होंने पारी के पहले ही ओवर में रोहित शर्मा, विराट कोहली और कप्तान श्रेयस अय्यर को पवेलियन भेजकर भारतीय टीम की कमर तोड़ दी। इसके बाद हेनरी ने कुल छह विकेट लेकर भारत की पारी 89 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई। न्यूजीलैंड ने यह मुकाबला 244 रन से जीता। हेनरी को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। हेनरी ने 9.4 ओवर में 27 रन देकर छह विकेट लिए। यह वनडे में उनका चौथा पांच विकेट हॉल है। उनके इस प्रदर्शन के साथ ही भारत के खिलाफ और न्यूजीलैंड के गेंदबाजों के कई रिकॉर्ड भी चर्चा में आ गए।

विज्ञापन


विज्ञापन
Trending Videos

भारत के खिलाफ न्यूजीलैंड का दूसरा छह विकेट वाला प्रदर्शन
मैट हेनरी ने 27 रन देकर छह विकेट लिए। भारत के खिलाफ वनडे में न्यूजीलैंड के किसी गेंदबाज का यह दूसरा छह विकेट वाला प्रदर्शन है। उनसे पहले शेन बॉन्ड ने 2005 में बुलावायो में भारत के खिलाफ 19 रन देकर छह विकेट लिए थे। हेनरी ने इस सूची में अपना नाम दूसरे स्थान पर दर्ज करा लिया।

भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा चार या उससे अधिक विकेट लेने वालों में हेनरी
मैट हेनरी भारत के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा बार चार या उससे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंच गए हैं। उन्होंने भारत के खिलाफ 12 पारियों में चार बार यह कारनामा किया है। इस सूची में वेस्टइंडीज के रवि रामपॉल, श्रीलंका के अजंता मेंडिस और ऑस्ट्रेलिया के ब्रेट ली भी चार-चार बार ऐसा कर चुके हैं।  हेनरी ने बाकी गेंदबाजों के मुकाबले कम पारियों में चार बार यह उपलब्धि हासिल की है। भारत के खिलाफ उनकी गेंदबाजी की निरंतरता का अंदाजा इसी आंकड़े से लगाया जा सकता है।

भारत के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा चार या उससे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज

गेंदबाज पारियां चार या उससे अधिक विकेट
मैट हेनरी 12 4
रवि रामपॉल 14 4
अजंता मेंडिस 19 4
ब्रेट ली 30 4
आकिब जावेद 36 4

 

विज्ञापन

न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा पांच विकेट हॉल लेने वालों में शामिल
भारत के खिलाफ छह विकेट लेने के साथ हेनरी न्यूजीलैंड के लिए वनडे में सबसे ज्यादा पांच विकेट हॉल लेने वाले गेंदबाजों की सूची में भी संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उनके नाम अब चार पांच विकेट हॉल हैं। इस सूची में ट्रेंट बोल्ट छह बार ऐसा करके पहले स्थान पर हैं। सर रिचर्ड हैडली पांच बार पांच विकेट ले चुके हैं।

न्यूजीलैंड के लिए वनडे में सबसे ज्यादा पांच विकेट हॉल
गेंदबाज पांच विकेट हॉल
ट्रेंट बोल्ट 6
सर रिचर्ड हैडली 5
शेन बॉन्ड 4
मैट हेनरी 4
टिम साउदी 3
 

 

विज्ञापन

Matt Henry's Six-Wicket Haul, First-Over Triple Strike Demolish India as New Zealand Register Record Win
रोहित को आउट करने के बाद हेनरी - फोटो : Twitter
भारत के खिलाफ दो बार पांच विकेट हॉल लेने वाले न्यूजीलैंड के गेंदबाज
मैट हेनरी भारत के खिलाफ वनडे में एक से ज्यादा बार पांच विकेट हॉल लेने वाले न्यूजीलैंड के चुनिंदा गेंदबाजों में शामिल हैं। उनके नाम भारत के खिलाफ दो बार यह उपलब्धि दर्ज है। इस सूची में शेन बॉन्ड के नाम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन और ट्रेंट बोल्ट के नाम दो पांच विकेट हॉल हैं। बेन सीयर्स ने पाकिस्तान के खिलाफ दो बार पांच विकेट लिए हैं।

एक विपक्षी टीम के खिलाफ कई पांच विकेट हॉल लेने वाले न्यूजीलैंड के गेंदबाज
गेंदबाज विपक्षी टीम पांच विकेट हॉल
शेन बॉन्ड ऑस्ट्रेलिया 3
ट्रेंट बोल्ट ऑस्ट्रेलिया 2
बेन सीयर्स पाकिस्तान 2
मैट हेनरी भारत 2
 

 

पहले ओवर में तीन विकेट लेकर भारत को बैकफुट पर धकेला
मैट हेनरी ने भारतीय पारी के पहले ही ओवर में मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने पहली गेंद पर रोहित शर्मा को फिन एलन के हाथों कैच कराया। इसके बाद पांचवीं गेंद पर विराट कोहली को बोल्ड कर दिया। ओवर की आखिरी गेंद पर श्रेयस अय्यर एलबीडब्ल्यू आउट हुए। इस तरह हेनरी ने पहले ही ओवर में मेडन रखते हुए तीन विकेट झटक लिए।

