भारत में बनेगा दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम, जानिए कहां
क्रिकेट की लोकप्रियता भारत से बढ़कर कहीं और नहीं। एक कदम और आगे बढ़कर गुजरात में दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम बनने जा रहा है। शुक्रवार को गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन ने इस बात पर मुहर लगाई।
डीएनए की खबर के मुताबिक, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का सपना जल्द ही पूरा होने वाला है।
गुजरात का सरदार पटेल स्टेडियम को ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न स्टेडियम की तरह बनाया जा रहा है। अभी तक मेलबर्न ही दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम माना जाता है। लेकिन जल्द ही इसकी जगह गुजरात का सरदार पटेल स्टेडियम इसकी जगह ले लेगा।
इस स्टेडियम से जुड़ी हैं कई ऐतिहासिक यादें
गुजरात में बन रहे इस भव्य क्रिकेट स्टेडियम की खास बात यह है कि इसमें 1 लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। पिछले दो साल से इस स्टेडियम को तैयार किया जा रहा है। इस काम में अभी चार माह और लगेंगे।
वर्तमान में इस स्टेडियम में दर्शकों की क्षमता 54 हजार है। गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के मुताबिक, यह नाकाफी नहीं है। इस स्टेडियम में कई खास यादें जुड़ी हुई है।
पूर्व भारतीय कप्तान और लिटिल मास्टर सुनील गावस्कर इसी मैदान में 10 हजार रन बनाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने थे। इसके अलावा कपिल देव ने इसी मैदान में अपना 432वां टेस्ट विकेट झटका था।
इसके बाद उन्होंने विवियन रिचर्ड्स के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली थी। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने इसी मैदान में टेस्ट करियर की पहली डबल सेंचुरी जमाई थी।