यूनुस और इंजमाम ने टीम इंडिया के खिलाफ खेली थी ऐसी ही रिकॉर्डतोड़ पारियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कैपटाउन में दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में भले ही मेजबान टीम की हालत खराब दिख रही हो, लेकिन मैच के दौरान बने कुछ रिकॉर्ड्स ने प्रशंसकों में इस मैच की दिलचस्पी बढ़ा दी है।
ऐसा ही एक अनोखा रिकॉर्ड बना इस मैच में जब इंग्लैंड की ओर से टीम के पांचवें नंबर के बल्लेबाज जेम्स टेलर खाता खोले बगैर ही आउट हो गए और इसके बाद क्रीज पर आए दोनों बल्लेबाजों ने 150 या उससे ज्यादा का स्कोर कर दिया। टेलर के बाद छठे नंबर पर बेन स्टोक्स ने तूफानी पारी खेलकर 258 रन बनाए जबकि उसके बाद आए जॉनी बैरेस्टो ने नाबाद 150 रनों की पारी खेली।
इससे पहले टेस्ट में किसी भी टीम के बल्लेबाज के 0 पर आउट होने के बाद अगले 2 बल्लेबाजों ने 150 का स्कोर 2005 में पाकिस्तान के बल्लेबाजों ने टीम इंडिया के खिलाफ किया था। बंगलुरू में खेले गए टेस्ट मैच में ओपनिंग करने गए शाहिद अफरीदी 0 पर आउट हो गए फिर इसके बाद यूनस खान ने 267 और इंजमाम-उल-हक ने 184 रनों की पारी खेली। पाकिस्तान यह मैच जीतने में कामयाब रहा था।
इन दोनों ही मैचों की खासियत यह रही कि 0 पर बल्लेबाज को खोने के बाद अगले बल्लेबाज ने दोहरा शतक लगाया फिर दूसरे बल्लेबाज ने 150 से ज्यादा का स्कोर किया।
छक्का मारकर स्टोक्स ने तोड़ा सहवाग को सबसे तेज 250 रन का रिकॉर्ड
ऑलराउंडर बेन स्टोक्स (258) के धमाकेदार दोहरे शतक के अलावा जॉनी बैरेस्टो (नाबाद 150) की बेहतरीन पारियों के दम पर इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन 6 विकेट पर 629 रन बनाकर पहली पारी घोषित कर दी। स्टोक्स और बैरेस्टो ने छठे विकेट पर 399 रनों की साझेदारी कर नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया।
इसके बाद दक्षिण अफ्रीका ने खराब शुरुआत के बाद हाशिम अमला (नाबाद 64) ने ओपनर डीन एल्गर (44) के साथ दूसरे विकेट के लिए 78 रनों की और फिर एबी डीविलियर्स (नाबाद 25) के साथ तीसरे विकेट के लिए अटूट 56 रनों की साझेदारी कर टीम को थोड़ा राहत देने की कोशिश की। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक अफ्रीकी टीम ने 2 विकेट पर 141 रन बना लिए थे। अफ्रीकी सलामी बल्लेबाज वान जिल (4) तीसरे ओवर में रन आउट हो गए।
इससे पहले इंग्लैंड के स्टोक्स ने बेहतरीन फॉर्म और गजब का आक्रामक रुख दिखाते हुए दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उन्होंने 198 गेंदों की अपनी पारी के दौरान स्टोक्स ने 30 चौके और 11 छक्के लगाए। उन्होंने अपना दोहरा शतक 163 गेंदों पर पूरा कर लिया था। यह टेस्ट क्रिकेट में दूसरा सबसे तेज दोहरा शतक है। न्यूजीलैंड के नाथन एस्ले ने इंग्लैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च में 2001-02 में 153 गेंदों पर दोहरा शतक लगाया था। स्टोक्स ने अपने 250 रन रबादा की गेंद पर छक्का मारकर 196 गेंदों पर पूरे किए। इसके साथ ही उन्होंने भारत के वीरेंद्र सहवाग के 2009 में श्रीलंका के खिलाफ सबसे तेजी से बनाए गए 250 रनों के रिकॉर्ड को 11 गेंदों के अंतर से तोड़ दिया।
अगली गेंद पर स्टोक्स ने फिर छक्का मारा और फिर ऐसा ही करने के प्रयास में मिडऑन पर गेंद उछाल दी। डीविलियर्स कैच तो नहीं पकड़ पाए लेकिन सीधे थ्रो से उन्होंने स्टोक्स को रनआउट जरूर कर दिया।