भारत ने पहले ओवर में कोई रन नहीं बनाया और तीन विकेट गंवा दिए। इसके बाद पांचवें ओवर में ऋतुराज गायकवाड़ भी पांच रन बनाकर आउट हो गए। भारतीय टीम ने पहले 10 ओवर में चार विकेट गंवाकर सिर्फ 26 रन बनाए। यह 2018 के बाद वनडे में भारत का पहले 10 ओवर का छठा सबसे कम स्कोर है।

2018 के बाद वनडे में भारत के पहले 10 ओवर के सबसे कम स्कोर
स्कोर विपक्षी टीम मैदान साल
21/3 ऑस्ट्रेलिया सिडनी 2019
22/4 न्यूजीलैंड वेलिंगटन 2019
24/4 न्यूजीलैंड ओल्ड ट्रैफर्ड 2019
24/2 दक्षिण अफ्रीका लखनऊ 2022
26/1 ऑस्ट्रेलिया मेलबर्न 2019
26/4 न्यूजीलैंड माउंट माउंगानुई 2026

इस सूची में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत के दो खराब पावरप्ले स्कोर शामिल हैं। 2019 में वेलिंगटन में भारत ने 10 ओवर में 22 रन पर चार विकेट गंवाए थे। उस मैच में भी मैट हेनरी ने 10 रन देकर दो विकेट लिए थे। 2019 विश्व कप में ओल्ड ट्रैफर्ड में भारत का स्कोर 10 ओवर में 24 रन पर चार विकेट था। उस मुकाबले में हेनरी ने 13 रन देकर तीन विकेट लिए थे।

Matt Henry's Six-Wicket Haul, First-Over Triple Strike Demolish India as New Zealand Register Record Win
मैट हेनरी - फोटो : ANI
हेनरी बोले- गेंद को स्टंप के आसपास रखने की थी कोशिश
प्लेयर ऑफ द मैच चुने जाने के बाद मैट हेनरी ने अपनी गेंदबाजी की रणनीति और पहले ओवर में मिली सफलता के बारे में बात की। उन्होंने कहा, ‘हवा बहुत तेज चल रही थी और हम चीजों को सरल रख रहे थे। यह मजेदार है कि जब आप एक साधारण रणनीति के साथ गेंदबाजी करने की कोशिश कर रहे होते हैं, तो ऐसा हो जाता है। इसमें थोड़ी किस्मत का भी साथ रहा। एक शॉट थोड़ा नीचे लगा था, शायद हवा ने मुझे थोड़ा साइड में धकेल दिया।’

अपनी गेंदबाजी की योजना के बारे में हेनरी ने कहा, ‘हवा जिस दिशा में चल रही थी, उसे देखते हुए मैं स्विंग को लेकर बहुत चिंतित नहीं था। पहली गेंद से ही कोशिश थी कि अपनी ताकत के मुताबिक गेंदबाजी करूं और स्टंप को खेल में रखूं। हमें पता था कि नई गेंद से एक छोटा सा मौका मिलेगा, जिसमें बल्लेबाजों पर दबाव बनाया जा सकता है। हम चीजों को जितना संभव हो सके, उतना सरल रखना चाहते थे।’

भारत के खिलाफ अपनी सफलता पर हेनरी ने कहा, ‘मैं इसे लेकर बहुत ज्यादा उत्साहित नहीं होना चाहता। भारतीय टीम विश्व स्तरीय है। हम लगातार यही बात कर रहे थे कि उनकी बल्लेबाजी काफी गहरी है। यह सिर्फ एक मैच है और हमारे पास जल्द ही एक और मुकाबला है, जिसमें उम्मीद है कि हम सीरीज बराबर कर सकेंगे।’ हेनरी ने बताया कि अब उनका ध्यान टेस्ट क्रिकेट की तैयारी पर होगा। उन्होंने कहा कि वह टेस्ट टीम के साथ जुड़ेंगे और अगले सप्ताह से शुरू होने वाले मुकाबले के लिए लाल गेंद से अभ्यास करेंगे।

चोट से वापसी के बाद शानदार प्रदर्शन
हेनरी ने बताया कि पिछले कुछ समय में उनका साल थोड़ा उतार-चढ़ाव भरा रहा। डेवोन कॉनवे के साथ सिर टकराने की घटना के कारण उनकी वापसी में देरी हुई। उन्होंने कहा, ‘यह आदर्श स्थिति नहीं थी। डेव (डेवोन कॉनवे) के साथ सिर टकराना अच्छा नहीं रहा। इसमें मेरी भी थोड़ी जिम्मेदारी थी। इससे वापसी की प्रक्रिया कुछ पीछे चली गई, लेकिन शुक्र है कि अब सब ठीक है।’

उन्होंने चोट के बाद सावधानी बरतने को अहम बताया। हेनरी के मुताबिक, सिर में चोट लगने के बाद जल्दबाजी नहीं की जा सकती और इसी वजह से उनकी वापसी में कुछ समय लगा। अब वह न्यूजीलैंड के व्यस्त घरेलू सत्र को देखते हुए खुद को आगे के मुकाबलों के लिए तैयार कर रहे हैं। हेनरी ने 2025 से अब तक वनडे में 14 मैच खेले हैं और 37 विकेट लिए हैं। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 16.29 और स्ट्राइक रेट 19.6 रहा है। उनका इकॉनमी रेट 4.97 का है। भारत के खिलाफ चौथे वनडे में छह विकेट लेकर उन्होंने एक बार फिर साबित किया कि नई गेंद से वह कितने प्रभावी साबित हो सकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed