IND vs NAM Playing-11: अभिषेक की जगह ओपनिंग करेंगे संजू, क्या ईशान भी होंगे बाहर? टीम प्रबंधन की चिंताएं बढ़ीं
IND vs NAM Playing 11 Prediction, T20 World Cup 2026: भारत ने सात फरवरी को यूएसए के विरुद्ध 29 रन से जीत दर्ज की थी। नामीबिया के खिलाफ मुकाबले के बाद भारतीय टीम 15 फरवरी को पाकिस्तान से भिड़ेगी, जिसके बाद 18 फरवरी को उसका सामना नीदरलैंड से होगा।
विस्तार
नामीबिया के खिलाफ भारत का पलड़ा बहुत भारी है जिसकी टीम इसी मैदान पर नीदरलैंड के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई थी। इस तरह से देखा जाए तो भारत के लिए पाकिस्तान के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले महत्वपूर्ण मैच से पहले यह मैच अभ्यास मैच की तरह है। भारत अगर टॉस जीतता है तो वह पहले बल्लेबाजी करना चाहेगा ताकि उसके बल्लेबाजों को पर्याप्त अवसर मिल सके। नामीबिया का गेंदबाजी आक्रमण खास नहीं है और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेल रही कोई भी टीम उसको छठी का दूध याद दिला सकती है।
भारत के लिए पेट के संक्रमण और वायरल बुखार के कारण अभिषेक का अस्पताल में भर्ती होना चिंताजनक था। हालांकि, अब उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा चुका है। पर ठीक होने के तुरंत बाद खिलाने का जोखिम टीम मैनेजमेंट नहीं उठाना चाहेगा। पर हम सब अभिषेक के जुझारूपन से भलीभांति वाकिफ हैं। वह एक फाइटर खिलाड़ी माने जाते हैं जो चुनौतियों से नहीं डरते। ऐसे में वह मैनेजमेंट को मनाकर मैदान पर उतर जाएं तो हमें आश्चर्य नहीं होगा।
हालांकि, रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले बड़े मैच से पहले उन्हें पूरी तरह से ठीक होने का मौका देने के लिए मैदान पर उतारना उचित नहीं होगा, क्योंकि उस मैच में अभिषेक की मौजूदगी विपक्षी टीम के लिए एक महत्वपूर्ण चुनौती साबित होगी। नामीबिया के खिलाफ मैच खराब फॉर्म से जूझ रहे संजू सैमसन के लिए लय में लौटने का एक सुनहरा मौका साबित हो सकता है, क्योंकि लगातार असफलताओं के चलते उन्हें अपनी जगह ईशान किशन के हाथों गंवानी पड़ी, जो इस समय शानदार फॉर्म में हैं।
हालांकि, समस्या ईशान के साथ भी है। बुधवार को ईशान किशन को ऑप्शनल प्रैक्टिस सेशन के दौरान जसप्रीत बुमराह की तेज यॉर्कर लगने से पैर के अंगूठे में चोट लग गई। ईशान किशन नेट्स में सबसे पहले पैड पहनकर आए थे, लेकिन अपने सेशन की शुरुआत में ही, बुमराह की एक यॉर्कर उनके बाएं पैर में लगी, जिससे उन्हें बहुत दर्द हुआ। इसके बाद सपोर्ट स्टाफ ने उनका बायां पैड और जूता खोला। ईशान दर्द में नजर आ रहे थे। इस बीच फिजियो के आकलन के दौरान बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्कल ने भी उनकी चोट को जांचा। कुछ मिनट बाद, किशन ने नंगे पैर चलने की कोशिश की, लेकिन वह लंगड़ा रहे थे।
हालांकि, वह ऐसे संकेत दे रहे थे कि चोट उतनी गंभीर नहीं थी जितनी शुरू में डर था। पांच मिनट के अंदर, किशन ने अपना जूता वापस पहना, फिर से पैड पहने और कुछ गेंदों का सामना करने के लिए वापस आए। वह थोड़ा असहज दिखे और फिर एक बार बाहर निकले और एक स्टाफ मेंबर के साथ ड्रेसिंग रूम में वापस चले गए। यह स्पष्ट नहीं था कि उन्होंने एहतियातन नेट्स जल्दी छोड़ दिया या बस टीम के साथी संजू सैमसन को बैटिंग का समय दे दिया।
वीडियो में देखें ईशान को कैसे लगी चोट?
