भारत शनिवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ फ्लोरिडा में खेले जाने वाले तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच की सीरीज के पहले मुकाबले में नए रंग में नजर आ सकता है। विश्व कप 2019 में हार के बाद पहली बार मैदान पर उतरने वाली टीम इंडिया के जेहन में अब भविष्य का रोडमैप तैर रहा होगा।
पंत से लेकर अय्यर तक, जल्द ही टीम इंडिया की जान बन सकते हैं ये पांच युवा खिलाड़ी
ऋषभ पंत
वेस्टइंडीज दौरा ऋषभ पंत के करियर का एक अहम पड़ाव माना जा सकता है। पिछले कुछ समय से महेंद्र सिंह धोनी के उत्तराधिकारी के रूप में देखे जा रहे पंत का खेल और स्टाइल टी-20 क्रिकेट के मुफीद बैठता है। पंत के पास टैलंट है, जज्बा है और शॉट हैं लेकिन उनका शॉट सिलेक्शन हमेशा सवालों के घेरे में है।
अब धोनी की गैरमौजूदगी में पंत के पास इस सीरीज में मौका होगा कि वह खुद को एक बार फिर साबित करें। 21 साल के पंत ने आईपीएल में 162 से अधिक स्ट्राइक रेट से 1736 रन बनाए हैं। और टीम चाहेगी कि आईपीएल अंदाज को वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी दोहराएं। अगले साल टी-20 वर्ल्ड कप होना है, ऐसे में पंत का फॉर्म में होना बहुत जरूरी है।
खलील अहमद
खलील अहमद विश्व कप 2019 टीम में चुने जाने से सिर्फ एक कदम दूर थे। आईपीएल 2019 में अपने खेल से उन्होंने चयनकर्ताओं को बेहद प्रभावित किया था। शायद यही कारण था कि सिलेक्टर्स टीम घोषणा के दौरान उनका नाम लेने से खुद को रोक नहीं पाए।
जहीर खान के बाद भारत को लंबे समय बाद एक बाएं हाथ का ऐसा पेसर मिला है, जिसके भीतर क्षमता और कला दोनों नजर आती है। जरूरत है तो बस लय और निरंतरता की। पिछले एक साल में भारत 'ए' की ओर से खेलते हुए 14 मुकाबलों में 26 विकेट चटकाने वाले 21 वर्षीय खलील ने कटर्स और स्लोअर्स का मिश्रण कर दुनियाभर के हर बल्लेबाज को चौंकाया है। आने वाले दिनों में राजस्थान का यह गेंदबाज भारतीय पेस बैटरी की जान बन सकता है।
श्रेयस अय्यर
मुंबई का यह बल्लेबाज करीब दो साल बाद टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी कर रहा है। वह वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 में अच्छा प्रदर्शन करके वनडे टीम में भी अपना दावा मजबूत करना चाहेंगे। अंतरराष्ट्रीय टी-20 में भले ही उनका रिकॉर्ड बहुत अच्छा न हो. लेकिन 24 वर्षीय इस बल्लेबाज ने सैयद मुश्ताक अली और आईपीएल में दमदार खेल दिखाया है।
उन्होंने 78 टी-20 मैचों में 1978 रन बनाए हैं। वेस्टइंडीज ए के खिलाफ हाल ही में खेले गए अनधिकृत वनडे मैचों में उन्होंने भारत ए की ओर से 47 और 61 रन बनाए थे। हालांकि यह देखना दिलचस्प होगा टीम प्रबंधन उन्हें किस नंबर पर बल्लेबाजी करने का मौका देता है। अय्यर का अच्छा प्रदर्शन भारत की नंबर चार की कमी को भी पूरा कर सकता है।
नवदीप सैनी
IPL में अपनी दनदनाती बाउंसर से शेन वॉटसन जैसे धुरंधर बल्लेबाज के हेलमेट को डैमेज करने वाले नवदीप सैनी का नाम हर ओर छाया हुआ है। चिन्नास्वामी के फ्लैट ट्रैक में अपनी गति और धारदार गेंदबाजी से दिग्गजों को परेशान करने वाला यह गेंदबाज आईपीएल 2019 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए दूसरा सर्वाधिक विकेट लेने वाला खिलाड़ी था।
13 मैच में 11 विकेट चटकाने वाले सैनी मूलत: हरियाणा के रहने वाले हैं। गौतम गंभीर की खोज माने जाने वाले नवदीप के लिए पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर दिल्ली के चयनकर्ताओं तक से भिड़ गए थे। 25 वर्षीय यह पेसर लगातर 145 kmph की रफ्तार निकालने की ताकत रखता है। विश्व कप 2019 में टीम इंडिया के अतिरिक्त खिलाड़ी रहे नवदीप भारत के लिए वही कमाल कर सकते हैं जो इंग्लैंड के लिए जोफ्रा आर्चर कर रहे हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज में नवदीप को ब्लू जर्सी में देखने के लिए हर क्रिकेटप्रेमी लालायित होगा।