दिनेश कार्तिक ने खेली उम्दा पारी, अभ्यास मैच के पहले दिन भारत ने छह विकेट खोकर बनाए 322 रन
कप्तान विराट कोहली की अगुआई में चार बल्लेबाजों के अर्द्ध्रशतकों के दम पर भारत ने खराब शुरुआत से उबरते हुए एसेक्स के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच में शानदार वापसी करते हुए छह विकेट पर 322 रन बना लिए हैं। पहले दिन का खेल खत्म होने पर दिनेश कार्तिक 82 और हार्दिक पांड्या 33 रन बनाकर क्रीज पर थे। यह दोनों सातवें विकेट के लिए 61 रन की अटूट साझेदारी कर चुके हैं। कार्तिक 94 गेंदों का सामना कर 14 चौके तो पांड्या 58 गेंदों में छह चौके जड़ चुके हैं।
भारत की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने तीसरे ओवर में ही मात्र पांच रन के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिए थे। कप्तान कोहली (68) और सलामी बल्लेबाजा मुरली विजय (53) ने चौथे विकेट के लिए 90 रन जोड़कर टीम को खराब शुरुआत से उबारा। इन दोनों के हालांकि 13 रन के भीतर पवेलियन लौटने के बाद लोकेश राहुल (58) और दिनेश कार्तिक ने अर्द्धशतक लगाने अलावा छठे विकेट के लिए 114 रन की साझेदारी करके भारतीय पारी को संवारा।
शिखर पहली ही गेंद पर आउट तो पुजारा ने सात गेंद में बनाया एक रन : कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया लेकिन टीम की शुरुआत खराब रही। सलामी बल्लेबाज शिखर धवन अपनी पहली और पारी की तीसरी ही गेंद पर विकेटकीपर जेम्स फास्टर को कैच दे बैठे। उन्हें मैट कोल्स ने आउट किया। कोल्स ने अपने अगले ओवर में खराब फॉर्म से जूझ रहे चेतेश्वर पुजारा को भी पवेलियन की राह दिखा दी। वह सात गेंद में एक रन ही बना पाए। उनका कैच भी फास्टर ने लपका।
राहुल-कार्तिक ने तेजी से बटोरे रन
विजय और अजिंक्य रहाणे (17) ने इसके बाद 15 ओवर में एसेक्स के गेंदबाजों को सफलता हासिल नहीं करने दी। जब लग रहा था कि इन दोनों बल्लेबाजों ने मुश्किल समय बिता दिया है तब रहाणे भी मैथ्यू क्विन की गेंद पर फास्टर को कैच दे पवेलियन लौट गए। विजय-कोहली ने जमाया रंग : विजय को कप्तान कोहली के रूप में इसके बाद उम्दा जोड़ीदार मिला। विजय ने जहां ठोस बल्लेबाजी का नजारा पेश किया वहीं कोहली ने स्वच्छंद होकर बल्लेबाजी की। उन्होंने कई आकर्षक शॉट खेले।
विजय ने क्विन की गेंद पर चौके के साथ 104 गेंदों में अर्द्धशतक पूरा किया तो कोहली ने पाल वाल्टर की गेंद पर लगातार दो चौकों के साथ 67 गेंद में 50 रन पूरे किए। विजय हालांकि अर्द्धशतक पूरा करने के बाद वाल्टर की गेंद पर बोल्ड हो गए। उन्होंने 113 गेंदों की अपनी पारी में सात चौके लगाए। कोहली भी इसके बाद अधिक देर नहीं टिक सके और वाल्टर की ही गेंद पर वरुण चोपड़ा को कैच दे बैठे। उन्होंने 93 गेंदों का सामना करते हुए 12 चौके जड़े।
राहुल-कार्तिक ने तेजी से बटोरे रन : राहुल और कार्तिक ने इसके बाद तेजी से बल्लेबाजी की। दोनों ने ढीली गेंदों को सबक सिखाने में कोई कोताही नहीं बरती और बल्लेबाजी के लिए आसान हो चुके हालात का पूरा फायदा उठाया। राहुल ने 77 और कार्तिक ने 51 गेंदों में अर्द्धशतक पूरा किया।
राहुल हालांकि जब काफी अच्छी लय में दिख रहे थे तब बाएं हाथ के स्पिनर आरोन निज्जर की गेंद पर मैट डिक्सन को कैच दे बैठे। उन्होंने 92 गेंदों का सामना करते हुए 12 चौके मारे। इसके बाद आए पांड्या ने भी खूब हाथ खोले। उन्होंने कार्तिक का अच्छा साथ दिया और टीम को कोई झटका नहीं लगने दिया।