Jasprit Bumrah bowled a storm-like yorker that completely beat Ishan Kishan. The ball hit Ishan’s foot hard, and he fell to the ground in pain.
— 𝐑𝐮𝐬𝐡𝐢𝐢𝐢⁴⁵ (@rushiii_12) February 12, 2026
Bumrah bro, please go a little easy that kind of treatment is meant for the opposition Pakistani players, not our own players in the… pic.twitter.com/qUKz4z1uis
मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में सहायक कोच रेयान टेन डेशकाटे ने कहा, 'संजू अच्छा महसूस कर रहे हैं और चोटिल खिलाड़ी के स्थान पर टीम में अपनी भूमिका को समझ रहे हैं। वह एक नेक इंसान हैं, टीम के साथ उनका व्यवहार अच्छा है, वह अच्छी तरह से अभ्यास कर रहे हैं और टीम में हम सभी से यही उम्मीद करते हैं।' अगर ईशान और अभिषेक दोनों ही नहीं खेलते हैं, तो टीम मैनेजमेंट के लिए बड़ी समस्या होगी। ऐसे में टीम संजू और वॉशिंगटन सुंदर से ओपनिंग करा सकता है।
भारत की मजबूत बल्लेबाजी को रोकना नामीबिया के लिए कड़ी चुनौती होगी। उनके बल्लेबाजों के लिए जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती और हार्दिक पंड्या की गेंदों का सामना करना और भी चुनौतीपूर्ण होगा। नामीबिया के शीर्ष छह बल्लेबाजों में से केवल ऑलराउंडर जेजे स्मिट का स्ट्राइक रेट 140 से अधिक है। चक्रवर्ती का सामना करना नामीबिया की टीम के लिए बहुत बड़ी चुनौती हो सकती है क्योंकि वे आमतौर पर इतने उच्च स्तर के गेंदबाजों का सामना नहीं करते हैं।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की कार्यक्रम बनाने वाली टीम ने यह सुनिश्चित किया कि पाकिस्तान के खिलाफ व्यावसायिक रूप से महत्वपूर्ण मैच को छोड़कर भारत के लीग चरण के बाकी मैच ऐसी टीमों के खिलाफ हों जो इस प्रारूप में भारत की ए, बी या सी टीम से भी हार जाएंगी। टूर्नामेंट से पहले एक अभ्यास मैच में भारत ए ने नामीबिया को 100 से कम रन पर आउट कर दिया था। अगर पाकिस्तान के खिलाफ मैच में कुछ गड़बड़ भी हो जाए तब भी भारत सुपर आठ में पहुंच जाएगा, जहां असली परीक्षा शुरू होगी। वहां भी ग्रुप इस तरह से तैयार किए गए हैं कि अगर भारत सेमीफाइनल में पहुंचता है तो उसे न तो ऑस्ट्रेलिया और न ही दक्षिण अफ्रीका का सामना करना पड़ेगा।
भारत की संभावित प्लेइंग-11: संजू सैमसन, ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह।
नामीबिया की संभावित प्लेइंग-11: लॉरेन स्टीनकैंप, जान फ्रायलिंक, जान निकोल लॉफ्टी-ईटन, गेरहार्ड इरास्मस (कप्तान), जेजे स्मिट, ज़ेन ग्रीन (विकेटकीपर), डिलन लीचर, रूबेन ट्रम्पेलमैन, विलेम मिबर्ग, बर्नार्ड शोल्ट्ज, मैक्स हिंगो।